रणजी टूर्नामेंट के दूसरे दिन मुंबई के 570 रनों के जवाब में रेलवे ने 82 के स्कोर पर दो विकेट गंवा दिए हैं। वहीं उत्तर प्रदेश की टीम ने दिल्ली के 235 रनों के जवाब में दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक छह विकेट के नुकसान पर 292 रन बना लिए हैं। इस तरह उत्तर प्रदेश को दिल्ली पर 52 रनों की बढ़त मिल गई है।
मुंबई बनाम रेलवे
मुंबई ने रेलवे के खिलाफ खेलते हुए पहली पारी में सचिन तेंदुलकर, अभिषेक नायर और अजिंक्य रहाणे के शतक की बदौलत 151 ओवर में 570 रन बनाए। वहीं मैच के दूसरे दिन बल्लेबाजी करने उतरी रेलवे की टीम 86 रनों के स्कोर तक पहुंचने में दो विकेट गंवा दिए हैं। नितिन भिल्ले 21 और संजय बांगर 36 रन बनाकर नाबाद हैं। मुंबई के गेंदबाज अजित आगरकर ने रेलवे के ओपनर शिवकांत शुक्ला (18) और अमित पुन्नीकर(9) को आउट किया। इससे पहले मुंबई की तरफ से सचिन (137), अजिंक्य रहाणे (129) और अभिषेक नायर ने नाबाद (107) रन बनाए। रेलवे की तरफ से कथूरिया और शुक्ला को 3-3 विकेट मिले जबकि मुरली कार्तिक ने 2 विकेट झटके।
दिल्ली बनाम उत्तर प्रदेश
दिल्ली के खिलाफ मैच में उत्तर प्रदेश मजबूत स्थिति में पहुंच गया है। मुकुल डागर(116) और मोहम्मद कैफ(91) की शानदार पारी की बदौलत दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक उत्तर प्रदेश ने छह विकेट के नुकसान पर 292 रन बना लिए हैं। पहली पारी के आधार पर उत्तर प्रदेश को दिल्ली पर 52 रनों की बढ़त मिल गई है। सुरेश रैना 19 और आमिर खान 4 नाबाद क्रीज पर मौजूद हैं। दिल्ली की ओर से सुमित नरवाल को तीन और इशांत शर्मा को दो विकेट मिले। इससे पहले वीरेंद्र सहवाग, गौतम गंभीर और विराट कोहली से सजी दिल्ली की टीम ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करते हुए 235 रन बनाए थे।