यह इस आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स की पहली हार है। टीम तीन मैचों में दो जीत और एक हार के साथ चार अंक की बदौलत प्वाइंट्स टेबल में टॉप पर मौजूद है। वह नेट रन रेट में सबसे आगे है। वहीं, रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम तीन मैचों में दो जीत और एक हार और चार अंकों के साथ प्वाइंट्स टेबल में छठे स्थान पर है।
प्वाइंट्स टेबल क्रेडिट: अमर उजाला
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान की शुरुआत खराब रही। यशस्वी जायसवाल चार रन बनाकर आउट हुए। उन्हें डेविड विली ने क्लीन बोल्ड किया। यशस्वी छह गेंदों पर चार रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद देवदत्त पडिक्कल ने जोस बटलर के साथ दूसरे विकेट के लिए 49 गेंदों पर 70 रन की साझेदारी निभाई।
इस दौरान राजस्थान की पारी के सातवें ओवर में बटलर को दो जीवनदान मिले। एक कैच खुद अपनी बॉलिंग पर आकाश दीप ने और एक कैच डेविड विली ने छोड़ी। इसकी अगली ही गेंद पर बटलर ने छक्का लगाकर बैंगलोर के जख्म पर नमक छिड़का। पडिक्कल और बटलर की साझेदारी को हर्षल पटेल ने तोड़ा। हर्षल ने पडिक्कल को कोहली के हाथों कैच कराया।
यशस्वी जायसवाल क्लीन बोल्ड हुए
पडिक्कल 29 गेंदों पर 37 रन बनाकर आउट हुए। इसमें दो चौके और दो छक्के शामिल हैं। इसके बाद कप्तान संजू सैमसन आठ गेंदों पर आठ रन बनाकर आउट हुए। सैमसन हसरंगा को ब्लफ करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन हसरंगा ने उन्हें अपनी मिस्ट्री गेंद पर उलझा लिया। 86 पर तीन विकेट गिरने के बाद बटलर ने शिमरोन हेटमायर के साथ मिलकर राजस्थान को 20 ओवर में 169 रन तक पहुंचाया।
सैमसन को आउट करने के बाद हसरंगा
इस बीच बटलर ने आईपीएल करियर का 12वां अर्धशतक लगाया। वह 47 गेंदों पर 70 रन बनाकर नाबाद रहे। इसमें छह छक्के शामिल हैं। बटलर ने एक भी चौका नहीं लगाया। उन्होंने हेटमायर के साथ 51 गेंदों पर 83 रन की नाबाद साझेदारी निभाई। आखिरी पांच ओवर में दोनों ने मिलकर 66 रन बनाए।
आखिरी ओवर में बटलर और हेटमायर ने मिलकर 23 रन बटोरे। हेटमायर 31 गेंदों पर चार चौके और दो छक्के की मदद से 42 रन बनाकर नाबाद रहे। बैंगलोर की ओर से डेविड विली, हसरंगा और हर्षल को एक-एक विकेट मिला।
बटलर और शिमरोन हेटमायर
170 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर टीम की शुरुआत अच्छी रही। कप्तान फाफ डुप्लेसिस और अनुज रावत ने पहले विकेट के लिए 55 रन की साझेदारी निभाई। युजवेंद्र चहल ने अपनी पुरानी टीम को पहला झटका दिया। उन्होंने डुप्लेसिस को बोल्ट के हाथों कैच कराया। वे 20 गेंदों पर 29 रन बना सके। इसके छह रन बाद यानी 61 के स्कोर पर अनुज रावत भी पवेलियन लौट गए।
रावत को नवदीप सैनी ने सैमसन के हाथों कैच कराया। वह 25 गेंदों पर 26 रन बना सके। 62 पर विराट कोहली रन आउट हुए। बैंगलोर की पारी के नौवें ओवर की चौथी गेंद पर डेविड विली ने शॉट लगाया। फिर कोहली रन लेने के लिए दौड़ पड़े। तब तक सैमसन के थ्रो पर चहल ने कोहली को रन आउट कर दिया। कोहली छह गेंदों पर पांच रन बना सके। चहल ने अपने पुराने कप्तान को चलता किया। इसकी अगली गेंद पर उन्होंने डेविड विली को क्लीन बोल्ड किया। विली शून्य पर आउट हुए।
चहल ने कोहली को रन आउट किया
चहल ने विली को बोल्ड किया
62 रन तक बैंगलोर ने चार विकेट गंवा दिए थे। शेरफेन रदरफोर्ड भी पांच रन बनाकर नवदीप सैनी की गेंद पर आउट हुए। 87 पर पांच विकेट गिरने के बाद शाहबाज अहमद और दिनेश कार्तिक ने मैच पलट दिया। इन दोनों ने छठे विकेट के लिए 33 गेंदों पर 67 रन की साझेदारी निभाई। दोनों ने 14वें और 15वें ओवर को मिलाकर बैंगलोर ने 37 रन बटोरे। 14वें ओवर में अश्विन ने 21 और 15वें ओवर में नवदीप सैनी ने 16 रन लुटाए। यहीं से मैच पलट गया।
शाहबाज 26 गेंदों पर चार चौके और तीन छक्के की मदद से 45 रन की बेहतरीन पारी खेली। उन्हें ट्रेंट बोल्ट ने बोल्ड किया। दिनेश कार्तिक ने 23 गेंदों पर 44 रन की पारी खेली। इसमें सात चौके और एक छक्का शामिल है। राजस्थान की ओर से ट्रेंट बोल्ट और युजवेंद्र चहल ने दो-दो विकेट लिए। नवदीप सैनी को एक विकेट मिला।
कार्तिक और शाहबाज