आईपीएल 2026 से पहले राजस्थान रॉयल्स की कप्तानी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। संजू सैमसन के बाद टीम की कमान किसे सौंपी जाएगी, इसे लेकर फैंस और क्रिकेट विशेषज्ञों के बीच लगातार बहस चल रही है। जहां यशस्वी जायसवाल और रियान पराग को संभावित विकल्प माना जा रहा था, वहीं अनुभवी ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा का नाम भी जोर-शोर से सामने आ रहा है। इसी बीच राजस्थान रॉयल्स के एक सोशल मीडिया पोस्ट ने अटकलों को और हवा दे दी है, जिससे फैंस एक बार फिर जडेजा को कप्तान बनाए जाने की संभावना पर चर्चा करने लगे हैं।
ट्रेड के जरिए राजस्थान लौटे जडेजा
रवींद्र जडेजा आईपीएल 2026 की नीलामी से पहले चेन्नई सुपर किंग्स से ट्रेड होकर राजस्थान रॉयल्स में शामिल हुए हैं। इससे पहले वह 2008 और 2009 में भी राजस्थान रॉयल्स के लिए खेल चुके हैं। खास बात यह है कि 2008 में टीम की ऐतिहासिक खिताबी जीत में जडेजा टीम का हिस्सा थे।
बतौर कप्तान जडेजा का अनुभव
रवींद्र जडेजा आईपीएल इतिहास के सबसे अनुभवी खिलाड़ियों में से एक हैं। उन्होंने अब तक चार टीमों के लिए आईपीएल में खेला है। इनमें राजस्थान रॉयल्स, कोच्चि टस्कर्स केरल, चेन्नई सुपर किंग्स और गुजरात लायंस शामिल हैं। 254 मैचों में जडेजा ने 3260 रन और 170 विकेट हासिल किए हैं। जडेजा ने आईपीएल 2022 में चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी की थी। उस सीजन में उन्होंने आठ मैचों में टीम का नेतृत्व किया, जिनमें से सीएसके को सिर्फ दो मैचों में जीत मिली। हालांकि, कप्तानी में उनका रिकॉर्ड साधारण रहा, लेकिन अनुभव और मैच जिताने की क्षमता उन्हें एक मजबूत दावेदार बनाती है।
राजस्थान के आठवें कप्तान बन सकते हैं जडेजा
अगर रवींद्र जडेजा को कप्तान बनाया जाता है, तो वह राजस्थान रॉयल्स के आठवें कप्तान होंगे। उनसे पहले शेन वॉर्न, शेन वॉटसन, राहुल द्रविड़, स्टीव स्मिथ, अजिंक्य रहाणे, संजू सैमसन और रियान पराग टीम का नेतृत्व कर चुके हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या राजस्थान रॉयल्स अनुभव को तरजीह देते हुए रवींद्र जडेजा को आईपीएल 2026 के लिए कप्तानी की जिम्मेदारी सौंपता है या फिर टीम किसी युवा चेहरे पर भरोसा जताती है।