अर्धशतक लगाने के बाद रिंकू सिंह और आवेश खान
- फोटो : सोशल मीडिया
रणजी ट्रॉफी के ग्रुप ए में उत्तर प्रदेश की टीम बंगाल के खिलाफ हार के करीब पहुंच गई है। सलामी बल्लेबाज कौशिक घोष और अनुस्तुप मजूमदार की पारियों की मदद से बंगाल ने दूसरी पारी में दो विकेट पर 156 रन बना लिए हैं। तीसरे दिन खेल समाप्ति के समय कौशिक 69 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने 121 गेंद की पारी में 10 चौके लगाए हैं। दूसरी ओर, मजूमदार 88 गेंद पर नाबाद 44 रन रन बना लिए हैं।
शुक्रवार को मैच का अंतिम दिन है और बंगाल को मैच अपने नाम करने के लिए 101 रनों की जरूरत है। उत्तर प्रदेश की तरफ से दूसरी पारी में शिवम मावी ने दो विकेट लिए हैं। इससे पहले उत्तर प्रदेश ने तीसरे दिन के खेल की शुरुआत चार विकेट पर 122 रन से की। उसके अंतिम छह विकेट 105 रन के अंदर गिर गए।
रिंकू सिंह ने लगाया दूसरा अर्धशतक
पहली पारी में टीम के लिए अर्धशतक लगाने वाले रिंकू सिंह ने दूसरी पारी में भी यूपी को संकट से निकाला। उन्होंने 113 गेंद पर 89 रन बनाए। रिंकू ने पहली पारी में 79 रन बनाए थे। अक्शदीप नाथ ने 71 गेंद पर 53 रन बनाए। दोनों ने मिलकर टीम को दूसरी पारी में 227 रन तक पहुंचाया। उसे पहली पारी में 29 रनों की बढ़त मिली थी। इस तरह यूपी ने बंगाल को जीत के लिए 257 रन का लक्ष्य दिया।
जम्मू-कश्मीर की टीम पारी और 17 रन से हारी
दूसरी ओर, मैन ऑफ द मैच तेज गेंदबाज आवेश खान के आठ विकेट की मदद से मध्य प्रदेश ने तीसरे दिन रणजी ट्रॉफी के ग्रुप डी मैच में जम्मू-कश्मीर को पारी और 17 रन से हरा दिया। आवेश ने पहली पारी में 33 रन देकर पांच विकेट लिए, जबकि दूसरी पारी में 53 रन देकर तीन विकेट चटकाए। फॉलोऑन खेल रही जम्मू-कश्मीर की टीम दूसरी पारी में 193 रन पर सिमट गई। जम्मू-कश्मीर की तरफ से दूसरी पारी में साहिल लोतरा (66) ने सबसे ज्यादा रन बनाए। पहली पारी में मध्य प्रदेश ने 308 रन बनाए थे जिसके जवाब में जम्मू-कश्मीर 98 रन पर ढेर हो गया।
हिमाचल प्रदेश के खिलाफ शतक से चूके चैतन्य बिश्नोई
सलामी बल्लेबाज चैतन्य बिश्नोई शतक से चूक गए लेकिन उनकी 97 रन की पारी की मदद से हरियाणा ने दूसरी पारी में सात विकेट पर 323 रन बनाए। बिश्नोई ने अपनी पारी में 192 गेंदों का सामना करते हुए 14 चौके और एक छक्का भी जड़ा। दिन का खेल खत्म होने के समय जयंत यादव दो रन बनाकर खेल रहे थे। हरियाणा अभी हिमाचल प्रदेश के पहली पारी में बनाए 487 के स्कोर से 118 रन पीछे है। हरियाणा की टीम पहली पारी में 46 रन पर ढेर हो गई थी।