भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार खिलाड़ी ऋषभ पंत अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं। सीमित ओवरों की अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पंत भले ही ज्यादा सफल न हुए हों लेकिन टेस्ट क्रिकेट में उन्होंने अपना अलग मुकाम हासिल किया है। अपने छोटे से टेस्ट करियर में वह कई बार करिश्मा कर चुके हैं। ऋषभ पंत इन दिनों टीम इंडिया के साथ इंग्लैंड दौरे पर हैं। 18 जून से भारत और न्यूजीलैंड के बीच बहुत प्रतीक्षित आईसीसी विश्व टेस्ट चैम्पयिनशिप का फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। इस मैच में टीम इंडिया को पंत से बहुत उम्मीदे हैं।
विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप फाइनल से इन दिनों भारतीय टीम अभ्यास के तौर पर इंट्रा स्क्वायड मैच खेल रही है। टीम इंडिया के खिलाड़ी आपस में ये प्रैक्टिस मैच साउथैम्पटन में खेल रहे है। ऋषभ पंत प्रैक्टिस मैच के दौरान जमकर तैयारी कर रहे हैं। अभ्यास मैच के पहले दिन बीसीसीआई ने पंत का एक वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में पंत अपनी साथी गेंदबाजों पर छक्के लगाते नजर आ रहे हैं।
बीसीसीआई द्वारा शेयर किए गए करीब एक मिनट के वीडियो में टीम इंडिया के कई खिलाड़ी अभ्यास करते नजर आ रहे हैं। आगे इस वीडियो में पंत अपने साथी गेंदबाज पर स्ट्रेट छक्का लगाते दिखाई दे रहे हैं। ये वीडियो उस वक्त समाप्त हो जाता है जब पंत बैट उठाकर अभिवादन स्वीकार करते हुए मैदान से बाहर जाते हैं।
फिलहाल भारतीय क्रिकेट कंट्रोल खिलाड़ियों के बीच खेले जा रहे इस इंट्रा स्क्वाडय मैच का स्कोरकार्ड शेयर नहीं किया है। लेकिन जिस तरह से पंत बैठ उठाकर लौट रहे हैं उससे यही अनुमान लगाया जा सकता है कि उन्होंने इस मैच में बेहतर प्रदर्शन किया है।
इस इंट्रा स्क्वायड अभ्यास मैच के पहले दिन पंत के अलावा विराट कोहली, अजिंक्य रहाणे, चेतेश्वर पुजारा, शुभमन गिल, रोहित शर्मा, मोहम्मद शमी, जसप्रीत बुमराह, इशांत शर्मा, आर अश्विन सहित दूसरे खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।