भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चैंपियंस ट्रॉफी के सेमीफाइनल में मिली जीत के बाद खुलासा करते हुए बताया कि वह टीम में छह गेंदबाज चाहते थे। रोहित का कहना है कि वह बल्लेबाजी की गहराई से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं करना चाहते थे। भारत ने ऑस्ट्रेलिया को चार विकेट से हराकर चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में लगातार तीसरी बार जगह बनाई।
रोहित ने सभी को दिया जीत का श्रेय
ऑस्ट्रेलिया ने भारत के सामने जीत के लिए 265 रनों का लक्ष्य रखा जिसे टीम इंडिया ने चार विकेट शेष रहते ही हासिल कर लिया। भारत की ओर से विराट कोहली ने सर्वाधिक 84 रन की पारी खेली, जबकि श्रेयस अय्यर, केएल राहुल और हार्दिक पांड्या ने भी महत्वपूर्ण पारियां खेली। रोहित ने मैच के बाद कहा, मैं सचमुच टीम में छह गेंदबाजी विकल्प चाहता था और यह भी चाहता था कि आठवें नंबर तक बल्लेबाजी भी रहे। हमने टीम बनाते समय इस पर बात की थी। टीम तैयार करने में शामिल हर व्यक्ति को इसका श्रेय जाता है।
उन्होंने कहा, हमें लगा था कि यह अच्छा स्कोर है और हमें अच्छी बल्लेबाजी करनी होगी जो हमने की। हम शांत होकर खेले और विकेट भी अच्छी थी। हम अच्छा क्रिकेट खेलना चाहते हैं और पिच को लेकर ज्यादा नहीं सोचते।
कप्तान ने कोहली को सराहा
रोहित ने विराट कोहली की तारीफ करते हुए कहा, वह इतने साल से हमारे लिए यह कर रहा है। हम निश्चिंत थे। हम वही बड़ी साझेदारी चाहते थे जो विराट और श्रेयस ने की। उसके बाद आखिर में हार्दिक के शॉट बहुत अहम थे। फाइनल से पहले आप चाहते हैं कि सारे खिलाड़ी फॉर्म में रहे। इससे आत्मविश्वास बढ़ता है। हम इसके बारे में ज्यादा नहीं सोचेंगे कि सामने कौन है। हम चाहते हैं कि लड़के अभी थोड़ा इत्मीनान की सांस ले।