महेंद्र सिंह धोनी, विराट कोहली और रोहित शर्मा
- फोटो : सोशल मीडिया
भारत और श्रीलंका के बीच तीन मैचों की टी-20 सीरीज का पहला मैच लखनऊ में खेला जाएगा। इस मैच में भारतीय कप्तान रोहित शर्मा के पास कई रिकॉर्ड बनाने का मौका रहेगा। रोहित इस मैच में विराट कोहली और महेंद्र सिंह धोनी के खास क्लब में शामिल हो सकते हैं। इसके साथ ही वो टी-20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन सकते हैं। रोहित अगर इस मैच में 63 रन बना लेते हैं तो एक साथ उनके नाम कई रिकॉर्ड दर्ज हो सकते हैं।
विराट और धोनी के खास क्लब में शामिल हो सकते हैं रोहित
अगर रोहित लखनऊ में होने वाले टी-20 मैच में 63 रन बना लेते हैं तो वह तीसरे भारतीय खिलाड़ी होंगे, जिन्होंने भारत की कप्तानी करते हुए टी-20 में एक हजार रन बनाए हैं। उनसे पहले महेंद्र सिंह धोनी और विराट कोहली ऐसा कर चुके हैं। वे विश्व के तीसरे कप्तान होंगे, जो टी-20 में कप्तान रहते हुए एक हजार रन का आंकड़ा पार करेंगे।
बाबर आजम की बराबरी कर सकते हैं रोहित
पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम ने अपनी टीम की कमान संभालने के बाद 26 मैचों में ही एक हजार रन का आंकड़ा पार कर लिया था। बाबर कप्तान के रूप में सबसे तेज एक हजार रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। रोहित भी श्रीलंका के खिलाफ 26वें मैच में भारत की कप्तानी करेंगे। वो बाबर के रिकॉर्ड की बराबरी कर सकते हैं।
अंतरराष्ट्रीय टी-20 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन सकते हैं हिटमैन
रोहित शर्मा पहले टी-20 मैच में मार्टिन गुप्टिल को पीछे छोड़कर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन सकते हैं। अंतरराष्ट्रीय टी-20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में रोहित गुप्टिल से सिर्फ 37 रन पीछे हैं। हाल ही में वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज में उन्होंने 22 के औसत से 66 रन बनाए थे। ऐसे में उनकी कोशिश होगी कि श्रीलंका के खिलाफ यह रिकॉर्ड बेहतर करें।
भारत को लगातार 10वां टी-20 जिता सकते हैं रोहित शर्मा
टी-20 विश्व कप 2021 में न्यूजीलैंड से हारने के बाद टीम इंडिया अब तक कोई टी-20 मैच नहीं हारी है। इस दौरान भारत ने लगातार नौ टी-20 मैच जीते हैं। अगर श्रीलंका के खिलाफ पहला मैच भारत के नाम रहता है तो पहली बार टीम इंडिया लगातार 10 टी-20 मैच जीतेगी। भारत इससे पहले भी विराट की कप्तानी में लगातार नौ टी-20 मैच जीत चुका है। टेस्ट खेलने वाले देशों में लगातार सबसे ज्यादा मैच जीतने का रिकॉर्ड अफगानिस्तान के नाम है। अफगान टीम ने लगातार 12 टी-20 मैच जीते थे।