रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और गुजरात टाइटंस की टीम अपने दूसरे खिताब से एक कदम दूर हैं। इन दोनों टीमों ने शुरुआत से लेकर अंत तक शानदार प्रदर्शन किया। ग्रुप चरण के बाद गुजरात और आरसीबी के बीच क्वालिफायर-1 में सामना हुआ था। इस मैच में आरसीबी ने एकतरफा अंदाज में गुजरात को मात दी थी, लेकिन फाइनल मुकाबला एकदम अलग होगा। दोनों ही टीमों पर इस मैच का दबाव होगा, जबकि आरसीबी गुजरात के होम ग्राउंड पर टीम को चुनौती देगी।
दो टीम, अलग शैली
- आईपीएल 2026 के इस फाइनल मुकाबले में दो अलग-अलग खेल शैलियों की टक्कर देखने को मिलेगी।
- आरसीबी ने अपने आक्रामक और बेखौफ अंदाज से टूर्नामेंट में दबदबा कायम किया है।
- वहीं गुजरात ने धैर्य और संयमित खेल से प्रभावित करते हुए पांच वर्षों में तीसरी बार फाइनल का टिकट पक्का किया है।
- कागजों पर मौजूदा चैंपियन आरसीबी को 2022 की विजेता गुजरात के खिलाफ मजबूत दावेदार माना जा रहा है, क्योंकि इस पूरे टूर्नामेंट में उनका बेखौफ और जोखिम भरा खेल बेहद प्रभावशाली रहा है।
आरसीबी के लिए कौन करेगा पारी की शुरुआत
आईपीएल के मौजूदा सीजन में आरसीबी के लिए विराट कोहली के साथ फिल सॉल्ट अधिकतर समय ओपनिंग के लिए उतरे और इनकी जोड़ी हिट भी रही। लेकिन सॉल्ट के चोटिल होने के बाद वेंकटेश अय्यर ने कोहली के साथ साझेदारी जमाई और पिछले कुछ मैचों में वह टीम को मजबूत शुरुआत दिलाने में सफल रहे हैं। अब ये भी देखना होगा कि फाइनल के लिए सॉल्ट उपलब्ध रहते हैं या नहीं। अगर सॉल्ट इस मैच में खेले तो वेंकटेश इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर उतर सकते हैं।
भुवनेश्वर-हेजलवुड से रहना होगा सावधान
आरसीबी की गेंदबाजी इकाई भी इस बार किफायती और प्रभावी रही है, जिसने पावरप्ले में ही विरोधी बल्लेबाजों पर दबाव बनाया है। भुवनेश्वर कुमार की अगुआई वाली इस गेंदबाजी को गुजरात टाइटंस के शानदार लय में चल रहे शीर्ष क्रम के खिलाफ अपने सर्वोच्च स्तर पर प्रदर्शन करना होगा। भुवनेश्वर और जोश हेजलवुड नई गेंद से प्रभावी रहे हैं और शुरुआत में ही गुजरात को झटके दे सकते हैं।
गुजरात को शीर्ष क्रम से आस
आरसीबी के खिलाफ क्वालिफायर-1 मैच में गुजरात की बल्लेबाजी एकदम बेदम रही थी। टीम ने पावरप्ले में ही पांच विकेट गंवा दिए थे, लेकिन टीम ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ दमदार बल्लेबाजी की। गुजरात की सबसे बड़ी ताकत उसका शीर्ष क्रम है। साई सुदर्शन और शुभमन गिल की जोड़ी शानदार रही है और उन्होंने प्लेऑफ में किसी भी विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी की है। गिल-सुदर्शन की सलामी जोड़ी ने टी20 में 11वीं बार शतकीय साझेदारी निभाई है जो सर्वाधिक है। ऐसे में गुजरात को एक बार फिर अपने शीर्ष क्रम से आस होगी जो अब तक टीम की नींव रहे हैं। गिल और सुदर्शन के अलावा जोस बटलर भी आक्रामक बल्लेबाजी कर सकते हैं।
तेज गेंदबाजों की तिकड़ी को दिखाना होगा दम
गुजरात फाइनल में राहुल तेवतिया को इम्पैक्ट प्लेयर के बजाए प्लेइंग-11 में उतार सकता है जिससे उसे एक अतिरिक्त बल्लेबाज मिलेगा। आरसीबी के खिलाफ गुजरात को अपनी गेंदबाजी भी मजबूत रखनी होगी। कगिसो रबाडा, प्रसिद्ध कृष्णा और मोहम्मद सिराज की तिकड़ी को भी दमदार प्रदर्शन करना होगा। अगर गुजरात के लिए ये तीन बल्लेबाज फाइनल में चल गए तो आरसीबी के लिए राहें मुश्किल हो सकती हैं। गुजरात टाइटंस भले ही संयमित टीम रही हो, लेकिन इस बार वह आरसीबी की आक्रामकता को रोकने के लिए किसी मौके की हाथ से नहीं जाने देगी। ऐसे में यह फाइनल एक बेहद रोमांचक मुकाबला बनने की पूरी संभावना रखता है।
आरसीबी बनाम गुजरात
- फोटो : IPL
इस मैच के लिए दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11:
आरसीबी: वेंकटेश अय्यर, विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, क्रुणाल पांड्या, भुवनेश्वर कुमार, जैकब डफी, जोश हेजलवुड, रासिख सलाम डार।
गुजरात टाइटंस: साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), निशांत सिंद्धू, वाशिंगटन सुंदर, जेसन होल्डर, राहुल तेवतिया, राशिद खान, प्रसिद्ध कृष्णा, कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज।