रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु
- फोटो : ANI
बेंगलुरु ने प्लेऑफ में अब तक कुल मिलाकर 15 मैच खेले हैं, जो कि 10 बार प्लेऑफ में पहुंचने वाली टीम के लिए बेहद कम हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि टीम नॉकआउट मैचों को ज्यादातर मौकों पर पार नहीं कर सकी। इन 15 में से 10 मैचों में टीम को हार मिली है, जबकि पांच में उन्हें जीत मिली है। टीम ने 2011 और 2016 में दो बार क्वालिफायर-एक का मुकाबला खेला है। 2011 में उन्हें चेन्नई सुपर किंग्स ने हराया था। इसके बाद क्वालिफायर-दो में आरसीबी ने मुंबई इंडियंस को हराया और फाइनल में जगह बनाई। फिर फाइनल में सीएसके ने एक बार फिर आरसीबी को हराया। वहीं, 2016 में आरसीबी ने गुजरात लायंस को चार विकेट से हराया था। हालांकि, फाइनल में टीम को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ शिकस्त झेलनी पड़ी थी।
आरसीबी के लिए प्लेऑफ में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड विराट कोहली के नाम है। उन्होंने 15 पारियों में 26.23 की औसत और 121.78 के स्ट्राइक रेट से 341 रन बनाए हैं। वहीं, दूसरे नंबर पर 268 रन के साथ एबी डिविलियर्स और तीसरे नंबर पर 250 रन के साथ क्रिस गेल हैं। आरसीबी के लिए प्लेऑफ में सबसे ज्यादा विकेट श्रीनाथ अरविंद ने लिए हैं। उन्होंने प्लेऑफ में सात पारियों में 10 विकेट लिए हैं। इसके बाद नौ विकेट के साथ युजवेंद्र चहल दूसरे स्थान पर और सात विकेट के साथ मोहम्मद सिराज तीसरे नंबर पर हैं।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम: विराट कोहली, रजत पाटीदार (कप्तान), स्वास्तिक चिकारा, जितेश शर्मा, फिल सॉल्ट, मनोज भंडागे, टिम डेविड, क्रुणाल पांड्या, लियम लिविंगस्टोन, रोमारियो शेफर्ड, जैकब बेथेल, स्वप्निल सिंह, भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड, नुवान तुषारा, यश दयाल, रसिख डार सलाम, सुयश शर्मा, मोहित राठी, अभिनंदन सिंह, मयंक अग्रवाल, ब्लेसिंग मुजाराबानी, टिम सीफर्ट, लुंगी एनगिडी।