फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शेष भारत 25वीं बार ईरानी ट्रॉफी चैंपियन

Sun, 10 Feb 2013 06:35 PM IST
मुंबई/खेल डेस्क
विज्ञापन
विज्ञापन
शेष भारत ने रणजी चैंपियन मुंबई के साथ पांच दिवसीय ईरानी ट्रॉफी मैच ड्रॉ खेलकर अपनी बादशाहत बरकरार रखते हुए 25वीं बार इस प्रतिष्ठित ट्रॉफी पर कब्जा किया।
विज्ञापन


मैच के आखिरी दिन शेष भारत ने अपनी दूसरी पारी पांच विकेट पर 389 रन पर घोषित कर दी। पहली पारी में मिली 117 रन की विशाल बढ़त के आधार पर शेष भारत ने मुंबई के सामने जीत के लिए 507 रन की विशाल चुनौती रखी।

पहली पारी में 409 रन पर सिमटने वाली मुंबई दूसरी पारी में चार विकेट पर 160 रन ही बना सकी और मैच बिना किसी नतीजे के समाप्त हो गया। ओपनर वसीम जाफर 101 रन की पारी खेलकर नाबाद लौटे। वहीं, शेष भारत ने लगातार आठवीं बार इस ट्रॉफी को जीतने के साथ ईरानी कप में अपनी सिल्वर जुबली भी मनाई।
विज्ञापन


ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले दो टेस्ट मैच के लिए भारतीय टीम में वापसी करने वाले हरभजन सिंह ने मुंबई की दूसरी पारी में दो विकेट चटकाए। सुरेश रैना और प्रज्ञान ओझा को एक-एक विकेट मिला। शेष भारत के लिए पहली पारी में 134 और दूसरी पारी में 71 रन बनाने वाले सुरेश रैना ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ बने।

इससे पहले शेष भारत ने सुबह दूसरी पारी में चार विकेट पर 296 रन से आगे खेलना शुरू किया। अंबाती रायडू और सुरेश रैना ने पांचवें विकेट के लिए 145 रन की साझेदारी निभाई। रायडू ने 289 गेंद में 12 चौकों और चार छक्कों के साथ 156 रन की नाबाद पारी खेली। रैना 106 गेंद में आठ चौके और तीन छक्कों के साथ 71 रन बनाकर आउट हुए।

दूसरी ओर, मुंबई की शुरुआत खराब रही और ओपनर आदित्य तारे 11 जबकि अजिंक्य रहाणे 25 रन बनाकर हरभजन सिंह का शिकार बने। रोहित शर्मा सिर्फ एक रन बनाकर पवेलियन लौट गए। कप्तान अभिषेक नायर दो रन बनाकर आउट हुए। पहली पारी में शानदार शतक जड़ने वाले सचिन तेंदुलकर बल्लेबाजी के लिए मैदान पर नहीं उतरे।

चयनकर्ताओं को प्रभावित नहीं कर सके रैना
शेष भारत के लिए पहली पारी में शानदार 134 और दूसरी पारी में 71 रन की पारी खेलकर ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ बने सुरेश रैना के लिए ईरानी ट्रॉफी जीत फीकी रही। दोनों पारियों में शानदार बल्लेबाजी करने के बाद रैना को उम्मीद थी कि उन्हें ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम में चुन लिया जाएगा। लेकिन रैना की यह उम्मीद उस वक्त टूट गई जब चयनकर्ताओं ने पहले दो टेस्ट मैचों के लिए चुनी गई टीम में उन्हें जगह नहीं दी।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें