सिडनी में दिखा रोहित-कोहली का जलवा
रोहित शर्मा और विराट कोहली की शानदार साझेदारी की मदद से भारत ने तीसरे वनडे मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को नौ विकेट से हरा दिया। ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 46.4 ओवर में 236 रन बनाए। जवाब में रोहित शर्मा ने शतक लगाया और कोहली ने अर्धशतकीय पारी खेली। इन दोनों बल्लेबाजों के बीच दूसरे विकेट के लिए 168 रनों की साझेदारी हुई जिसके दम पर भारत ने 38.3 ओवर में एक विकेट पर 237 रन बनाकर मैच जीता। ऑस्ट्रेलिया ने हालांकि, तीन मैचों की यह सीरीज 2-1 से अपने नाम की।
इस मैच में भारतीय गेंदबाजों ने भी शानदार प्रदर्शन किया और ऑस्ट्रेलिया को बड़ा स्कोर बनाने से रोका। लक्ष्य का पीछा करते हुए रोहित और गिल ने भारत को अच्छी शुरुआत दिलाई और दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 69 रनों की साझेदारी हुई। इसे जोश हेजलवुड ने गिल को आउट कर तोड़ा। इसके बाद रोहित और कोहली की जोड़ी ने मोर्चा संभाला और ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों की जमकर क्लास ली। यह दोनों बल्लेबाज अंत तक टिके रहे और नाबाद रहते हुए पवेलियन लौटे।
ये भी पढ़ें: IND vs AUS: वनडे में सर्वाधिक रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज बने विराट कोहली, श्रीलंका के संगकारा को पछाड़ा
कोहली ने दर्शकों का जताया आभार
कोहली ने कहा, खेल आपको इस मोड़ पर भी कुछ न कुछ सिखाता है। जब चीजें आपके हिसाब से नहीं चल रही हों तो यह बहुत चुनौतीपूर्ण होता है। बीच के हालात मुझे और भी बेहतर बना देते हैं। रोहित के साथ बल्लेबाजी करना आसान था और खुशी है कि यह मैच-फिनिशिंग साझेदारी रही। शुरुआत से ही हम खेल को अच्छी तरह समझ रहे थे। इसी तरह आप सफल होते हैं। उस जमाने में भी, हमें लगता था कि हम विरोधी टीम से मैच छीन सकते हैं। इसकी शुरुआत 2013 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू वनडे मैचों में हुई थी। वे भी जानते हैं कि अगर हम साथ मिलकर 20 ओवर बल्लेबाजी करते हैं तो मैच पक्का हो जाता है। हमें इस देश में आकर बहुत अच्छा लगा, हमने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। आप लोग (दर्शक) शानदार हैं।
ये भी पढ़ें: IND vs AUS: चेज करते हुए विराट कोहली ने तोड़ा सचिन का रिकॉर्ड, रोहित के साथ 19वीं बार 100+ रन की साझेदारी