इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मैच के दौरान ऋषभ पंत
- फोटो : सोशल मीडिया
भारत और इंग्लैंड के बीच टी20 सीरीज का दूसरा मैच टीम इंडिया ने 49 रन से जीता। इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है। सीरीज के दूसरे मैच में पूर्व कप्तान विराट कोहली सहित ऋषभ पंत और जसप्रीत बुमराह जैसे खिलाड़ियों की वापसी हुई। अंत में जसप्रीत बुमराह और रवींद्र जडेजा ने भारत की जीत में अहम योगदान दिया। इस मैच के दौरान एक ऐसी घटना भी हुई, जिसे देखकर आप भी अपनी हंसी नहीं रोक पाएंगे।
इस मैच में कप्तान रोहित शर्मा के साथ ऋषभ पंत ने भारत के लिए पारी की शुरुआत की थी। मैच के पहले ही ओवर में पंत जब एक रन भागने की कोशिश कर रहे थे तो गेंदबाज डेविड विली उनके सामने आ गए। इस वजह से पंत को परेशानी हुई। हालांकि, अंत में वो सुरक्षित दूसरे छोर पर पहुंच गए। इसके बाद उन्होंने कप्तान रोहित से पूछा कि गेंदबाज रास्ते में आ रहा है, टक्कर मार दूं क्या? इसके जवाब में रोहित ने कहा कि और क्या। हालांकि, मैच के दौरान ऐसा कुछ नहीं हुआ, लेकिन रोहित के जवाब ने फैंस का दिल जीत लिया। अब इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है।