आईपीएल 2022 के लिए मेगा ऑक्शन का आयोजन 12 और 13 फरवरी को बेंगलुरू में होना है। इस बार मेगा ऑक्शन में 10 टीमें शामिल होंगी, जो खिलाड़ियों पर बोली लगाएंगी। हालांकि, मेगा ऑक्शन में अधिकतम 217 खिलाड़ी खरीदे जा सकते हैं। दो दिन तक चलने वाले मेगा ऑक्शन में कुल 590 खिलाड़ी शामिल होंगे। इसमें तेज गेंदबाज एस श्रीसंत भी शामिल हैं। राजस्थान रॉयल्स की टीम के लिए आईपीएल खेल चुके श्रीसंत ने भी मेगा ऑक्शन के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है।
श्रीसंत ने अपना बेस प्राइस 50 लाख रुपये रखा है। टीम इंडिया के लिए टेस्ट में कमाल करने वाले पुजारा का बेस प्राइस भी 50 लाख रुपये ही है। हालांकि, श्रीसंत को कोई भी खरीददार मिलना मुश्किल है।
2013 में खेला था आखिरी आईपीएल मैच
एस श्रीसंत ने अपना आखिरी आईपीएल मैच साल 2013 में खेला था। इस सीजन वो राजस्थान रॉयल्स की टीम के लिए खेले थे। इसी साल राजस्थान के तीन खिलाड़ी अजीत चंदील, अंकित च्वहाण और एस श्रीसंत स्पॉट फिक्सिंग के मामले में दोषी पाए गए थे। इसके बाद तीनों खिलाड़ियों को टीम से बाहर कर दिया गया था और इनके क्रिकेट खेलने पर बैन लगा दिया गया था। श्रीसंत पर लगा बैन खत्म हो चुका है और वो घरेलू क्रिकेट में वापसी भी कर चुके हैं। अब वो आईपीएल में भी वापसी करना चाह रहे हैं।
कैसा रहा श्रीसंत का करियर
श्रीसंत ने 2008 से लेकर 2013 के बीच कुल 44 आईपीएल मैच खेले। इस दौरान उन्होंने 8.14 के इकोनॉमी रेट से रन लुटाए और 40 विकेट लिए। बल्ले के साथ उन्होंने इस लीग में कुल 34 रन बनाए। वहीं श्रीसंत कई बार विवादों में रहे। आईपीएल के पहले सीजन में श्रीसंत पंजाब की टीम के लिए खेलते थे। इस सीजन में हरभजन सिंह ने उन्हें एक मैच के बाद थप्पड़ मार दिया था। इस घटना को लेकर काफी विवाद हुआ था।