दरअसल, उथप्पा ने अपने आईपीएल करियर के आखिरी दो साल चेन्नई सुपर किंग्स में बिताए थे। सीएसके से मिले समर्थन और प्यार का वह हर वक्त जिक्र करते रहते हैं। साथ ही कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और कोच स्टीफन फ्लेमिंग की भी तारीफ करते नहीं थकते। मंगलवार को चेन्नई के चेपक स्टेडियम से उथप्पा ने सीएसके को ऑल द बेस्ट कहते हुए एक तस्वीर पोस्ट की थी। इसमें उथप्पा और उनके बेटे सीएसके की जर्सी में नजर आए थे। कैप्शन में उन्होंने लिखा- लेट्स गो चेन्नई सुपर किंग्स। हालांकि, उनका यह ट्वीट उनकी पुरानी टीम के कुछ फैंस को पसंद नहीं आया।
रॉबिन उथप्पा सीएसके और केकेआर से खेल चुके
- फोटो : IPL/BCCI
एक फैन ने सवाल पूछा कि यही प्यार उन्होंने कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए क्यों नहीं दिखाया? राजस्थानी बेटमन नाम के ट्विटर यूजर ने कमेंट में लिखा- भाई आपने सिर्फ दो सीजन चेन्नई सुपर किंग्स के साथ गुजारा और अपना दिल वहीं छोड़ दिया। मैंने आपको कभी केकेआर को इस तरह सपोर्ट करते नहीं देखा। इस पर उथप्पा ने उस फैन को करारा जवाब दिया। उन्होंने लिखा- जैसी वफादारी और सम्मान आप दूसरों के लिए रखेंगे, वैसा ही आपको मिलेगा।
इसके बाद उथप्पा ने एक और ट्वीट किया, जिसमें उन्होंने बताया कि लोगों के मन में उनके प्रति घृणा को देखकर वह हैरान नहीं हैं। उन्होंने लिखा- मैं अपने अनुभव के लिए यहां प्राप्त हो रही नफरत से हैरान नहीं हूं। आप सभी को शांति और प्यार !! दरअसल उथप्पा ने अपने आईपीएल करियर का अहम हिस्सा कोलकाता नाइट राइडर्स के साथ गुजारा था। वह 2014 से लेकर 2019 तक केकेआर की टीम में रहे थे। 2014 में केकेआर की ट्रॉफी जीत में उथप्पा का अहम किरदार रहा था। वह उस साल टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे थे और ऑरेंज कैप अपने नाम किया था।
तब गौतम गंभीर केकेआर के कप्तान थे। 2018 में गंभीर ने कोलकाता का साथ छोड़ दिया था। तब ऐसा माना जा रहा था कि 2018 आईपीएल के लिए उथप्पा को केकेआर का कप्तान बनाया जाएगा। हालांकि, टीम मैनेजमेंट ने दिनेश कार्तिक को नया कप्तान चुना और उथप्पा को बस उप-कप्तान का दायित्व दिया गया। इसके बाद उथप्पा 2020 में राजस्थान रॉयल्स का हिस्सा रहे और 2021 में चेन्नई सुपर किंग्स ने उन्हें राजस्थान से ट्रेड किया था। 2021 में चेन्नई को चैंपियन बनाने में उनका योगदान अहम रहा। 2022 आईपीएल में खराब फॉर्म के बाद उसी साल उथप्पा ने संन्यास ले लिया।
उथप्पा ने हाल ही में एक शो के दौरान कहा था- मैं आईपीएल में नहीं खेलूंगा क्योंकि मैं पहले ही भारतीय क्रिकेट से संन्यास ले चुका हूं। हालांकि, मुझे अगर कभी आईपीएल खेलने का मौका मिलता है तो टीम सीएसके ही होगी। चेन्नई सुपर किंग्स की टीम ने मंगलवार को रिकॉर्ड 10वीं बार आईपीएल फाइनल में जगह बनाई। वहीं, गुजरात को अब 26 मई को होने वाला क्वालिफायर-2 खेलना होगा। गुजरात की टीम आज लखनऊ सुपर जाएंट्स और मुंबई इंडियंस के बीच होने वाले एलिमिनेटर की विजेता टीम से भिड़ेगी। इसके बाद 28 मई को फाइनल खेला जाएगा।