वर्ल्ड कप से पहले टीम इंडिया का त्रिकोणीय सीरीज में प्रदर्शन बेहद खराब रहा है खासकर बल्लेबाजों का। बल्लेबाजों की लचर बल्लेबाजी के कारण टीम को शुरुआती 2 मैच गंवाने पड़े। तीसरा मैच जो बारिश के कारण पूरा नहीं खेला जा सका उसमें भी बल्लेबाज संघर्ष करते दिखे।
टीम इंडिया के लिए सिर्फ बल्लेबाजी की नहीं गेंदबाजी भी चिंता का सबब बना हुआ है। भारत को अब सीरीज के फाइनल में पहुंचने के लिए अंतिम लीग मैच में इंग्लैंड को हर हाल में हराना ही होगा। मैच रद्द होने या टाई होने की सूरत में भारत फाइनल की रेस से बाहर हो जाएगा।
धोनी की अगुवाई वाली टीम इंडिया को उम्मीद थी कि अंतिम मैच में उसके इन-फॉर्म बल्लेबाज रोहित शर्मा जरूर वापसी कर लेंगे लेकिन यह संभव नहीं हो सका। वहीं रन बनाने के लिए लगातार जूझने के बावजूद पहले शिखर धवन को वर्ल्ड कप टीम में जगह मिली और अब 3 मैचों में सिर्फ 11 रन बनाने के बावजूद उन्हें फिर में मैदान पर उतरने का मौका मिलेगा। पिछले 9 पारियों में सिर्फ एक अर्धशतक लगाने वाले धवन लगातार टीम में बने हुए हैं लेकिन बल्ले से असफलता को छोड़ दिया जाए तो उनकी किस्मत इस कदर मेहरबान है कि कोई कुछ भी नहीं कर पा रहा।
रोहित शर्मा पूरी त्रिकोणीय सीरीज हो गए बाहर
भारत और इंग्लैंड के बीच होने वाला त्रिकोणीय सीरीज का अंतिम लीग मैच सेमीफाइनल बन गया है जो भी टीम जीतेगी वही फाइनल में पहुंचेगी। लेकिन इससे पहले ही टीम इंडिया को तगड़ा झटका लग गया।
टीम इंडिया के ओपनर रोहित शर्मा ऑस्ट्रेलिया में खेली जा रही मौजूदा सीरीज से बाहर हो गए हैं। टीम प्रबंधन की मानें तो रोहित पूरी तरह फिट नहीं हैं। ऐसे में 30 जनवरी को इंग्लैंड के खिलाफ होने वाले करो या मरो के मुकाबले में उनको उतारकर प्रबंधन वर्ल्ड कप से पहले किसी तरह का जोखिम लेना नहीं चाहता। साथ ही अगर भारतीय टीम फाइनल में भी पहुंच जाती है तब भी रोहित को नहीं उतारा जाएगा।
पहले मैच में 138 रन की शानदार पारी के दौरान रोहित को हैमस्ट्रिंग की समस्या हो गई थी। टीम के एक सूत्र ने कहा, "त्रिकोणीय सीरीज में भले ही भारत फाइनल में भी पहुंच जाए, फिर भी रोहित के खेलने की संभावना न के बराबर है। उनकी चोट में काफी सुधार है फिर टीम प्रबंधन वर्ल्ड कप जैसे महत्वपूर्ण टूर्नामेंट से पहले किसी तरह का जोखिम लेना नहीं चाहता। फीजियो ने भी रोहित शर्मा का एमआरआई रिपोर्ट देखने के बाद उन्हें एक हफ्ते तक आराम की सलाह दी है और उसके बाद ही अभ्यास शुरू करने को कहा है।"
फिर खुल गई धवन की 'किस्मत'
त्रिकोणीय सीरीज में टीम इंडिया के एकमात्र शतकवीर बल्लेबाज रोहित शर्मा हैमस्ट्रिंग की समस्या के कारण पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं तो ऐसे में दूसरे ओपनर शिखर धवन की किस्मत खुलनी ही थी। रोहित की जगह पर टीम में और कोई सलामी बल्लेबाज नहीं है जिसे ओपनिंग पर भेजा जा सके इसलिए धवन का इंग्लैंड के खिलाफ मैच में खेलना तय है।
धवन सीरीज में अपने खेले 3 मैचों में 2, 1 और 8 रन ही बना पाए हैं और टीम को अभी भी उन्हें ठोने के अलावा और कोई चारा नहीं है क्योंकि रोहित के बाहर होने के बाद अंजिक्य रहाणे के साथ पारी की शुरुआत करने का मौका मिल सकता है।
टीम इंडिया के सामने मजबूरी यह है कि उसके पास 17 सदस्यीय टीम में सिर्फ 7 विशेषज्ञ बल्लेबाज हैं जिसमें रोहित अनफिट हैं तो उनकी जगह किसे दी जाए जो ओपनिंग करने में माहिर हो। निर्णायक मुकाबले में टीम कोई नया प्रयोग नहीं करना चाहेगी।
हालांकि टीम के पास एक जुगाड़ यह भी हो सकता है कि धवन को बाहर कर रहाणे के साथ पारी की शुरुआत करने का जिम्मा अंबाती रायडु को सौंप दिया जाए।