टीम इंडिया और श्रीलंका के बीच इंदौर के होलकर स्टेडियम में खेले गए दूसरे टी20 में 'हिटमैन' रोहित शर्मा ने एक बार फिर गेंदबाजों की क्लास लगाई और टी20 इंटरनेशल क्रिकेट के इतिहास का संयुक्त रूप से सबसे तेज शतक जमाया। रोहित ने महज 35 गेंदों पर शतक लगाकर दक्षिण अफ्रीका के बाएं हाथ के बल्लेबाज डेविड मिलर के सबसे तेज शतक की बराबरी की।
टीम इंडिया को इस मैच में एक बार फिर ओपनर्स मजबूत शुरुआत दिलाने में कामयाब रहे। हालांकि इन दोनों ने पहले तीन ओवर में 6 की औसत से महज 18 रन ही बनाए थे। इसके बाद वो ओवर आया, जिसमें रोहित शर्मा अपने फुल फॉर्म में आए और फिर रिकॉर्ड शतक जमा दिया। दरअसल, पारी का छठा ओवर डालने वाले अकिला धनंजय के ओवर में रोहित ने 15 रन बटोरे और फिर जो हुआ, उसका अंदाजा हर किसी को है।
ये भी पढ़ेंः INDvSL: रोहित शर्मा के रिकॉर्ड टी20 शतक का राज खुला, यह 'मंत्र' कर गया काम
इसके बाद रोहित ने रूकने का नाम नहीं लिया और असेला गुनारत्ने के एक ही ओवर में 2 चौके और 2 छक्के लगाकर 20 रन बनाए। इसके बाद रोहित ने मैच के 11वें ओवर में थिसारा परेरा की लगातार चार गेंदों पर चार छक्के जड़े। फिर उनका सामने चमीरा 13वां लेकर आए और उन्होंने इस ओवर में 2 छक्के और एक चौका लगाया।
हालांकि रोहित इसी ओवर में एक और बड़ा शॉट मारने के चक्कर में थर्ड मैन पर धनंजय के हाथ कैच आउट होकर पवेलियन लौट गए। लेकिन रोहित तब तक अपना काम पूरा कर चुके थे और इस तरह उन्होंने 42 गेंदों पर 12 चौको और 10 छक्को की मदद से 118 की ताबड़तोड़ पारी खेली।