भारतीय टीम के दिग्गज बल्लेबाज सुनील गावस्कर को ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन के संन्यास लेने का फैसला रास नहीं आया है। गावस्कर ने अश्विन के संन्यास के समय पर सवाल खड़े किए हैं और कहा है कि इस स्पिनर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चल रही बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के बाद यह फैसला लेना चाहिए था। अश्विन ने गाबा में खेले गए तीसरे टेस्ट मैच के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था।
अश्विन ने अटकलों पर लगाया विराम
अश्विन के संन्यास लेने की चर्चा उस वक्त शुरू हो गई थी जब भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच गाबा टेस्ट के पांचवें दिन जब बारिश के कारण मैच रुका और अश्विन विराट कोहली के साथ ड्रेसिंग रूम में काफी देर चर्चा करते दिखे थे। कोहली बहुत देर तक अश्विन से बात करते रहे और इस दौरान उनके कंधे पर हाथ रखे हुए थे। बात खत्म होने के कारण कोहली अश्विन से गले मिले। इन तस्वीरों के सामने आने के बाद यह संकेत मिलने लगे कि अश्विन कुछ बड़ा फैसला ले सकते हैं। इसके कुछ देर बाद ही अश्विन कप्तान रोहित शर्मा के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस में गए और उन्होंने संन्यास की घोषणा कर दी।
'सीरीज के बाद लेना चाहिए था फैसला'
गावस्कर का कहना है कि अश्विन के संन्यास का फैसला लेने से भारतीय टीम में अब एक खिलाड़ी कम रहेगा। भारतीय टीम के पूर्व कप्तान का मानना है कि अश्विन को सिडनी टेस्ट में प्लेइंग-11 में शामिल होने का मौका मिल सकता था क्योंकि वहां की पिच स्पिनरों के मददगार वाली है। गावस्कर ने कहा, अश्विन को कहना चाहिए था कि देखिए सीरीज के खत्म होने के बाद मैं भारतीय टीम के चयन के लिए उपलब्ध नहीं रहूंगा। इससे टीम में एक खिलाड़ी कम हो गया। अगर कोई खिलाड़ी चोटिल होता है तो टीम प्रबंधन को रिजर्व खिलाड़ियों में किसी को चुनना होगा। सिडनी ऐसा ग्राउंड है जहां स्पिनरों को थोड़ी मदद मिलती है, ऐसे में भारत दो स्पिनर के साथ उतर सकता था। अश्विन उस मैच में दिख सकते थे।
रोहित-विराट ने भी सराहा
अश्विन के संन्यास लेने के फैसले के बाद भारतीय कप्तान रोहित शर्मा और स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने भारतीय ऑफ स्पिनर के योगदान को सराहा। रोहित ने कहा, अश्विन अपने फैसले को लेकर पूरी तरह निश्चित थे। वह जो चाहते हैं हम उनके साथ खड़े हैं। पर्थ में पहुंचने के बाद मैंने अश्विन के संन्यास के बारे में सुना था। वह जानते हैं कि टीम क्या सोचती है। मैंने उन्हें पिंक बॉल टेस्ट तक टीम में बने रहने के लिए मनाया था।
कोहली ने अश्विन के लिए सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा, मैंने आपके साथ 14 साल बिताए और जब आपने मुझे अपने संन्यास लेने के फैसले के बारे में बताया तो इसने मुझे भावुक कर दिया और इतने वर्षों तक आपके साथ खेलने की यादें मेरे दिमाग में आने लगी। अश्विन मैंने आपके साथ बिताए हर पल का आनंद लिया है। आपकी प्रतिभा और भारतीय क्रिकेट में आपके मैच विजयी प्रदर्शन शानदार है और आप हमेशा भारतीय क्रिकेट में दिग्गज खिलाड़ी के तौर पर याद किए जाएंगे।
लियोन बोले- अश्विन के प्रति सम्मान है
ऑस्ट्रेलिया के अनुभवी ऑफ स्पिनर नाथन लियोन ने कहा, अश्विन के प्रति काफी सम्मान है क्योंकि उनका वर्षों तक मैदान के अंदर और बाहर व्यवहार शानदार रहा है। उनकी प्रतिभा अभूतपूर्व है। अलग-अलग मामलों पर हमारी राय विभिन्न है और इसमें सही या गलत की बात नहीं है। लेकिन अश्विन जैसे गेंदबाज के साथ चर्चा करना अपने आप में शानदार है।
सचिन ने भी दी प्रतिक्रिया
क्रिकेट के भगवान सचिन तेंदुलकर ने भी अश्विन के फैसले पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा- अश्विन, मैं हमेशा से आपकी इस बात की प्रशंसा करता रहा हूं कि आप किस तरह से खेल को अपने दिमाग और दिल के साथ एकदम सही तालमेल के साथ खेलते हैं। कैरम बॉल को बेहतरीन तरीके से खेलने से लेकर महत्वपूर्ण रन बनाने तक, आपने हमेशा जीत का कोई न कोई रास्ता निकाल ही लिया। आपको एक होनहार प्रतिभा से भारत के सबसे बेहतरीन मैच विजेताओं में से एक बनते देखना अद्भुत रहा है। आपकी यात्रा से पता चलता है कि सच्ची महानता प्रयोग करने और विकसित होने से कभी न डरने में निहित है। आपकी विरासत सभी को प्रेरित करेगी। आपकी दूसरी पारी के लिए आपको शुभकामनाएं।
श्रेयस अय्यर ने दी भविष्य के लिए शुभकामनाएं
श्रेयस अय्यर ने कहा- अश्विन आपके साथ और आपके खिलाफ खेलना बहुत ही आनंददायक रहा। आपके साथ खेली गई यह पारी मेरी सबसे प्यारी यादों में से एक है। आपको आपकी सेवानिवृत्ति के लिए शुभकामनाएं।