भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने मंगलवार को टीम इंडिया के पूर्व ऑफ स्पिनर रोमेश पोवार को भारतीय महिला क्रिकेट टीम का प्रमुख कोच नियुक्त किया है। पोवार को 9 नवंबर से होने वाले आईसीसी महिला वर्ल्ड टी-20 तक कोच पद की जिम्मेदारी जारी रखने को कहा गया है। बता दें कि जुलाई में पोवार को भारतीय महिला क्रिकेट टीम का अंतरिम कोच बनाया गया था।
पोवार को तुषार अरोठे की जगह अंतरिम कोच बनाया गया था। अरोठे ने एशिया कप फाइनल के बाद कोच पद से इस्तीफा दिया था क्योंकि ऐसी खबरें आईं थीं कि कुछ सीनियर खिलाड़ियों के साथ उनकी जम नहीं रही है।
टीम इंडिया सात साल के इतिहास में पहली बार एशिया कप जीतने में सफल नहीं हुई। फाइनल में उसे बांग्लादेश के हाथों शिकस्त झेलनी पड़ी थी। टूर्नामेंट के बाद खबर फैली थी कि भारतीय ड्रेसिंग रूम में सबकुछ सही नहीं है और इसके बाद अरोठे ने पद से इस्तीफा दे दिया। हालांकि, अरोठे का मानना था कि उच्च स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने के लिए क्रिकेटरों को अपने कंफर्ट जोन से बाहर निकलना होगा।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सुप्रीम कोर्ट द्वारा नियुक्त प्रशासकों की समिति ने पोवार को समय बढ़ाने का फैसला सोमवार को लिया, जिसकी आधिकारिक घोषणा मंगलवार को की गई। उल्लेखनीय है कि मुंबई के क्रिकेटर के पास कोचिंग का अनुभव नहीं है और यह देखना रोचक होगा कि टीम उनके मार्गदर्शन में बेहतर प्रदर्शन कर पाएगी या नहीं।
यह भी रिपोर्ट है कि पोवार की नियुक्ति का फैसला इसलिए भी लिया गया क्योंकि वर्ल्ड टी-20 में ज्यादा समय नहीं रह गया है। भारतीय महिला टीम से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है क्योंकि पिछले साल इंग्लैंड में संपन्न विश्व कप में वह फाइनल तक पहुंची थी।
बीसीसीआई ने प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए पोवार के महिला टी-20 विश्व कप तक बतौर हेड कोच बने रहने की घोषणा की। बता दें कि महिला वर्ल्ड टी-20 इस साल नवंबर में वेस्टइंडीज में खेला जाएगा।
प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया, बीसीसीआई ने रोमेश पोवार को भारतीय महिला क्रिकेट टीम का प्रमुख कोच नियुक्त किया है। पोवार अपने पद की जिम्मेदारी 30 नवंबर 2018 तक निभाएंगे।
40 वर्षीय पोवार ने भारतीय टीम के लिए दो टेस्ट और 31 वनडे खेले हैं। प्रथम श्रेणी में उनके नाम 148 मैचों में 470 विकेट हैं। पोवार तुषार अरोठे के विवादास्पद तरीके से बाहर किए जाने के बाद अंतरिम कोच के तौर पर काम रहे थे।