पंत ने तस्वीर के साथ कैप्शन में लिखा- एक कदम आगे, एक कदम और मजबूत, एक कदम बेहतर। इस पोस्ट पर सूर्यकुमार यादव, डेविड वॉर्नर और युजवेंद्र चहल की पत्नी धनश्री ने भी कमेंट किया है।
पंत के पैर में पट्टी लगी हुई है। वह बैसाखी के सहारे चलने की कोशिश कर रहे हैं। इससे पहले पंत ने इंस्टाग्राम पर एक स्टोरी भी लगाई थी, जिसमें उन्होंने आंगन की तस्वीर शेयर की थी। पंत ने एक स्टोरी भी लगाई है, जिसमें वह लूडो खेलते दिख रहे हैं।
30 दिसंबर को हादसे का शिकार हुए थे पंत
भारत के स्टार क्रिकेटर ऋषभ पंत 30 दिसंबर को सड़क हादसे का शिकार हुए थे। रुड़की के पास उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हुई थी। पंत को इस हादसे में गंभीर चोटें आईं थीं। वह दिल्ली से अपनी निजी कार में रुड़की जा रहे थे और खुद ड्राइव कर रहे थे। 25 साल के इस बल्लेबाज ने मैदान की तरह इस घटना में भी जुझारूपन दिखाते हुए खुद विंड स्क्रीन तोड़ा और कार से बाहर निकलने में कामयाब रहे थे। इसके बाद कार में आग लग गई थी। सोशल मीडिया पर इस हादसे की कई तस्वीरें वायरल हुईं और वीडियो भी सामने आए थे।
ऋषभ पंत और दुर्घटना के बाद उनकी कार
- फोटो : सोशल मीडिया
एक्सीडेंट के बाद पंत को रुड़की में ही प्राथमिक उपचार के बाद देहरादून के एक निजी अस्पताल में शिफ्ट किया गया था। इसके बाद बीसीसीआई ने डीडीसीए को पंत से लगातार संपर्क में बने रहने का निर्देश दिया था और उनकी हालत पर निगरानी रखने कहा था। डीडीसीए प्रमुख श्याम शर्मा खुद पंत से मिलने पहुंचे थे। इसके अलावा उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी पंत से मिलने अस्पताल पहुंचे थे।
ऋषभ पंत कार दुर्घटना का शिकार हुए
- फोटो : सोशल मीडिया