मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा को चोटिल होने के कारण चैंपियंस लीग ट्वंटी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट से हटना पड़ा था। इससे पहले वह इंग्लैंड का दौरा भी बीच में ही छोड़कर वापस स्वदेश लौट आए थे।
कई तरह के चोटों के कारण दो बड़े मुकाबलों को छोड़ने को मजबूर हुए भारतीय बल्लेबाज रोहित शर्मा के बुरे दिन खत्म होने का नाम नहीं ले रहे हैं। वह चैंपियंस लीग से इस उम्मीद से हटे थे कि वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज शुरू होने तक फिट हो जाएंगे। लेकिन उनकी योजना पर पानी फिर गया।
रोहित समय से फिट नहीं हो सके हैं और इस कारण वेस्ट इंडीज के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज से उनके बाहर होने की संभावना बढ़ गई है। भारत वेस्टइंडीज के साथ 5 मैचों की वनडे सीरीज का पहला मैच 8 अक्टूबर को खेलेगा।
अभी भी फिट नहीं हो सके हैं रोहित
हालांकि रोहित शर्मा को उम्मीद है कि वनडे सीरीज और ट्वंटी-20 मैच से बाहर होने के बाद वह टेस्ट सीरीज के लिए उपलब्ध रहेंगे।
रोहित चार हफ्ते पहले ही चोट से हट गए थे और माना जा रहा था कि वह वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज के अंतिम 2 वनडे और एकमात्र टी-20 मैचों के लिए उपलब्ध रहेंगे, लेकिन उनकी अंगुलियों में अभी भी फ्रेक्चर बना हुआ है।
उन्हें अपने कंधे के ठीक होने तक और तीन हफ्ते के लिए मैदान से दूर रहना होग। रोहित इस समय बंगलुरू में राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) में बीसीसीआई के फिजियो की निगरानी में हैं।
उनकी फिटनेस को देखते हुए वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज से बाहर होना तय माना जा रहा है। रोहित अगले साल होने वाले वर्ल्ड कप के लिए टीम इंडिया के प्रमुख हथियार बन सकते हैं ऐसे में उनको लेकर चयनकर्ता कोई हड़बड़ी नहीं करना चाहेंगे।
चार को होगा टीम इंडिया का चयन
वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाली पांच मैचों की वनडे सीरीज और टी-20 मैच के लिए भारतीय चयनकर्ता 4 अक्टूबर को टीम इंडिया का चयन करेंगे।
रोहित शर्मा की अनुपस्थिति में इंग्लैंड में शिखर धवन के साथ पारी की शुरुआत करने वाले अजिंक्य रहाणे ने उस दौरान शानदार खेल दिखाया था। रहाणे ने इंग्लैंड में वनडे करियर का पहला शतक भी ठोका था। इसके अलावा मुरली विजय भी बतौर ओपनर टीम में शामिल किए जा सकते हैं।
बल्लेबाज रोहित को आगामी टेस्ट सीरीज से पहले फिटनेस टेस्ट पास करने के लिए कुछ घरेलू मैच खेलने को कहा जा सकता है। अगर वह फिट हो जाते हैं तो उनके पास दलीप ट्रॉफी में खेलने का मौका मिल सकता है।
रोहित शर्मा को इंग्लैंड दौरे के दौरान पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में सिर्फ एक मैच खेलने का मौका मिला और इसके बाद दूसरे वनडे में क्षेत्ररक्षण करने के दौरान वह चोटिल हो गए और उन्हें सीरीज से ही हटना पड़ गया।