सॉल्ट का कैच छोड़ने के बाद निराश बटलर
- फोटो : IPL/BCCI
आईपीएल 2025 में गुजरात टाइटंस को दूसरी जीत दिलाने वाले जोस बटलर ने कहा है कि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के ओपनर फिल सॉल्ट का कैच छोड़ने के बाद वह शर्मिंदा महसूस कर रहे थे। तभी उन्होंने गुजरात को जीत दिलाने के बारे में सोच लिया था। बटलर ने 39 गेंद पर नाबाद 73 रन बनाए जिससे गुजरात की टीम ने मुकाबला आठ विकेट से अपने नाम किया।
बटलर ने कहा कि सॉल्ट का कैच छोड़ने के बाद वह शर्मिंदा महसूस कर रहे थे, लेकिन इसकी भरपाई बल्लेबाजी से करने को लेकर प्रतिबद्ध थे। इंग्लैंड के धाकड़ बल्लेबाज बटलर ने मैच के बाद कहा, 'मैं नहीं जानता कि ऐसा कैसे हुआ, लेकिन मैं शर्मिंदा महसूस कर रहा था। हम सभी जानते हैं कि सॉल्ट कितने विस्फोटक बल्लेबाज हैं। इसलिए मैं कैच छोड़ने की भरपाई बल्लेबाजी में करने को लेकर प्रतिबद्ध था।'
बटलर ने आरसीबी के पहले ओवर में ही मोहम्मद सिराज की गेंद पर सॉल्ट का कैच छोड़ दिया था। बटलर ने बाद में स्वीकार किया कि उनकी टीम ने अच्छी फील्डिंग नहीं की। उन्होंने कहा, 'एक टीम के रूप में पर हमारी फील्डिंग अच्छी नहीं थी। अगर हमने अच्छी फील्डिंग की होती तो हमें छोटे लक्ष्य का पीछा करना पड़ता। यह अच्छा है कि हम जीत हासिल करने में सफल रहे। हमारे गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया।'
आरसीबी और जीटी के बीच मैच में क्या हुआ?
मैच की बात करें तो चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए आरसीबी ने 20 ओवर में आठ विकेट गंवाकर 169 रन बनाए थे। जवाब में गुजरात ने 17.5 ओवर में दो विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। आरसीबी की टीम एक समय 42 रन पर चार विकेट गंवा चुका थी, लेकिन लिविंगस्टोन ने 40 गेंद में पांच छक्कों और एक चौके से 54 रन की पारी खेलने के अलावा जितेश शर्मा (33) के साथ पांचवें विकेट के लिए 52 और टिम डेविड (32) के साथ सातवें विकेट के लिए 46 रन जोड़कर आरसीबी का स्कोर आठ विकेट पर 169 रन तक पहुंचाया।
इसके जवाब में टाइटंस ने जोस बटलर की 39 गेंद में छह छक्कों और पांच चौकों से नाबाद 73 रन की पारी के अलावा सलामी बल्लेबाज साई सुदर्शन (49 रन) के साथ उनकी दूसरे विकेट की 75 और शेरफेन रदरफोर्ड (18 गेंद में नाबाद 30 रन, तीन छक्के-एक चौका) के साथ तीसरे विकेट की 63 रन की अटूट साझेदारी से 17.5 ओवर में दो विकेट पर 170 रन बनाकर आसान जीत हासिल की। आरसीबी का अगला मैच सात अप्रैल को मुंबई इंडियंस से वानखेड़े में है। वहीं, गुजरात की टीम अपने अगले मैच में छह अप्रैल को हैदराबाद में सनराइजर्स का सामना करेगी।