दक्षिण अफ्रीकी तेज गेंदबाजों के प्रहार से बुरी तरह कराह रहे टीम इंडिया के बल्लेबाजों को उछाल भरी गेंदों की प्रैक्टिस के लिए दिल्ली के नवदीप सैनी और मुंबई के शार्दुल ठाकुर को जोहांसबर्ग बुलाया गया है। हालांकि इन दोनों ही गेंदबाजों को पहले ही बुलाया गया था, लेकिन सैनी ने दक्षिण अफ्रीकी दौरे की बजाय रणजी ट्राफी फाइनल को वरीयता दी। तीसरे टेस्ट में सही इज्जत बचाने और व्हाइट वॉश से बचने के लिए इन दोनों गेंदबाजों को बतौर नेट गेंदबाज जोहांसबर्ग भेजा जा रहा है।
बीसीसीआई से जुड़े सूत्र बताते हैं कि इन दोनों ही गेंदबाजों के गुरुवार की रात या शुक्रवार तक दक्षिण अफ्रीका रवाना होने की उम्मीद है। वांडरर्स की पिच उछाल भरी गेंदों के लिए मशहूर है। सैनी और ठाकुर की गेंदों में तेजी भी है और दोनों उछाल भी पैदा कर सकते हैं। साथ ही दोनों ही गेंदबाज आउट स्विंग भी बखूबी करा लेते हैं। टीम मैनेजमेंट को नेट पर प्रैक्टिस के लिए ऐसे ही गेंदबाजों की जरूरत है। इसी को ध्यान में रखते हुए एक बार फिर टीम मैनेजमेंट ने इन दोनों की डिमांड की है।
बोर्ड सूत्रों का कहना है कि टीम मैनेजमेंट नेट पर लंबे गेंदबाजों की प्रैक्टिस की लगातार मांग कर रहा है। ये दोनों गेंदबाज लंबे भी हैं। इन दोनों के जाने से शमी, इशांत, बुमराह और भुवनेश्वर पर तीसरे टेस्ट से पहले नेट प्रैक्टिस कराने का बोझ कम होगा।