भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा वनडे में शाहिद अफरीदी का सर्वकालिक रिकॉर्ड तोड़ने के करीब पहुंच गए हैं। रोहित ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज का हिस्सा हैं और उन्होंने सात महीने बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी की है। रोहित इस सीरीज में पूर्णकालिक बल्लेबाज के तौर पर खेल रहे हैं क्योंकि उनकी जगह शुभमन गिल को कप्तानी सौंपी गई है।
23 अक्तूबर को भिड़ेंगे भारत-ऑस्ट्रेलिया
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच दूसरा वनडे मैच 23 अक्तूबर को एडिलेड में खेला जाएगा। भारतीय टीम तीन मैचों की इस सीरीज में 0-1 से पीछे चल रही है और उसकी नजरें वापसी पर टिकी होंगी। शुभमन गिल की अगुआई वाली दिवाली के मौके पर एडिलेड पहुंची जहां एयरपोर्ट पर भारतीय प्रशंसकों ने टीम का, विशेषकर रोहित शर्मा और विराट कोहली का भव्य स्वागत किया।
पहले मैच में फ्लॉप रहे थे रोहित
रोहित और विराट कोहली ने 19 अक्तूबर को पहले वनडे मैच से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सात महीने बाद वापसी की थी। दोनों दिग्गज बल्लेबाज 223 दिन बाद भारत के लिए खेलने उतरे थे। हालांकि, पहले मैच में इनका प्रदर्शन निराशाजनक रहा था और रोहित-कोहली आधे घंटे भी क्रीज पर नहीं टिक सके थे। रोहित 14 गेंदों पर एक चौके की मदद से आठ रन बनाकर आउट हुए।
छक्के लगाने में शीर्ष पर आ सकते हैं रोहित
हिटमैन के नाम से प्रसिद्ध रोहित अपने दिन किसी भी गेंदबाजी आक्रमण को ध्वस्त कर सकते हैं। रोहित भले ही पहले मैच में नहीं चल सके, लेकिन वह अगले मैच में दमदार वापसी कर सकते हैं। रोहित का बल्ला अगर चल पड़ा तो वह वनडे में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का अफरीदी का सर्वकालिक रिकॉर्ड भी तोड़ सकते हैं। रोहित अफरीदी को पीछे छोड़ने से आठ छक्के दूर हैं। रोहित अब तक वनडे में 344 छक्के लगा चुके हैं, जबकि पाकिस्तान के पूर्व कप्तान अफरीदी ने अपने वनडे करियर में कुल 351 छक्के लगाए हैं। इतना ही नहीं रोहित के पास वनडे में 350 छक्के लगाने वाले दूसरा बल्लेबाज बनने का भी मौका है।