शाहबाज अहमद ने एक ओवर में तीन विकेट लेकर मैच की तस्वीर बदल दी और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने आईपीएल के एक और रोमांचक मुकाबले में बुधवार को सनराइजर्स हैदराबाद को आसान दिख रही जीत से वंचित करके छह रन से पटखनी दी। ग्लेन मैक्सवेल के 41 गेंद में 59 रन के दम पर आरसीबी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए आठ विकेट पर 149 रन बनाए। जवाब में एक समय 14वें ओवर में एक विकेट पर 96 रन बना चुके सनराइजर्स 20 ओवर में नौ विकेट पर 143 रन ही बना सके । एक समय पर उसे 24 गेंद में 35 रन की जरूरत थी और खतरनाक बल्लेबाज जॉनी बेयरस्टो क्रीज पर थे।
शाहबाज अहमद के ओवर में पलटा मैच
इसके बाद विराट कोहली ने स्पिनर शाहबाज अहमद को गेंद थमाई। 17वें ओवर में इस युवा खिलाड़ी ने बेयरस्टो समेत तीन विकेट लेकर आरसीबी को मजबूती से मैच में लौटाया। पहली गेंद पर बेयरस्टो (12), दूसरी पर मनीष पांडे (39 गेंद में 38 रन) और आखिरी गेंद पर अब्दुल समाद (0) आउट हो गए। इसके बाद सनराइजर्स के मैच में वापसी के रास्ते भी बंद हो गए।
बेकार गई वार्नर की फिफ्टी
सनराइजर्स के लिए कप्तान डेविड वार्नर और पांडे ने दूसरे विकेट के लिए 83 रन जोड़े। वार्नर ने 37 गेंद में सात चौकों और एक छक्के की मदद से 54 रन बनाए। बाकी बल्लेबाजों ने हालांकि निराश किया। सनराइजर्स की यह दूसरी हार और आरसीबी की दूसरी जीत रही। इससे पहले वेस्टइंडीज के हरफनमौला जैसन होल्डर की अगुवाई में सनराइजर्स के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। होल्डर ने 30 रन देकर तीन विकेट लिए जबकि स्टार स्पिनर राशिद खान ने 18 रन देकर दो विकेट चटकाए।
2016 के बाद मैक्सवेल का अर्धशतक
आरसीबी के लिए मैक्सवेल ने सर्वाधिक रन बनाए और अपनी पारी में पांच चौके तथा तीन छक्के जड़े। कप्तान विराट कोहली ने 33, शाहबाज नदीम ने 14 और काइल जैमीसन ने 12 रन का योगदान दिया। कोहली और देवदत्त पडीक्कल (11) ने आरसीबी को अच्छी शुरूआत दिलाई, लेकिन सनराइजर्स को पहली सफलता के लिए ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ा। तीसरे ओवर में भुवनेश्वर कुमार ने पडीक्कल को आउट किया जो कोरोना संक्रमण से उबरने के बाद अपना पहला मैच खेल रहे थे। अगला विकेट शाहबाज अहमद के रूप में गिरा जब आरसीबी का स्कोर 47 रन था। मैक्सवेल ने इसके बाद हाथ खेलने शुरू किए और शाहबाज नदीम को 11वें ओवर की पहली तीन गेंद पर दो छक्के और एक चौका लगाया। कोहली ने भी इस ओवर में एक चौका जड़ा। दोनों ने 44 रन की साझेदारी की लेकिन होल्डर ने कोहली का कीमती विकेट लेकर इस साझेदारी को तोड़ा। मैक्सवेल ने आखिरी तीन ओवर में तीन चौके और एक छक्का लगाया।