मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच के बाद चेन्नई के मौजूदा कप्तान रवींद्र जडेजा पूर्व कप्तान धोनी के सामने नतमस्तक हो गए। इस मैच में 155 रन का पीछा करते हुए धोनी पुरानी लय में नजर आए और 13 गेंद में 28 रन की पारी खेली। उन्होंने मैच की आखिरी गेंद में चौका लगाकर अपनी टीम को जीत दिलाई। इसके बाद जडेजा ने झुककर धोनी को सलाम किया और उनकी तूफानी पारी की तारीफ की। 40 साल के धोनी इस मैच में पुरानी लय में दिखे और आखिरी चार गेंदों में 16 रन बनाए। इन चार गेंदों में गेंदबाज ने यॉर्कर से लेकर बाउंसर तक हर तरह की गेंद आजमा ली थी, लेकिन धोनी से पार नहीं पा सके।
मैच खत्म होने के बाद धोनी के सामने जडेजा के झुककर धन्यवाद कहने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मैच खत्म होने के बाद दोनों टीमों के खिलाड़ी हाथ मिला रहे थे और सभी धोनी की पारी की तारीफ कर रहे थे। इस बीच जडेजा भी धोनी के सामने आए। उन्होंने झुककर धोनी को सलाम किया और फिर दोनों खिलाड़ी गले लग गए।