वीरेंद्र सहवाग के खेल को देखकर कभी नहीं लगा कि उन्हें संन्यास लिए अरसे बीत गए। उनकी टाइमिंग आज भी शानदार लगी। खालिद महमूद को डीप मिड विकेट पर छक्का मारकर उन्होंने मैच खत्म किया। इस दौरान वीरू ने सिर्फ 20 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया जो रोड वर्ल्ड सेफ्टी सीरीज के इतिहास का सबसे तेज अर्धशतक है।
वीरू की 10 चौके और पांच छक्के से सजी पारी का सचिन तेंदुलकर ने भी बखूबी साथ निभाया। सचिन ने भी 26 गेंदों में 33 रन बनाए, उनके लगाए पांच चौके से रायपुरवासी झूम उठे। दोनों ने पावरप्ले में पहले विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी का रिकॉर्ड भी तोड़ा। भारत का अगला मुकाबला 9 मार्च को इंग्लैंड से होगा। कल श्रीलंका लीजेंड्स और वेस्टइंडीज लीजेंड्स की टीम आमने-सामने होगी।
रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज की शुरुआत पिछले साल पुणे में 11 मार्च से हुई थी, लेकिन देश में कोरोना महामारी के कारण लॉकडाउन लग गया। ऐसे में महज चार मैच खेलने के बाद इस सीरीज को स्थगित कर दिया गया था। अब उसी सीरीज को दोबारा शुरू किया जा रहा है, इस बार यह टूर्नामेंट छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में हो रहा है।
पिछली बार इस टूर्नामेंट में कुल पांच टीमों ने भाग लिया था, लेकिन इस दफे टीमों की संख्या छह हो गई है। हालांकि, ऑस्ट्रेलियाई टीम इस बार टूर्नामेंट का हिस्सा नहीं होगी, उसकी जगह श्रीलंका लीजेंड्स को शामिल किया गया है। साथ ही इंग्लैंड लीजेंड्स टीम टूर्नामेंट की एक अन्य नई टीम है।