टीम इंडिया के युवा विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत की पहचान अब बेबी सिटर नाम से हो चुकी है। ऑस्ट्रेलियाई कप्तान टिम पैन ने मेबलर्न में संपन्न तीसरे टेस्ट के दौरान पंत को अपने बच्चों की देखभाल करने का आमंत्रण भेजा था। हालांकि, यह मजाकिया लड़ाई यही नहीं रूकी है।
रोहित शर्मा ने दोस्ताना अंदाज में विकेटकीपर ऋषभ पंत को ट्रोल किया और उन्हें अपनी बेटी समायरा की देखभाल करने के लिए आमंत्रित किया। बता दें कि रोहित शर्मा 30 दिसंबर को बेटी के पिता बने। हालांकि, वह अपनी बेटी के जन्म के समय ऑस्ट्रेलिया में टीम इंडिया के साथ थे। मगर जैसे ही उन्हें बेटी के जन्म की खबर लगी तो उन्होंने चौथे टेस्ट से छुट्टी लेकर मुंबई की उड़ान भरी।
रोहित शर्मा ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर लिखा, 'मॉर्निंग दोस्त, सुना कि आप अच्छे बेबी सिटर हैं। मुझे एक की जरूरत है। मेरी पत्नी ऋतिको को खुशी होगी।'
इससे पहले मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए तीसरे टेस्ट में पेन और पंत के बीच मजाकिया लड़ाई हुई थी, जिसने मैच को काफी मनोरंजक बनाया। टीम इंडिया ने यह टेस्ट 137 रन से जीतकर चार मैचों की सीरीज में 2-1 की अजेय बढ़त बनाई।
मैच के दौरान जब पंत बल्लेबाजी करने के लिए क्रीज पर आए तो पेन ने फिंच से बातचीत करते हुए बल्लेबाज पर तंज कसा, इन्हें डिनर पर बुलाते हैं। तुम बच्चों की देखभाल करते हो? मैं अपनी पत्नी के साथ फिल्म देखने जाउंगा और आप मेरे बच्चों की देखभाल करना।
पंत ने इस बात को थोड़ा गंभीरता से लिया और पेन की पत्नी बोनी पेन व उनके बच्चों के साथ सिडनी टेस्ट से पहले समय बिताया। पंत इस समय ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वन-डे सीरीज का हिस्सा नहीं हैं। वह अब न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में एक्शन में दिखेंगे। वहीं रोहित शर्मा ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की वन-डे सीरीज में अपना जल्वा बिखेरते दिखेंगे।