सार
रवींद्र जडेजा अभी भी भारत की 2027 वनडे विश्व कप योजनाओं में शामिल हैं। स्पिन गेंदबाजी कोच साईराज बहुतुले ने कहा कि जडेजा की बल्लेबाजी, गेंदबाजी और अनुभव को देखते हुए उनकी उपयोगिता का आकलन किया जाएगा। भारत वेस्टइंडीज के खिलाफ मौजूदा वनडे सीरीज में अलग-अलग संयोजन आजमा रहा है, ताकि दक्षिण अफ्रीका में होने वाले विश्व कप के लिए सही टीम तैयार की जा सके।
अनुभवी ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा अभी भी भारत की 2027 वनडे विश्व कप योजनाओं का हिस्सा हैं। टीम के स्पिन गेंदबाजी कोच साईराज बहुतुले ने कहा कि जडेजा की बल्लेबाजी क्षमता और अनुभव को ध्यान में रखते हुए उनकी उपयोगिता का आकलन किया जा रहा है। उनके साथ अक्षर पटेल के विकल्प पर भी टीम नजर बनाए हुए है। 37 वर्षीय जडेजा अफगानिस्तान और इंग्लैंड के खिलाफ पिछली वनडे सीरीज में भारतीय टीम का हिस्सा नहीं थे। इसके बाद उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ तिरुवनंतपुरम में पहले वनडे से टीम में वापसी की। हालांकि, इस मुकाबले में वह विकेट नहीं ले सके और अपने 10 ओवर में 54 रन दिए।
रवींद्र जडेजा
- फोटो : BCCI
जडेजा को लेकर बहुतुले ने क्या कहा?
दूसरे वनडे की पूर्व संध्या पर बहुतुले ने कहा कि आने वाली सीरीज और टूर्नामेंट टीम को यह आकलन करने का मौका देंगे कि कौन सा खिलाड़ी किस परिस्थिति में ज्यादा उपयोगी साबित हो सकता है। उन्होंने कहा, 'अक्षर के भी साथ होने पर आने वाले टूर्नामेंट और सीरीज में हम प्रदर्शन का आकलन कर पाएंगे कि कौन हमारे लिए उपयोगी हो सकता है। लेकिन जडेजू अपनी बल्लेबाजी क्षमता और अनुभव के साथ निश्चित रूप से अच्छा कर रहे हैं और मुझे यकीन है कि आने वाले समय में उन पर विचार किया जाएगा।' बहुतुले ने जडेजा को उपयोगी ऑलराउंडर बताते हुए कहा कि वह बल्ले और गेंद दोनों से योगदान दे सकते हैं। उनके मुताबिक जडेजा ने पिछले छह महीनों में गेंदबाजी में भी सुधार किया है।
रवींद्र जडेजा
- फोटो : BCCI
श्रीलंका टेस्ट में भी किया प्रभावित
बहुतुले ने हाल में श्रीलंका के खिलाफ खेली गई दो टेस्ट मैचों की सीरीज में जडेजा के प्रदर्शन की भी तारीफ की। जडेजा ने इस सीरीज में आठ विकेट लिए थे। बहुतुले ने कहा कि जडेजा ने श्रीलंका में टेस्ट मैचों के दौरान अच्छी गेंदबाजी की और वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे में लंबे अंतराल के बाद वापसी करते हुए भी अच्छा प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि अभी सिर्फ एक मैच हुआ है, इसलिए आगे के मुकाबलों में उनके प्रदर्शन पर नजर रहेगी।
कुलदीप और शुभमन गिल
- फोटो : BCCI
कुलदीप को बताया मैच विनर
बहुतुले ने पहले वनडे में शानदार गेंदबाजी करने वाले कुलदीप यादव पर भी भरोसा जताया। बाएं हाथ के कलाई के स्पिनर ने 4/40 के आंकड़े के साथ भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। कुलदीप ने छह गेंदों के अंदर दो ओवरों में वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप, शतक लगाने वाले जस्टिन ग्रीव्स और ज्वेल एंड्रयू को आउट किया था। उनकी गेंदबाजी के दम पर भारत ने वेस्टइंडीज को 295/7 पर रोक दिया, जबकि मेजबान टीम ने 20वें ओवर में बिना विकेट खोए 135 रन बना लिए थे।
बहुतुले ने कहा कि कुलदीप हमेशा से भारत के लिए मैच विजेता रहे हैं और उनकी खास कलाई की स्पिन टीम के लिए अलग तरह की उपयोगिता रखती है। उन्होंने बताया कि कुलदीप अपनी कमियों पर काम करते रहते हैं और काउंटी क्रिकेट में भी खेलकर तैयारी कर चुके हैं।
हार्दिक पांड्या-रोहित शर्मा (फाइल फोटो)
- फोटो : ANI/BCCI
विश्व कप से पहले संयोजन पर नजर
हार्दिक पांड्या के चोटिल होने और कई खिलाड़ियों के एशियन गेम्स में व्यस्त होने के कारण भारत वेस्टइंडीज के खिलाफ मौजूदा वनडे सीरीज में अलग-अलग संयोजन आजमा रहा है। पहले वनडे में नमन धीर ने पदार्पण किया, जबकि मोहम्मद सिराज को आराम दिया गया। हार्दिक के बैकअप के तौर पर तैयार किए जा रहे नितीश कुमार रेड्डी ने नई गेंद से गेंदबाजी की।
बहुतुले ने कहा कि इन मुकाबलों का उद्देश्य अलग-अलग गेंदबाजी संयोजनों को आजमाना और यह समझना है कि किस खिलाड़ी को किस भूमिका में इस्तेमाल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि तेज गेंदबाजी विभाग में तीन प्रमुख तेज गेंदबाजों के साथ चौथे तेज गेंदबाज या ऑलराउंडर के विकल्प पर भी विचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सभी गेंदबाजों को अलग-अलग चरणों में पर्याप्त मौके दिए जाएंगे। ऐसे में गुरनूर बराड़ को भी नई गेंद से गेंदबाजी करते हुए देखा जा सकता है।
शुभमन गिल-गौतम गंभीर
- फोटो : PTI
दक्षिण अफ्रीका की परिस्थितियों के हिसाब से बनेगा संयोजन
2027 विश्व कप के लिए भारत की तैयारियों पर बहुतुले ने कहा कि अब मुख्य ध्यान दक्षिण अफ्रीका की परिस्थितियों के अनुकूल सही संयोजन तैयार करने पर होगा। उन्होंने कहा कि टीम में अनुभव और युवा खिलाड़ियों का अच्छा मिश्रण है और कई खिलाड़ी टीम में जगह बनाने के लिए दरवाजे पर दस्तक दे रहे हैं।
फील्डिंग को लेकर भी टीम लगातार काम कर रही है। बहुतुले ने कहा कि ओस और रोशनी के कारण रात के मुकाबलों में फील्डिंग चुनौतीपूर्ण हो सकती है, इसलिए इस क्षेत्र में लगातार सुधार की कोशिश जारी है। बहुतुले ने कहा कि टीम सही दिशा में आगे बढ़ रही है और विश्व कप से पहले बचे मौकों का इस्तेमाल संयोजन को बेहतर तरीके से तैयार करने के लिए किया जाएगा।