पूर्व दिग्गज स्पिनर हरभजन सिंह का मानना है कि रोहित शर्मा को आने वाले समय में भारतीय क्रिकेट प्रणाली से पूरे समर्थन की जरूरत है क्योंकि लोग उनकी कप्तानी की आलोचना जरूरत से ज्यादा कर कर रहे हैं। पिछले कुछ समय से भारतीय कप्तान को प्रशंसकों और पूर्व क्रिकेटरों से काफी आलोचना का सामना करना पड़ा है, जिसमें महान सुनील गावस्कर भी शामिल हैं।
हरभजन ने वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत के अगले टेस्ट मैच से पहले कहा, ''मुझे लगता है कि रोहित की आलोचना के मामले में लोग कुछ ज्यादा ही आगे बढ़ रहे हैं। क्रिकेट एक टीम खेल है। भारतीय टीम ने विश्व टेस्ट फाइनल में अच्छा प्रदर्शन नहीं किया। इसके लिए सिर्फ रोहित की आलोचना करना अनुचित है कि वह रन नहीं बना रहे हैं और वह अच्छी कप्तानी नहीं कर रहे हैं। मुझे लगता है कि वह एक शानदार कप्तान है। हरभजन के कहा कि रोहित को अपनी नेतृत्व क्षमता साबित करने के लिए समय दिया जाना चाहिए और उन्हें इसमें समर्थन मिलना चाहिए।''
रोहित और द्रविड़ से पूछे जाएं सवाल: गावस्कर
हरभजन का साथ तो रोहित शर्मा को मिल गया है, लेकिन पूर्व कप्तान गावस्कर की आलोचनाओं का सामना उन्हें करना पड़ा है। गावस्कर ने कहा है कि रोहित को उनसे ज्यादा की उम्मीद है। हाल ही में एक इंटरव्यू में गावस्कर ने रोहित की कप्तानी पर सवाल उठाए और कहा कि उन्होंने आईपीएल में सबसे सफल कप्तान के रूप में अपनी प्रतिष्ठा के साथ न्याय नहीं किया है। आईपीएल में बतौर कप्तान रोहित ने मुंबई इंडियंस के साथ पांच खिताब जीते हैं। वह इस मामले में महेंद्र सिंह धोनी के साथ संयुक्त रूप से पहले स्थान पर हैं। गावस्कर ने कहा है कि रोहित के साथ-साथ हेड कोच राहुल द्रविड़ से भी पूछे जाएं।
कोहली की जगह कप्तान बने रोहित शर्मा
रोहित को विराट कोहली की जगह भारत का कप्तान बनाया गया था। हालांकि, रोहित के कप्तान बनने के बाद से भी भारतीय टीम टी20 विश्व कप के फाइनल के लिए क्वालिफाई करने में नाकाम रही। वहीं, टीम को विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप (डब्ल्यूटीसी) फाइनल में भी ऑस्ट्रेलिया से हार का सामना करना पड़ा था। टीम का पिछले 10 वर्षों से आईसीसी ट्रॉफी का सूखा जारी है।