भारतीय टीम के पूर्व मुख्य कोच रवि शास्त्री का मानना है कि जय शाह में अपने आसपास की चीजों को सीखने की जबरदस्त क्षमता है। वह बहुत जल्द उन्हें अपनाते हैं। बता दें कि, जय शाह अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के अध्यक्ष हैं और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव पद से इस्तीफा दे चुके हैं। उन्होंने एक दिसंबर को अध्यक्ष का पदभार संभाला था।
शाह पहुंचाएंगे आईसीसी को वित्तीय लाभ-रवि शास्त्री
पूर्व दिग्गज शास्त्री का मानना है कि जय शाह आईसीसी को वित्तीय लाभ पहुंचाने में मददगार होंगे। उन्होंने बताया कि कुछ ही वर्षों में आईसीसी की वित्तीय स्थिति में उल्लेखनीय प्रगति देखने को मिलेगी। इस दौरान शास्त्री ने शाह से जुड़े पुराने किस्से भी सुनाए। उन्होंने कहा- हर भारतीय को गर्व महसूस करना चाहिए। वह एक युवा व्यक्ति है। जब मैं कोच था, तब वह बीसीसीआई सचिव बने थे। उस वक्त उनके बारे में मुझे जो बात पसंद थी, वह थी अपने आस-पास की चीजों को समझने की उनकी क्षमता। उन्होंने यह बहुत जल्दी किया। वह समझते थे कि बीसीसीआई के लिए क्या जरूरी है। इसके अलावा वह सभी को साथ लेकर चलते थे। वह हमेशा काम पर ध्यान देते थे। मुझे लगता है कि वह आईसीसी में भी कमाल करेंगे।
शाह बने आईसीसी के सबसे युवा अध्यक्ष
जय शाह इस साल अगस्त में आईसीसी के निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए थे। वह इस पद को संभालने वाले सबसे युवा अध्यक्ष हैं। शाह ग्रेग बार्कले की जगह इस पद बैठे हैं जो नवंबर 2020 से आईसीसी अध्यक्ष के तौर पर काम कर रहे थे।
'जय शाह ने बहुत सीखा है'
शास्त्री ने आगे कहा, मुझे लगता है कि बहुत से लोग इस बात से हैरान होंगे कि वह इतनी जल्दी आईसीसी के पास कैसे जा सकते हैं। मुझे लगता है कि जब वह दो या तीन साल में आईसीसी का खजाना दिखाएंगे तो उन्हें सुखद आश्चर्य होगा, क्योंकि वह कोई मूर्ख नहीं हैं। उन्होंने बीसीसीआई के साथ काम करते हुए बहुत जल्दी सीख लिया है और यह अनुभव उनके लिए बहुत काम आएगा।