फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रणजी अपडेट: तमिलनाडु पर दिल्ली के गेंदबाजों का कहर

Mon, 26 Nov 2012 11:14 PM IST
नई दिल्ली/अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन
फिरोजशाह कोटला की जिस पर पिच पर पहले दो दिन गेंदबाज एक-एक विकेट के लिए तरस रहे थे। उसी विकेट पर परविंदर अवाना और पवन सुयाल की गेंदों का सामना तमिलनाडु के दिग्गज बल्लेबाज नहीं कर सके। मेहमान महज 226 रन पर सिमट गए। नतीजतन उन्हें फालोऑन खेलने के लिए मजबूर होना पड़ा। दूसरी पारी में तमिलनाडु ने बिना विकेट खोए दो रन बनाए हैं।
विज्ञापन


दिन की पहली ही गेंद पर खब्बू पवन सुयाल ने जमकर खेल रहे बाबा अपराजित (25) को कप्तान धवन के हाथों कैच कराया। इसके बाद अरुण कार्तिक (आठ) और बद्रीनाथ (19) भी चलते बनें। यहां से दिनेश कार्तिक ने प्रसन्ना के साथ पांचवें विकेट के लिए 108 रन की साझेदारी की। प्रसन्ना 58 पर रजत भाटिया का शिकार बनें।

लेकिन कार्तिक 75 पर विकास मिश्रा को मारने के चक्कर में स्टंप क्या हुए। इसके बाद विकेटों की झड़ी लग गई। पूरी पारी 226 रन पर सिमट गई। अवाना ने 53 रन पर चार, पवन सुयाल ने 76 पर तीन, भाटिया ने 13 पर एक और विकास ने 39 और सुमित नरवाल ने 35 रनों पर एक विकेट लिया। खेल खत्म होने पर अरुण कार्तिक शून्य और अभिनव मुकुंद दो रनों पर खेल रहे थे।
विज्ञापन


पंजाब ने सौराष्ट्र को पीटा
सिद्धार्थ कौल (छह विकेट) की घातक गेंदबाजी के बाद करण गोयल के नाबाद 75 रन की मदद से पंजाब ने सौराष्ट्र को ग्रुप ‘ए’ मैच के तीसरे ही दिन आठ विकेट से पीटकर पूरे छह अंक हासिल कर लिए। पंजाब को जीत के लिए 119 रन का लक्ष्य मिला था जो उसने 33.1 ओवर में हासिल कर लिया। पंजाब अपने ग्रुप में चार मैचों से 23 अंकों के साथ चोटी पर बना हुआ है। अन्य कोई टीम उसके आसपास भी नहीं है। सौराष्ट्र के इस हार के बाद तीन मैचों से छह अंक हैं।

सर्विसेज का परफेक्ट-10
मध्यम तेज गेंदबाज शादाब नजर (छह विकेट) के कैरियर के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन से सर्विसेज ने असम को ग्रुप ‘सी’ मैच के तीसरे दिन 10 विकेट से हराकर बोनस सहित सात अंक हासिल कर लिए। सेना को जीत के लिए 27 रन का मामूली लक्ष्य मिला जो उसने 7.2 ओवर में हासिल कर लिया। अंशुल गुप्ता 17 और कप्तान सौमिक चटर्जी आठ रन पर नाबाद रहे। इस जीत के बाद सर्विसेज के चार मैचों से 14 अंक हो गए हैं जबकि असम इतने ही मैचों से 16 लेकर टाप पर है।

जम्मू एंड कश्मीर पारी से हारा
ग्रुप ‘सी’ के मुकाबले में आंध्र प्रदेश ने जम्मू एंड कश्मीर को पारी और 15 रन से हराकर बोनस सहित सात अंक हासिल किया। जम्मू की टीम पहली पारी में 153 रनों पर सिमट गई थी जिसके जवाब में आंध्र प्रदेश ने 390 रन बनाकर विशाल बढ़त हासिल किया। दूसरी पारी में भी जम्मू के बल्लेबाज विफल रहे और पूरी टीम 222 रनों पर सिमट गई। इस जीत के बाद चार मैचों से 14 अंक लेकर आंध्र प्रदेश दूसरे स्थान पर आ गया है जबकि जम्मू की टीम बगैर जीत के सबसे नीचे है।

ऋषि का जादू, हिमाचल मजबूत
पहले छह विकेट और फिर 128 रन की शानदार पारी खेल ऋषि धवन ने झारखंड के खिलाफ हिमाचल प्रदेश को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। झारखंड ने पहली पारी में 236 रन बनाए। जवाब में हिमाचल ने ऋषि और प्रशांत चोपड़ा (101) के शतक से अपनी पारी सात विकेट पर 442 रन बनाकर घोषित कर दी। जवाब में स्टंप्स तक झारखंड ने बगैर नुकसान के 27 रन बना लिए थे। हिमाचल अब तक कोई जीत दर्ज नहीं कर सका है जबकि झारखंड एक जीत के साथ 10वें स्थान पर है।
विज्ञापन


विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें