विश्व कप में खराब प्रदर्शन करने वाली टीमों पर उनके क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने गाज गिरानी शुरू कर दी है। मौजूदा विश्व कप में अफगानिस्तान का प्रदर्शन बेहद खराब रहा और इस टीम ने एक भी मैच नहीं जीता। नौ मैचों में शून्य अंक के साथ ये टीम दसवें स्थान पर रही और लीग राउंड में अफगानिस्तान बाहर हो गया।
विश्व कप में अफगानी टीम की कमान गुलबदीन नैब संभाल रहे थे। अब टीम के निराशाजनक प्रदर्शन की वजह से गुलबदीन नैब से टीम की कप्तानी छीन ली गई है। उनकी जगह राशिद खान सभी फॉर्मेट के लिए टीम का नया कप्तान नियुक्त किया गया है। जबकि असगर अफगान को उप-कप्तान बनाया गया है।
वर्ल्ड कप से पहले गुबदीन नैब को टीम की कप्तानी सौंपी गई थी। अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड को उम्मीद थी कि उनकी कप्तानी में कि टीम का प्रदर्शन बेहतर होगा, पर ऐसा नहीं हो सका। नैब इस टूर्नामेंट में टीम को संभाल नहीं पाए और अपनी कप्तानी में टीम को एक भी मैच में जीत नहीं दिला पाए। वर्ल्ड कप से पहले टीम के कप्तान असगर अफगान थे और उन्हें कुछ मैचों के लिए अंतिम ग्यारह में भी जगह नहीं मिली थी।
विश्व कप में अफगानिस्तान की टीम विवादों मे घिरी रही और टीम के कुछ खिलाड़ियों को टूर्नामेंट को बीच में ही छोड़ना पड़ा था। टीम के विकेटकीपर-बल्लेबाज मो. शहजाद को फिट होने के बावजूद टीम से बाहर कर दिया गया था। जिसके बाद उन्होंने कहा था कि टीम के भीतर भेदभाव का माहौल बन गया है।