गत चैंपियन मुंबई इंडियंस की टीम अपना सही संयोजन पाने के लिए संघर्ष कर रही है। बुधवार को उसका मुकाबला मजबूत बल्लेबाजों से सुसज्जित रॉयल चैलेंजर्स से होगा।
विज्ञापन
वहीं, खबर है कि क्रिस गेल अपने बेटे के जन्म होने की खबर के बाद जमैका लौट चुके हैं। वह आईपीएल में अपनी टीम के लिए दो मैचों में हिस्सा नहीं ले सकेंगे। उनकी पार्टनर नताशा ने एक स्वस्थ बेटे को जन्म दिया है।
क्या गेल की गैरमौजूदगी में कप्तान विराट ओपनिंग करने उतरेंगे? खैर इससे इतर उनकी टीम मुंबई के मुकाबले बेहद मजबूत नजर आ रही है।
बंगलोर की टीम भी अपने चोटिल तेज गेंदबाज ऑस्ट्रेलिया के मिचेल स्टार्क और वेस्टइंडीज के सैमुअल बद्री की अनुपस्थिति में गेंदबाजी आक्रमण को लेकर चिंतित है। स्टार्क पूरे सीजन के लिए बाहर हो गए हैं जबकि सैमुअल बद्री टी-20 विश्व कप के बाद से ही चोटिल चल रहे हैं।
विज्ञापन
मुंबई और बंगलोर के बीच हमेशा से आईपीएल में कड़ी टक्कर होती आई है। अब तक मुंबई ने 17 में से 9 मुकाबले जीते हैं। इस सीजन में मुंबई की टीम चार में से तीन मैच हार चुकी है जिनमें लगातार मिली पिछली दो हार शामिल हैं। पिछले मैच में डेयरडेविल्स के बल्लेबाज क्विंटन डी कॉक ने सीजन की पहली शतकीय पारी खेलते हुए बंगलोर टीम की गेंदबाजी की कमियां उजागर कर दी थीं।
विराट की अगुआई में बंगलोर की टीम अपनी गेंदबाजी में सुधार करना चाहेगी। पिछली चैंपियन मुंबई की टीम ने इस बार अपने दोनों घरेलू मैच गंवाए हैं। पहले मैच में राइजिंग पुणे सुपरजाइंटस और दूसरे में गुजरात लायंस के खिलाफ उसे हार का सामना करना पड़ा। सीजन के अपने बचे घरेलू मैच के लिए नए घरेलू मैदान जयपुर के लिए रवाना होने से पहले मुंबई घर में पहली जीत दर्ज करना चाहेगी।