रोहित शर्मा ने कैच छूटने पर गुस्से में गेंद को लात मार दी
- फोटो : सोशल मीडिया
भारत और वेस्टइंडीज के बीच टी-20 सीरीज के दूसरे मैच में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन किया। यह मैच आठ रन से जीतने के साथ ही टीम इंडिया ने सीरीज भी अपने नाम कर ली। इस जीत के बावजूद भारतीय टीम में कई कमियां रह गई। खराब फील्डिंग इसमें से प्रमुख है। दूसरे टी-20 मैच में भारत ने दो अहम कैच छोड़े। इसी वजह से खराब शुरुआत के बावजूद विंडीज की टीम मैच में वापस लौट आई थी। अंत में भुवनेश्वर ने शानदार 19वां ओवर कर मैच भारत के पक्ष में कर दिया।
इस मैच में पहले रवि बिश्नोई और फिर भुवनेश्वर कुमार ने दो अहम कैच छोड़े। दोनों ही कैच काफी आसान थे और पकड़े जाने चाहिए थे, लेकिन गेंद फील्डर के हाथ से छटक गई। इसके अलावा रोहित और वेंकटेश अय्यर से भी कैच छूटे, लेकिन ये दोनों कैच काफी मुश्किल थे।
भुवनेश्वर और बिश्नोई ने छोड़े थे अहम कैच
इस मैच में पहले भुवनेश्वर कुमार और रवि बिश्नोई ने दो अहम कैच छोड़े थे और इसी वजह से भारतीय टीम मुश्किल में आई थी, लेकिन बाद में दोनों ने अपनी गलती की भारपाई करते हुए भारत को मैच जिता दिया। पहले मैच के दसवें ओवर में चहल की गेंद पर निकोलस पूरन ने बड़ा शॉट खेलने का प्रयास किया, लेकिन गेंद सीधे मिडविकेट में खड़े रवि बिश्नोई के पास गई। उनके पास कैच पकड़ने का मौका था और उन्होंने आगे डाइव लगाकर कोशिश भी की, लेकिन कैच नहीं पकड़ सके।
वहीं 16वें ओवर की पांचवीं गेंद पर भुवनेश्वर ने अपनी ही गेंद पर रोवमैन पॉवेल का कैच छोड़ दिया। भुवी की गेंद पर पॉवेल ने बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की थी, लेकिन संपर्क अच्छा नहीं हुआ और गेंद सिर्फ हवा में ऊपर गई थी। भुवनेश्वर खुद कैच पकड़ने के लिए पहुंचे, लेकिन गेंद उनके हाथ से छटक गई। इसके बाद पूरन और पॉवेल वेस्टइंडीज को मैच में वापस ले आए।
भुवनेश्वर के कैच छोड़ने पर रोहित को आया गुस्सा
मैच के 16वें ओवर में भुवनेश्वर ने अपनी ही गेंद पर पॉवेल का आसान कैच छोड़ दिया। इस समय भारत को विकेट की जरूरत थी। अगर भुवी यह कैच पकड़ लेते तो आसानी से मैच भारत की झोली में आ जाता, लेकिन भुवी ने यह कैच छोड़ दिया। इसके बाद रोहित बहुत गुस्सा हो गए और गेंद को लात मार दी। रोहित का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।