भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला एडिलेड में खेला जा रहा है। यह एक डे नाइट टेस्ट है और पिंक बॉल से खेला जा रहा है। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा की इस मैच में वापसी हुई है। टॉस के दौरान रोहित ने प्लेइंग-11 में तीन बदलाव की घोषणा की। रोहित के अलावा शुभमन गिल और रविचंद्रन अश्विन की वापसी हुई है। कप्तान रोहित छठे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे। यानी वह 2193 दिन बाद टेस्ट में मध्यक्रम में बल्लेबाजी करते दिखे। रोहित हालांकि, कुछ खास नहीं कर सके और स्कॉट बोलैंड की गेंद पर एल्बीडब्ल्यू आउट हुए। वह तीन रन बना सके।
रोहित से जुड़ा अजब संयोग
रोहित शर्मा आउट हुए
- फोटो : BCCI
मध्यक्रम में बल्लेबाजी को लेकर रोहित के साथ एक अजब संयोग भी जुड़ गया है। उन्होंने पिछली बार जब मध्यक्रम में बल्लेबाजी की थी तो वह भी एडिलेड टेस्ट ही था। 2018 में हिटमैन ने टेस्ट में पिछली बार मध्यक्रम में बल्लेबाजी की थी। तब भारतीय टीम बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया दौरे पर थी। उस सीरीज का पहला मुकाबला एडिलेड में खेला गया था। भारतीय टीम पहले बल्लेबाजी करने उतरी थी। तब कप्तानी विराट कोहली कर रहे थे। उस मैच में ओपनिंग केएल राहुल और मुरली विजय ने की थी। वहीं, रोहित छठे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे थे। वह टेस्ट भी छह दिसंबर से ही खेला गया था। यानी 2193 दिन बाद अब रोहित फिर से मध्यक्रम में बल्लेबाजी की। यह वही बैटिंग पोजिशन है, जहां पर उन्होंने टेस्ट बल्लेबाजी करियर की शुरुआत की थी।
2018 में पिछली बार मध्यक्रम में उतरे थे रोहित
रोहित शर्मा
- फोटो : BCCI
रोहित ने तब उस टेस्ट में मध्यक्रम में बल्लेबाजी करते हुए पहली पारी में 37 रन और दूसरी पारी में एक रन बनाए थे। टीम इंडिया वह टेस्ट 31 रन से हार गई थी। हालांकि, चेतेश्वर पुजारा को उनकी बेहतरीन बल्लेबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया था। पुजारा ने पहली पारी में 123 रन और दूसरी पारी में 71 रन बनाए थे। इस सीरीज को भारत ने 2-1 से अपने नाम किया था। अब जब रोहित मध्यक्रम में बल्लेबाजी करने उतरे हैं तो भी टेस्ट एडिलेड में ही खेला जा रहा है और वह भी छह दिसंबर से। हालांकि, 2018 वाला टेस्ट डे नाइट नहीं था।
यशस्वी और राहुल ओपनिंग उतरे
केएल राहुल
- फोटो : Twitter
रोहित की जगह यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल ओपनिंग के लिए उतरे। हालांकि, टीम इंडिया को मैच की पहली ही गेंद पर झटका लगा। मिचेल स्टार्क ने यशस्वी को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। वह खाता नहीं खोल सके थे। इसके बाद शुभमन गिल और केएल राहुल ने जिम्मेदारी संभाली। एक वक्त टीम इंडिया ने 69 रन पर सिर्फ एक विकेट गंवाया था। इसके बाद 12 रन बनाने में भारत ने तीन और विकेट गंवा दिए। केएल राहुल (37), विराट कोहली (7) के बाद शुभमन गिल भी पवेलियन चलते बने। उन्हें स्कॉट बोलैंड ने एल्बीडब्ल्यू आउट किया। वह 31 रन बना सके।
दोनों टीमों की प्लेइंग-11
टॉस के दौरान कमिंस और रोहित
- फोटो : BCCI
भारत: यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, शुभमन गिल, विराट कोहली, रोहित शर्मा, ऋषभ पंत, नीतीश कुमार रेड्डी, रविचंद्रन अश्विन, हर्षित राणा, जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज।
ऑस्ट्रेलिया: उस्मान ख्वाजा, नाथन मैक्स्वीनी, मार्नस लाबुशेन, स्टीव स्मिथ, ट्रेविस हेड, मिचेल मार्श, एलेक्स कैरी (विकेटकीपर), मिचेल स्टार्क, पैट कमिंस (कप्तान), नाथन लियोन, स्कॉट बोलैंड।