आईपीएल की सबसे अनलकी टीम मानी जाने वाली रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर इस बार नए कप्तान के साथ टूर्नामेंट में उतरेगी। पिछले सीजन के बाद विराट कोहली ने कप्तानी से खुद को हटा लिया था। इस पर टीम की कमान दक्षिण अफ्रीका फाफ डुप्लेसिस संभालेंगे। टीम ने नीलामी में कई अच्छे खिलाड़ियों को खरीदा है, लेकिन हमेशा की तरह एक बार फिर से टीम मैनेजमेंट बल्लेबाजी क्रम को लेकर कन्फ्यूज है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या विराट कोहली फिर से ओपनिंग करेंगे?
पावरप्ले में कोहली के रिकॉर्ड को देखें तो उन्होंने पिछले तीन सीजन में एक से छह ओवरों के बीच 130.16 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं। 19 खिलाड़ियों ने पिछले तीन साल में पावरप्ले के इस दौरान 250 से ज्यादा गेंदों का सामना किया है। कोहली का स्थान उनमें आठवां है। इस दौरान उनका औसत 37.40 रहा है। पिछले तीन सीजन में मिडिल ओवरों में कोहली का स्ट्राइक रेट 110.16 का रहा है। वे स्पिन के खिलाफ तेजी से रन नहीं बना सके हैं। ऐसे में हम कह सकते हैं कि कोहली बतौर ओपनर पिछले तीन सालों में ज्यादा सफल रहे हैं।
कोहली अगर ओपनिंग करते हैं तो रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को मध्यक्रम में अन्य खिलाड़ियों को आजमाने का मौका मिलेगा। विराट टूर्नामेंट में फाफ डुप्लेसिस के साथ ओपनिंग करते नजर आ सकते हैं। उनके बाद युवा खिलाड़ी अनुज रावत को आजमाया जा सकता है। चौथे क्रम पर ग्लेन मैक्सवेल का खेलना तय है। पांचवें और छठे नंबर पर दिनेश कार्तिक और महिपाल लोमरोर उतर सकते हैं।
आरसीबी की मजबूती: तेज गेंदबाजी और ओपनिंग
घातक गति आक्रमण के साथ बैंगलोर को इस बार डेथ ओवरों में कोई समस्या नहीं होगी। मोहम्मद सिराज ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड के साथ नई गेंद संभालेंगे। हर्षल पटेल, जेसन बेहरेनडॉर्फ, सिद्धार्थ कौल और इंग्लैंड के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज डेविड विली के रूप में आरसीबी के पास बेहतरीन विकल्प मजबूत है। टीम की एक मजबूती ओपनिंग जोड़ी भी है। अगर डुप्लेसिस और कोहली पारी की शुरुआत करते हैं तो सामने वाली टीम दबाव में रहेगी।
आरसीबी की कमजोरी: मध्यक्रम में विस्फोटक बल्लेबाज की कमी
'मिस्टर 360' एबी डिविलियर्स ने पिछले नवंबर में खेल के सभी प्रारूपों से संन्यास की घोषणा की थी। इसलिए वे आईपीएल 2022 में नहीं खेलेंगे। उनके नहीं होने का मतलब है कि आरसीबी को एक ऐसे बल्लेबाज की कमी खलेगी जो बीच में तेज गति से स्कोर कर सकता है। डिविलियर्स सिर्फ बीच में ही नहीं बल्कि डेथ ओवरों में भी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते थे। इस बार ग्लेन मैक्सवेल के कंधों पर अधिक जिम्मेदारियां होंगी। दिनेश कार्तिक पर भी सबकी नजरें होंगी। अब देखना है कि दोनों बल्लेबाज कैसे डिविलियर्स की कमी को पूरा करते हैं।
आरसीबी की पूरी टीम: फाफ डुप्लेसिस (कप्तान), विराट कोहली, मोहम्मद सिराज, ग्लेन मैक्सवेल, हर्षल पटेल, वनिंदु हसरंगा, दिनेश कार्तिक, जोश हेजलवुड, शाहबाज अहमद, अनुज रावत, आकाश दीप, महिपाल लोमरोर, फिन एलेन, शेरफेन रदरफोर्ड, जेसन बेहरेनडॉर्फ, सुयश प्रभुदेसाई, चामा मिलिंद, अनीश्वर गौतम, कर्ण शर्मा, सिद्धार्थ कौल, लवनित सिसोदिया, डेविड विली।