गुजरात टाइटंस के खिलाफ आईपीएल 2026 में मिली खिताबी जीत के बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के मुख्य कोच एंडी फ्लावर ने विराट कोहली को जमकर सराहा है। कोहली ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में नाबाद 75 रन बनाए और अपनी टीम को लगातार दूसरी बार ट्रॉफी दिलाने में अहम भूमिका निभाई। आरसीबी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया है जिसमें जीत के बाद खिलाड़ी ड्रेसिंग रूम में बैठे हैं और कोच फ्लावर सभी को संबोधित कर रहे हैं। इस दौरान फ्लावर ने कोहली को लिए आरसीबी के ड्रेसिंग रूम की धड़कन बताया।
अंत तक टिके रहे कोहली
गुजरात के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए आरसीबी के लिए कोहली के साथ वेंकटेश अय्यर पारी की शुरुआत करने उतरे। वेंकटेश इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर उतरे थे। इन दोनों बल्लेबाजों ने तेजी से खेलना शुरू किया और गुजरात के गेंदबाजों पर दबाव बनाया। वेंकटेश और कोहली के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हुई, लेकिन पांचवें ओवर में मोहम्मद सिराज ने वेंकटेश को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। वेंकटेश 16 गेंदों पर 32 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद देवदत्त पडिक्कल (1), कप्तान रजत पाटीदार (15) और क्रुणाल पांड्या (1) के विकेट गंवाए। आरसीबी ने 91 के स्कोर पर चार विकेट गंवा दिए थे और लग रहा था कि यहां से गुजरात मैच फंसा सकती है, लेकिन सामने कोहली खड़े थे और उन्होंने गुजरात के गेंदबाजों का बेहतरीन तरीके से सामना किया। कोहली 42 गेंदों पर नौ चौकों और तीन छक्कों की मदद से 75 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि जितेश शर्मा 11 रन बनाकर नाबाद लौटे।
आरसीबी के खिलाड़ियों की तारीफ की
जीत के बाद फ्लावर ने कहा, विराट मुझे पता है कि आप पर बहुत ध्यान दिया जाता है और यह सही भी है। मैं इसे कम करके नहीं आंकना चाहता क्योंकि आप इस ड्रेसिंग रूम की धड़कन हैं। आपने मैदान पर उतरकर बेहतरीन विपक्षी टीम का सामना किया। आप मैदान पर जो साहस दिखाते हैं वो हम सभी के लिए आदर्श है और मैं आप सभी के बारे में यही कहूंगा।
फ्लावर ने कहा, जब भी इस सीजन के बारे में सोचता हूं, विशेषकर प्लेऑफ के मैचों के बारे में तो जो बात सबसे ज्यादा मेरा ध्यान खींचती है वो मैदान पर आप लोगों का निडर रवैया है। जब आप शीर्ष स्तर पर खेल रहे होते हैं चाहे टेस्ट क्रिकेट हो या विश्व कप तो आपको निश्चित रूप से बहुत कुशल होना चाहिए, आपके पास क्रिकेट की समझ होने के साथ ही दिल भी होना चाहिए। हमने इस साल यह बखूबी देखा है। आप लोगों में से कई खिलाड़ियों ने इसका उदाहरण भी दिया है।
भुवनेश्वर-क्रुणाल के लिए क्या बोले कोच?
भुवनेश्वर कुमार की सराहना करते हुए कोच ने कहा, भुवी जिस तरह से आपने इस सीजन गेंदबाजी का नेतृत्व किया। आपने कौशल के साथ बड़ी चतुराई से गेंदबाजी की। आप ऐसा करते आ रहे हैं। डैथ ओवरों में बेहतरीन खिलाड़ी आपका सामना करते हैं। मैं बहुत आभारी हूं कि आप जैसे खिलाड़ी मेरे साथ हैं। क्रुणाल पांड्या आप लंबे समय से आईपीएल का हिस्सा हैं और विजेता टीम का हिस्सा भी रहे हैं। आपमें कुछ ऐसा है जिससे दूसरे लोग भी प्रभावित होते हैं। अपने तरीके से आपने टीम में योगदान दिया है। लोगों को आप पर भरोसा रहता है कि दबाव में भी आप धैर्य बनाए रखेंगे। आप सभी लोगों को बहुत बधाई।