बांग्लादेश के अपना गेंदबाजी कोच चुनने के 2 दिन के अंदर 5 बार की वर्ल्ड चैंपियन टीम ऑस्ट्रेलिया ने भी अपना बॉलिंग कोच चुन लिया है। हालांकि बांग्ला टीम ने एक पूर्व विदेशी क्रिकेटर को बॉलिंग कोच बनाया है तो ऑस्ट्रेलिया ने अपने ही पूर्व गेंदबाज को कोचिंग का मौका दिया है।
ऑस्ट्रेलिया ने पूर्व तेज गेंदबाज रेयान हैरिस को टीम का नय गेंदबाजी कोच बनाया है। वह दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज से दायित्व संभालेंगे। दूसरी ओर, बांग्लादेश टीम के नए बॉलिंग कोच वेस्टइंडीज के कर्टनी वॉल्श होंगे जो अपने समय के सबसे ज्यादा टेस्ट विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे।
36 वर्षीय हैरिस ने पिछले साल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया था। उन्होंने 27 टेस्ट मैचों में 113 विकेट लिए थे लेकिन घुटने में लगातार चोट के कारण उन्हें संन्यास का कड़ा फैसला लेना पड़ा। 21 वनडे में 44 विकेट उनके खाते में हैं।
इससे पहले ऑस्ट्रेलिया की अंडर-19 टीम के कोच भी रहे। हैरिस के साथ डेविड सेकर को टीम का नया सहायक प्रशिक्षक बनाया गया है।
दक्षिण अफ्रीकी दौरे में ऑस्ट्रेलिया को पांच वनडे खेलने हैं और पहला वनडे 27 सितंबर को खेला जाएगा। इसके अलावा एक वनडे उन्हें आयरलैंड के खिलाफ भी खेलना है। कंगारू टीम के मुख्य कोच डेरेन लेहमैन हैं।