फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs SA: पांच आईसीसी फाइनल में रोहित के नाम एक भी अर्धशतक नहीं, विराट इन दो टीमों के खिलाफ बना चुके 50+ रन

Sat, 29 Jun 2024 03:55 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, बारबाडोस

सार

रोहित और विराट पांच-पांच बार आईसीसी फाइनल खेल चुके हैं। रोहित का प्रदर्शन ठीक-ठाक रहा है तो विराट दो अर्धशतक लगा चुके हैं। आइए आईसीसी टूर्नामेंट के फाइनल में दोनों के प्रदर्शन पर एक नजर डालते हैं।
विज्ञापन
टी20 विश्व कप 2024 - फोटो : BCCI/ICC
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

टी20 विश्व कप 2024 का फाइनल आज भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच बारबाडोस के केनसिंगटन ओवल मैदान में खेला जाएगा। 2023 वनडे विश्व कप के फाइनल की तरह कोई भी फैन भारतीय कप्तान रोहित शर्मा और पूर्व कप्तान विराट कोहली की आंखों में आंसू नहीं देखना चाहेगा। सात महीने पहले वनडे विश्व कप के फाइनल के बाद दोनों काफी भावुक हो गए थे और हारते ही बिना किसी से मिले ड्रेसिंग रूम में चले गए थे। फैंस निश्चित रूप से चाहेंगे की दोनों महान खिलाड़ियों को खेल के सबसे छोटे प्रारूप में यादगार विदाई मिले।
विज्ञापन


इस बात की काफी संभावना है कि दोनों के लिए भारतीय टीम की जर्सी में यह आखिरी टी20 मैच हो। ऐसे में फैंस यह भी चाहेंगे कि दोनों इस मैच में धमाकेदार प्रदर्शन करें। इससे पहले रोहित और विराट पांच-पांच बार आईसीसी फाइनल खेल चुके हैं। रोहित का प्रदर्शन ठीक-ठाक रहा है तो विराट दो अर्धशतक लगा चुके हैं। आइए आईसीसी टूर्नामेंट के फाइनल में दोनों के प्रदर्शन पर एक नजर डालते हैं।

रोहित का आईसीसी फाइनल में प्रदर्शन

टी20 विश्व कप 2024 - फोटो : ICC/BCCI
रोहित ने इस फाइनल से पहले 2007 टी20 विश्व कप का फाइनल, 2013 चैंपियंस ट्रॉफी का फाइनल, 2014 टी20 विश्व कप का फाइनल, 2017 चैंपियंस ट्रॉफी का फाइनल और 2023 वनडे विश्व कप का फाइनल खेला है। 2007 टी20 विश्व कप के फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ रोहित ने नाबाद 30 रन की मैच जिताऊ पारी खेली थी। यह मैच टीम इंडिया ने जीता था। 2013 चैंपियंस ट्रॉफी में रोहित ने इंग्लैंड के खिलाफ नौ रन बनाए थे। हालांकि, तब भी टीम इंडिया जीतने में कामयाब हुई थी। 2014 टी20 विश्व कप के फाइनल में श्रीलंका के खिलाफ रोहित ने 29 रन बनाए थे। भारत यह फाइनल हार गया था। 2017 चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में रोहित पाकिस्तान के खिलाफ खाता नहीं खोल सके थे।

टीम इंडिया यह मैच भी हार गई थी। वहीं, 2023 वनडे विश्व कप में रोहित ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 47 रन बनाकर आउट हुए थे। टीम इंडिया यह मैच भी हार गई थी। हालांकि, इस टी20 विश्व कप में रोहित शुरुआती कुछ मैचों में खराब प्रदर्शन के बाद पिछले दो मैचों में फॉर्म में वापसी की है। वह अब सात मैचों में 155.97 के स्ट्राइक रेट से 248 रन बना चुके हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हिटमैन ने 92 रन और इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में 57 रन बनाए थे। फाइनल में भी उनसे कुछ ऐसे ही प्रदर्शन की उम्मीद होगी।
विज्ञापन

विराट का हर आईसीसी फाइनल में प्रदर्शन

टी20 विश्व कप 2024 - फोटो : ICC/BCCI
वहीं, बात करें विराट की तो उन्होंने 2011 वनडे विश्व कप का फाइनल, 2013 चैंपियंस ट्रॉफी का फाइनल, 2014 टी20 विश्व कप का फाइनल, 2017 चैंपियंस ट्रॉफी का फाइनल और 2023 वनडे विश्व कप का फाइनल खेला है। 2011 वनडे विश्व कप के फाइनल में श्रीलंका के खिलाफ विराट ने 35 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली थी। भारत ने मुंबई में श्रीलंका को हराकर विश्व कप का खिताब जीता था। 2013 चैंपियंस ट्रॉफी में विराट ने इंग्लैंड के खिलाफ महत्वपूर्ण 43 रन बनाए थे। इसी पारी की बदौलत टीम इंडिया जीतने में कामयाब हुई थी। 2014 टी20 विश्व कप के फाइनल में श्रीलंका के खिलाफ विराट ने 77 रन बनाए थे और भारत को अच्छे टोटल तक पहुंचाया था। हालांकि, बाद में जयवर्धने और संगकारा की पारियों की बदौलत भारत यह फाइनल हार गया था। यह विश्व कप जीतने के तुरंत बाद जयवर्धने और संगकारा ने संन्यास ले लिया था। अब रोहित और विराट दोनों इस तरह के अंत की उम्मीद कर रहे होंगे।

2017 चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में विराट पाकिस्तान के खिलाफ महज पांच रन बना सके थे। रोहित के अलावा विराट के नहीं चलने से भारत को हार का सामना करना पड़ा था। वहीं, 2023 वनडे विश्व कप में विराट ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 54 रन बनाकर आउट हुए थे। विराट जब तक मैदान पर थे, तब तक लग रहा था कि टीम इंडिया अच्छे स्कोर तक पहुंचेगी, लेकिन उनके आउट होते ही शांति छा गई थी। भारत वनडे विश्व कप जीतने से चूक गया था। इस टी20 विश्व कप में विराट का बल्ला खामोश रहा है। हालांकि, उनके कद के खिलाड़ी को बड़े मैच में प्रदर्शन करना आता है और फैंस उनसे यही कयास लगाए बैठे हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें