बात 1999 की है, जब पाकिस्तानी टीम 2 टेस्ट और त्रिकोणीय वनडे सीरीज खेलने भारत दौरे पर आई हुई थी। भारतीय टीम चेन्नई में हुआ पहला टेस्ट पाकिस्तान से केवल 12 रन के अंतर से हार चुकी थी। दूसरा टेस्ट दिल्ली के फिरोजशाह कोटला मैदान पर 4 फरवरी से शुरू हुआ इस मैच में भारत ने पाकिस्तान को 212 रनों से हराकर सीरीज को 1-1 से ड्रा कराया।
दूसरे टेस्ट में अनिल कुंबले ने पाकिस्तान की दूसरी पारी में सभी 10 विकेट झटक भारत को जीत दिलाई थी। भारत यह मैच चौथे ही दिन जीत गया था। यह मैच क्रिकेट इतिहास में कुंबले के 'परफेक्ट 10' के नाम से दर्ज हो गया। हालांकि एक पारी में 10 विकेट लेने का कारनामा इससे पहले इंग्लैंड के गेंदबाज जिम लेकर 1956 में कर चुके थे। आइए जानते हैं क्या हुआ था उस टेस्ट मैच में...
कुंबले ने कैसे लिए 10 विकेट देखने के लिए यहां क्लिक करें।
भारत ने टॉस जीता
इस मैच में भारत के कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। भारतीय टीम ने पहली पारी में 252 रन बनाए। जवाब में पाकिस्तानी टीम पहली पारी में 172 पर ही सिमट गई। दूसरी पारी में भारतीय टीम ने 339 रन बनाए। पहली पारी के आधार पर मिली 80 रनों की बढ़त की बदौलत भारत ने पाक को 420 रनों का लक्ष्य दिया।
पाकिस्तान का जवाब
420 रनों का पीछा करते हुए पाकिस्तान ने शाहिद अफरीदी और सईद अनवर को ओपनिंग में भेजा। दोनों ने पाकिस्तान को धमाकेदार शुरुआत दी। 24 ओवर में पाकिस्तान ने बिना किसी नुकसान के 100 रन बना लिए थे।
कुंबले का करिश्माः ऐसे गिरा पहला और दूसरा विकेट
मैच के 25वें ओवर की दूसरी गेंद पर कुंबले ने खतरनाक दिख रहे अफरीदी को 41 के स्कोर पर अपनी गुगली में फंसाते हुए कीपर के हाथों कैच करवा भारत को पहली सफलता दिलाई। अगली ही गेंद पर क्रीज पर आए एजाज अहमद बिना खाता खोले कुंबले की गेंद पर एलबीडब्ल्यू आउट होकर चलते बने। 25वें ओवर (24.2, 24.3) में 2 विकेट गिरे। अफरीदी (41) और एजाज अहमद (0) पर आउट हुए। यह दोनों विकेट 101 के स्कोर पर गिरे।
तीसरे और चौथे विकेट के लिए नहीं करना पड़ा इंतजार
भारत को पाकिस्तान के तीसरे और चौथे विकेट के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ा। अभी पाकिस्तान के स्कोर में 14 रन ही जुड़े थे कि कुंबले ने एक ही ओवर में इंजमाम और यूसुफ योहाना को आउट कर दिया। 29वें ओवर (28.3, 28.5) में 2 विकेट। इंजमाम (6) और यूसुफ योहाना (0) पर आउट हुए। यह दोनों विकेट 115 के स्कोर पर गिरे।
5वां और छठा विकेट कुंबले ने लगातार दो ओवरों में उखाड़ा
कुंबले ने विकेट कीपर मोइन खान को केवल 3 के स्कोर पर (36.1 ओवर) गांगुली के हाथों कैच करा पवेलियन भेज दिया। और अपने अगले ओवर (38.3 ओवर) में ही अर्धशतक लगाकर क्रीज पर जमे सईद अनवर (69) को आउट कर भारत को छठीं सफलता दिलाई।
सातवें विकेट के लिए भारत को करना पड़ा इंतजार
6 विकेट गिरने के बाद तक यह किसी को उम्मीद नहीं थी कि कुंबले की सभी विकेट लेने वाले हैं, इसलिए कुंबले की गेंदबाजी रोक हरभजन से गेंदबाजी कराई गई। इस बीच पाकिस्तान ने 60 रन स्कोर में जोड़ लिए। 55वें ओवर में जब कुंबले फिर गेंदबाजी पर आए तो पहली ही गेंद पर सलीम मलिक को बोल्ड मार दिया।
कुंबले ने लगातार दो गेंदों पर झटके 8वां और नौंवा विकेट
अनिल कुंबले की गेंद फिरोजशाह के मैदान पर किसी भी बल्लेबाज का समझ नहीं आ रही थी। मैच के 59वें ओवर की पांचवीं और अंतिम गेंद पर कुंबले ने मुश्ताक अहमद (1) और सकलैन मुश्ताक (0) को आउट कर भारत को जीत के नजदीक पहुंचा दिया। इस समय पाकिस्तान का स्कोर 198 रन था।
अंतिम विकेट मिलते ही बन गया इतिहास
भारतीय कप्तान अजहर हर हाल में अंतिम विकेट भी कुंबले के नाम करवाना चाहते थे। हालांकि इसके लिए ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ा। मैच का 60वां ओवर श्रीनाथ ने फेंका। इस ओवर में श्रीनाथ ने कोई भी गेंद स्टंप पर नहीं फेंकी। इस ओवर में 9 रन बने जिसमे 1 व्हाइट भी था। अगले ही ओवर की तीसरी गेंद पर पाक कप्तान वसीम अकरम (37) को लक्ष्मण के हाथों कैच करवा कुंबले ने एक पारी में सभी 10 विकेट लेने का कारनामा कर दिया।
अनिल कुंबले का 17 अक्टूबर को जन्मदिन है। कुंबले को जन्मदिन की बधाई देने के लिए अपने संदेश लिखें।