कप्तान डेविड वॉर्नर की अगुआई वाली दिल्ली कैपिटल्स शनिवार को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैदान पर उतरेगी तो उसकी कोशिश लगातार तीसरी हार से बचने की रहेगी। दिल्ली को इससे पहले गुजरात टाइटंस और लखनऊ सुपरजाएंट्स के खिलाफ हार मिली थी।
दोनों टीमों के आंकड़े
राजस्थान और दिल्ली की टीम गुवाहाटी के मैदान में पहली बार आमने-सामने आएंगी। ओवरऑल रिकॉर्ड की बात करें तो दोनों टीमें 26 बार आमने-सामने आ चुकी हैं। राजस्थान और दिल्ली दोनों ने 13-13 मुकाबले जीते हैं। दोनों के बीच पिछले पांच मुकाबलों में दिल्ली ने तीन और राजस्थान ने दो मैच जीते हैं।
दिल्ली के बल्लेबाज खराब फॉर्म में
पिछले दोनों मुकाबलों में दिल्ली के बल्लेबाजों का प्रदर्शन निराशाजनक रहा था और टीम प्रबंधन के लिए यह चिंता का विषय बना हुआ है। सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ और आक्रामक बल्लेबाज सरफराज खान का खास प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं और मार्क वुड और अल्जारी जोसफ जैसे अच्छे तेज गेंदबाजों के सामने संघर्ष करते दिखे हैं। उन्हें राजस्थान के खिलाफ मैच में तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट, केएम आसिफ और जेसन होल्डर की तेज गेंदों का सामना करना होगा। हालांकि, रविचंद्रन अश्विन और युजवेंद्र चहल की स्पिन जोड़ी के खिलाफ भी खेलना दिल्ली के बल्लेबाजों के लिए आसान नहीं रहेगा।
जोस बटलर के खेलने पर संदेह
दिल्ली के लिए राहत की बात यह है कि राजस्थान के आक्रामक बल्लेबाज जोस बटलर का इस मैच में खेलना मुश्किल है। वह पिछले मैच में कैच लेते समय चोटिल हो गए थे। उनकी बाएं हाथ की अंगुली में चोट लगी है। इस चोट के कारण उनका क्षेत्ररक्षण और बल्लेबाजी करना मुश्किल है। अगर बटलर नहीं खेलते हैं तो उनकी जगह जो रूट को मौका मिल सकता है।
सरफराज की जगह दूसरे विकल्प मौजूद
अगर दिल्ली कैपिटल्स का टीम प्रबंधन सफराज खान की जगह किसी दूसरे बल्लेबाज को मौका देता है तो उनके पास यश ढुल, रिपल पटेल और ललित यादव के रूप में अच्छे विकल्प मौजूद हैं जिनका स्ट्राइक रेट 150 के करीब है।
राजस्थान हार गया था पिछला मैच
राजस्थान रॉयल्स के लिए यशस्वी जायसवाल और संजू सैमसन ने पहले दो मैचों में अच्छा प्रदर्शन किया था। अब उनके सामने भी तेज गेंदबाज एनरिक नोर्त्जे, खलील अहमद और कुलदीप यादव के खिलाफ खेलने की चुनौती होगी। राजस्थान पिछला मैच पंजाब किंग्स से पांच रन से हार गया था, लेकिन दिल्ली के खिलाफ जीत का दावेदार है।
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11
राजस्थान रॉयल्स: यशस्वी जायसवाल, जोस बटलर, संजू सैमसन (कप्तान/विकेटकीपर), देवदत्त पडिक्कल/ध्रुव जुरेल, रियान पराग, शिमरोन हेटमेयर, जेसन होल्डर, रविचंद्रन अश्विन, ट्रेंट बोल्ट, केएम आसिफ, युजवेंद्र चहल।
दिल्ली कैपिटल्स: पृथ्वी शॉ, डेविड वॉर्नर (कप्तान), राइली रूसो, रोवमन पॉवेल, अक्षर पटेल, सरफराज खान/यश ढुल, अभिषेक पोरेल (विकेटकीपर), अमन हाकिम खान, कुलदीप यादव, एनरिक नोर्त्जे, मुकेश कुमार।