भारतीय टीम को अगले महीने इंग्लैंड के खिलाफ एक टेस्ट खेलना है। इससे पहले एक अच्छी खबर सामने आई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कोरोना से जूझ रहे भारतीय स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ठीक हो चुके हैं और 24 जून से लीसेस्टर के खिलाफ होने वाले प्रैक्टिस मैच से पहले टीम से जुड़ जाएंगे।
अश्विन ने कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद पिछले हफ्ते लंदन की फ्लाइट नहीं पकड़ी थी। भारतीय टीम के बाकी खिलाड़ी 16 जून को लंदन पहुंच गए थे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बीसीसीआई और टीम मैनेजमेंट ने बताया है कि अश्विन अगले 24 घंटे में लंदन की फ्लाइट पकड़ सकते हैं।
मीडिया रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि अगर 35 साल के अश्विन रिकवर नहीं कर पाते तो जयंत यादव को स्टैंडबाय रहने के लिए कहा गया था। हालांकि, अश्विन ने कोरोना को शिकस्त दे दी। कैरम बॉल स्पेशलिस्ट पिछले कुछ सालों में टेस्ट में शानदार फॉर्म में रहे हैं। उनके नाम इस फॉर्मेट में 86 टेस्ट में 442 विकेट हैं।
इससे पहले 20 जून को कोच राहुल द्रविड़, श्रेयस अय्यर और ऋषभ पंत भी टीम के साथ लीसेस्टर में जुड़ गए। 21 जून को श्रेयस और पंत ने प्रैक्टिस सेशन में हिस्सा भी लिया। ये तीनों दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हाल ही में हुई टी-20 सीरीज में व्यस्त थे। भारतीय टीम एक जुलाई से इंग्लैंड के खिलाफ एजबेस्टन में टेस्ट मैच खेलेगी।