फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

R Ashwin Retirement: अश्विन को क्यों कहा जाता है 'स्पिन का किंग'? 10 रिकॉर्ड जो उन्हें बनाते हैं बेताज बादशाह

Wed, 18 Dec 2024 02:36 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, ब्रिस्बेन

सार

Ravichandran Ashwin Records: अश्विन के नाम टेस्ट में 537 विकेट हैं और ऐसा माना जा रहा था कि वह कुछ वर्ष में अनिल कुंबले के 619 टेस्ट विकेट के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ देंगे। हालांकि, अब ऐसा नहीं हो सकेगा। अश्विन ने 15 साल के अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में कई रिकॉर्ड बनाए। आइए जानते हैं..
विज्ञापन
अश्विन ने संन्यास ले लिया है - फोटो : BCCI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

रविचंद्रन अश्विन ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया है। उन्होंने बुधवार को इसकी घोषणा की। अश्विन ने फैसले ने सभी को चौंका दिया क्योंकि किसी को इसकी भनक तक नहीं थी। 38 साल के अश्विन में अभी कुछ क्रिकेट बाकी थी और ऐसा माना जा रहा था कि वह कुछ और साल टेस्ट क्रिकेट खेल सकते हैं। हालांकि, अब वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलते नहीं दिखेंगे और सिर्फ आईपीएल और घरेलू टूर्नामेंट्स में नजर आएंगे।
विज्ञापन


अश्विन के नाम टेस्ट में 537 विकेट हैं और ऐसा माना जा रहा था कि वह कुछ वर्ष में अनिल कुंबले के 619 टेस्ट विकेट के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ देंगे। हालांकि, अब ऐसा नहीं हो सकेगा। अश्विन ने 15 साल के अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में कई रिकॉर्ड बनाए। वह महान स्पिनरों में गिने जाते हैं। मौजूदा समय में नाथन लियोन के साथ वह दुनिया के शीर्ष स्पिन गेंदबाज रहे। आइए अश्विन के ऐसे कुछ बड़े रिकॉर्ड्स के बारे में जानते हैं...

1. भारत के लिए टेस्ट में दूसरा सबसे ज्यादा विकेट

अश्विन - फोटो : BCCI
अश्विन टेस्ट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वालों में सातवें स्थान पर हैं। अश्विन के नाम 106 टेस्ट में 537 विकेट हैं। 59 रन देकर सात विकेट उनकी सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी है। इस दौरान उनका औसत 24.00 का और स्ट्राइक रेट 50.73 का रहा है। अश्विन टेस्ट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले भारतीय में अनिल कुंबले के बाद दूसरे नंबर पर हैं। कुंबले के नाम 619 टेस्ट विकेट थे।  

टेस्ट में सबसे ज्यादा विकेट
गेंदबाज विकेट
मुथैया मुरलीधरन 800
शेन वॉर्न 708
जेम्स एंडरसन 704
अनिल कुंबले 619
स्टुअर्ट ब्रॉड 604
ग्लेन मैक्ग्रा 563
रविचंद्रन अश्विन 537
नाथन लायन 533
कर्टली एम्ब्रोस 519

2. टेस्ट भारत के लिए एक पारी में सबसे ज्यादा बार 5 विकेट

अश्विन - फोटो : BCCI
अश्विन के नाम टेस्ट में 37 फाइव विकेट हॉल है, जो कि किसी भारतीय गेंदबाज द्वारा सबसे ज्यादा है। उनके बाद कुंबले का नंबर आता है। कुंबले ने टेस्ट में 35 बार पारी में पांच विकेट लिए थे। ओवरऑल सबसे ज्यादा पारी में पांच विकेट लेने का रिकॉर्ड श्रीलंका के मुथैया मुरलीधरन के नाम है। उन्होंने 67 बार ऐसा किया था। अश्विन शेन वॉर्न के साथ संयुक्त रूप से दूसरे नंबर पर हैं। 

टेस्ट में सबसे ज्यादा फाइव विकेट हॉल
गेंदबाज 5 विकेट हॉल
मुथैया मुरलीधरन 67
रविचंद्रन अश्विन 37
शेन वॉर्न 37
सर रिचर्ड हैडलि 36
अनिल कुंबले 35
हसन अली महम्मद रजा 34

3. टेस्ट में सबसे ज्यादा प्लेयर ऑफ द सीरीज अवॉर्ड

अश्विन - फोटो : BCCI
अश्विन टेस्ट में सबसे ज्यादा प्लेयर ऑफ द सीरीज अवॉर्ड जीतने वाले खिलाड़ी भी हैं। उन्होंने टेस्ट में 11 बार प्लेयर ऑफ द सीरीज अवॉर्ड जीता है। इस मामले में वह मुरलीधरन की बराबरी पर हैं। अश्विन 2011 में वनडे विश्व कप और 2013 में चैंपियंस ट्रॉफी जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रहे थे। हालांकि, इसके बाद वह कोई आईसीसी ट्रॉफी नहीं जीत सके।

टेस्ट में सबसे ज्यादा प्लेयर ऑफ द सीरीज अवॉर्ड
गेंदबाज मैच सीरीज अवॉर्ड
(कितने)
रविचंद्रन अश्विन 106 44 11
मुथैया मुरलीधरन 133 61 11
जैक कैलिस 166 61 9
इमरान खान 88 28 8
सर रिचर्ड हैडली 86 33 8
शेन वॉर्न 145 46 8

4. स्पिनर का बेस्ट बॉलिंग स्ट्राइक रेट

अश्विन - फोटो : BCCI
टेस्ट में 200 या इससे ज्यादा विकेट लेने वाले स्पिनर्स में अश्विन का स्ट्राइक रेट सबसे बेहतर है। गेंदबाजी औसत का मतलब है प्रति विकेट कितने रन खर्च किए गए। वहीं, गेंदबाजी स्ट्राइक रेट का मतलब है प्रति विकेट कितनी गेंद फेंकी। अश्विन के नाम स्पिनर्स का बेस्ट बॉलिंग स्ट्राइक रेट है। उनका स्ट्राइक रेट 50.7 का है। 

स्पिनरों में सबसे बेहतर स्ट्राइक रेट (200+ विकेट)
स्पिनर्स स्ट्राइक रेट (SR) मैच गेंदें विकेट औसत
रविचंद्रन अश्विन 50.7 106 27246 537 24.00
स्टुअर्ट मैकगिल 54.0 44 11237 208 29.02
मुथैया मुरलीधरन 55.0 133 44039 800 22.72
रवींद्र जडेजा 57.1 78 18233 319 24.05
शेन वॉर्न 57.4 145 40705 708 25.41
यासिर शाह 58.4 48 14255 244 31.38
रंगना हेराथ 60.0 93 25993 433 28.07

5. घर में कभी टेस्ट मैच मिस नहीं किया

अश्विन - फोटो : BCCI
अश्विन का एलान चौंकाने वाला है, क्योंकि वह भारतीय सरजमीं पर भारतीय स्पिन अटैक की धार थे। अश्विन ने भारत में 65 टेस्ट में 383 विकेट लिए। इसमें 29 बार पारी में पांच विकेट शामिल है। 2011/12 में अश्विन के डेब्यू के बाद से भारत ने घरेलू मैदान पर 65 टेस्ट खेले, अश्विन ने उनमें से प्रत्येक 65 टेस्ट खेले। घर पर बिना कोई मैच चूके उनसे ज्यादा टेस्ट सिर्फ एक खिलाड़ी ने खेला। इंग्लैंड के एलिस्टेयर कुक 2006 से 2018 के बीच घरेलू मैदान पर इंग्लैंड के लिए 83 टेस्ट में से प्रत्येक में खेले।

6. इस मामले में इयान बॉथम से पीछे

रविचंद्रन अश्विन-रवींद्र जडेजा - फोटो : BCCI
अश्विन ने चार बार किसी एक टेस्ट मैच में शतक बनाया और पांच विकेट लिए। वह इस मामले में सिर्फ महान इयान बॉथम से पीछे हैं। बॉथम ने ऐसा पांच बार किया था। अश्विन की पांच शतकीय पारियां इस प्रकार हैं- 124 रन vs वेस्टइंडीज, 118 रन vs वेस्टइंडीज, 113 रन vs वेस्टइंडीज, 113 रन vs बांग्लादेश, 106 रन vs इंग्लैंड, 103 रन vs वेस्टइंडीज।

अश्विन की टेस्ट में बेहतरीन पारियां
विपक्षी टीम मैदान रन बनाए
वेस्ट इंडीज ईडन गार्डन्स 124
वेस्ट इंडीज डारेन सैमी क्रिकेट ग्राउंड 118
वेस्ट इंडीज सर विवियन रिचर्ड्स स्टेडियम 113
बांगलादेश एमए चिदंबरम स्टेडियम 113
इंग्लैंड एमए चिदंबरम स्टेडियम 106
वेस्ट इंडीज वानखेड़े स्टेडियम 103

7. टेस्ट में बाएं हाथ के बल्लेबाजों का सबसे ज्यादा शिकार

एक टेस्ट मैच के दौरान रविचंद्रन अश्विन (फाइल) - फोटो : एएनआई
अश्विन टेस्ट में बाएं हाथ के बल्लेबाजों का सबसे ज्यादा शिकार करने वाले गेंदबाज भी हैं। उन्होंने 268 बार बाएं हाथ के बल्लेबाजों का शिकार किया है। इस लिस्ट में शीर्ष पांच गेंदबाजों में फिलहाल नाथन लियोन एकमात्र एक्टिव गेंदबाज हैं। अश्विन के बाद जेम्स एंडरसन का नंबर आता है। उन्होंने 221 बार बाएं हाथ के बल्लेबाजों का शिकार किया। स्टुअर्ट ब्रॉड 193 शिकार के साथ तीसरे, नाथन लियोन 188 शिकार के साथ चौथे और टिम साउदी 148 शिकार के साथ पांचवें स्थान पर हैं। लियोन को छोड़कर बाकी सभी टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कह चुके हैं।

टेस्ट में बाएं हाथ के बल्लेबाजों का सबसे ज्यादा शिकार
गेंदबाज कितने विकेट
रविचंद्रन अश्विन 268
जेम्स एंडरसन 221
स्टुअर्ट ब्रॉड 193
नाथन लियोन 188
टिम साउदी 148

8. अश्विन का सर्वश्रेष्ठ समय

जडेजा-अश्विन - फोटो : BCCI
अश्विन ने 2011/12 में वेस्टइंडीज के खिलाफ अपनी पहली सीरीज में 22 विकेट लेकर धमाकेदार तरीके से अपने करियर की शुरुआत की थी। 2014/15 में ऑस्ट्रेलिया दौरे तक चार वर्षों के दौरान 24 टेस्ट मैचों में घरेलू मैदान पर 24.12 और विदेशी धरती पर 56.58 के औसत से विकेट लिए और अपना दबदबा बनाए रखा। 2015 से 2021 तक एशिया में उनका औसत 20.88, इंग्लैंड में 27.00, ऑस्ट्रेलिया में 27.50 और वेस्टइंडीज में 23.17 का रहा। दक्षिण अफ्रीका (दो टेस्ट में 30.71) और न्यूजीलैंड (एक टेस्ट में 33.00) ऐसे देश रहे जहां उनका औसत 30 से ऊपर चला गया। घरेलू मैदान पर अश्विन अपनी पीक पर 2016/17 के दौरान दिखे। उन्होंने चार सीरीज में 13 टेस्ट मैचों में 82 विकेट हासिल किए, जो टेस्ट क्रिकेट इतिहास में एक सीजन में किसी गेंदबाज द्वारा सबसे अधिक विकेट हैं। उन्होंने इन 13 टेस्ट मैचों में मैराथन 4430 गेंदें फेंकी, जिनमें भारत का जीत-हार का रिकॉर्ड 10-1 था।

अश्विन का करियर प्रोग्रेशन
अवधि टेस्ट (होम) विकेट (होम) औसत (होम) टेस्ट (अवे) विकेट (अवे) औसत (अवे)
डेब्यू - जनवरी 2015 15 95 24.13 9 24 56.58
जुलाई 2015 - जुलाई 2021 32 191 20.79 23 103 24.51
अक्तूबर 2021 से 18 दिसंबर 2024 18 97 20.62 9 27 27.67

9. अश्विन और जडेजा की जोड़ी

अश्विन और जडेजा - फोटो : BCCI
अश्विन और रवींद्र जडेजा ने मिलकर 58 टेस्ट मैचों में 587 विकेट लिए हैं, जो किसी स्पिन जोड़ी द्वारा सबसे अधिक और कुल मिलाकर छठा सबसे ज्यादा विकेट हैं (प्रत्येक गेंदबाज 100+ विकेट के साथ)। इन 58 टेस्टों में से 49 टेस्ट घरेलू मैदान पर खेले गए हैं, जिनमें से भारत ने 35 जीते (जीत प्रतिशत 71.42) और केवल छह हारे। छह में से तीन भारत ने हाल ही में न्यूजीलैंड के खिलाफ गंवाए थे।

सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी जोड़ियां (टेस्ट मैचों में)
जोड़ियां टेस्ट विकेट
जेम्स एंडरसन - स्टुअर्ट ब्रॉड 138 1039
ग्लेन मैक्ग्रा - शेन वॉर्न 104 1001
मुथैया मुरलीधरन - चामिंडा वास 95 895
कर्टली एम्ब्रोस - कर्टली वॉल्श 95 762
मिचेल स्टार्क - नाथन लायन 87 688
रविचंद्रन अश्विन - रवींद्र जडेजा 58 587
विज्ञापन

10. नई गेंद से अश्विन हैं घातक (अन्य रिकॉर्ड्स)

अश्विन और जडेजा - फोटो : BCCI
नई गेंद (पहले 20 ओवर) के साथ अश्विन द्वारा लिए गए 133 विकेट टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में किसी स्पिनर द्वारा लिए गए सबसे ज्यादा विकेट हैं। उन्होंने इस चरण में 21.50 की आश्चर्यजनक औसत और 45.4 के स्ट्राइक रेट से विकेट लिया है। इस चरण में अगले सर्वश्रेष्ठ स्पिनर नाथन लियोन हैं, लेकिन उन्होंने अश्विन से आधे (73) विकेट लिए हैं। 2011/12 में टेस्ट डेब्यू के बाद से अश्विन की नई गेंद से 133 विकेट ओवरऑल दो गेंदबाज से कम हैं। इनमें जेम्स एंडरसन (146 विकेट) और स्टुअर्ट ब्रॉड (145 विकेट) शामिल हैं। 

अश्विन ने अपना करियर 3503 रन और 537 विकेट के साथ समाप्त किया और शेन वॉर्न और स्टुअर्ट ब्रॉड के बाद 3000+ रन और 500+ विकेट के दोहरे आंकड़े को छूने वाले तीसरे खिलाड़ी बन गए। अश्विन द्वारा एक सीरीज में 25+ विकेट हासिल करने के 25 मौके हैं। यह एक गेंदबाज द्वारा सबसे ज्यादा है। सूची में दूसरे स्थान पर वॉर्न और मुरलीधरन हैं, जिन्होंने छह-छह बार ऐसा किया। वहीं, भारतीयों में अश्विन के बाद कपिल देव (4 बार) का नाम आता है।
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें