फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रणजी ट्रॉफी: यूपी का महाराष्ट्र को करारा जवाब

Mon, 12 Nov 2012 10:32 AM IST
पुणे/इंटरनेट डेस्क
विज्ञापन
विज्ञापन
ओपनर तन्मय श्रीवास्तव और मुकुल डागर के शानदार शतक की बदौलत उत्तर प्रदेश ने रणजी ट्रॉफी ग्रुप ‘बी’ मुकाबले में महाराष्ट्र के खिलाफ ठोस शुरुआत की।
विज्ञापन


केदार जाधव के तिहरे शतक से महाराष्ट्र ने पहली पारी में छह विकेट पर 764 रन का विशाल स्कोर बनाकर पारी घोषित कर दी। कप्तान रोहित मोटवानी ने 247 गेंदों में 22 चौकों के साथ 147 रन की पारी खेली। स्पिनर पीयूष चावला ने तीन विकेट चटकाए।

जवाब में, यूपी ने भी महाराष्ट्र को करारा जवाब दिया। ओपनर तन्मय श्रीवास्तव और मुकुल डागर ने पहले विकेट के लिए 248 रन की साझेदारी निभाई। डागर ने 197 गेंदों में 22 चौकों के साथ 126 रन बनाए। तीसरे दिन स्टंप तक यूपी ने एक विकेट खोकर 287 रन बना लिए थे। पहली पारी के आधार पर यूपी अभी 477 रन पीछे हैं। तन्मय 232 गेंदों में 18 चौके और एक छक्के के साथ 134 रन बनाकर मोहम्मद कैफ (23) के साथ क्रीज पर टिके थे।
विज्ञापन


डोगरा ने ठोका दोहरा शतक
नादौन। डोगरा ने कैरियर की सर्वश्रेष्ठ पारी खेलते हुए ग्रुप ‘सी’ मुकाबले में सर्विसेज के खिलाफ दोहरा शतक लगाते हुए हिमाचल प्रदेश को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। डोगरा ने 334 गेंद खेलते हुए 25 चौकों और एक छक्के के साथ 210 रन की पारी खेली। सर्विसेज के पहली पारी में बनाए 312 रन के जवाब में हिमाचल ने अपनी पहली पारी छह विकेट पर 544 रन बनाकर घोषित कर दी। इस तरह हिमाचल ने पहली पारी में 232 रन की बढ़त हासिल की। स्टंप तक सर्विसेज ने दो विकेट गंवाकर 46 रन बना लिए थे और वह अभी 186 रन पीछे है।

कौल के शतक से पंजाब की स्थिति मजबूत
मोहाली। मेजबान पंजाब ने उदय कौल के नाबाद शतक से ग्रुप ‘ए’ मुकाबले में बंगाल के ऊपर शिकंजा कस लिया है। मैच के तीसरे दिन कौल के 165 रन की बदौलत पंजाब ने बंगाल के पहली पारी में बनाए 326 रन के मुकाबले सात विकेट पर 579 रन बनाकर पारी घोषित की। कौल ने 236 गेंद खेलते हुए अपनी पारी में 24 चौके लगाए। पंजाब ने पहली पारी में 253 रन की अहम बढ़त हासिल की। बंगाल की दूसरी पारी में शुरुआत खराब रही और ओपनर शुभुमोय दास नौ रन बनाकर आउट हो गए। स्टंप तक बंगाल ने एक विकेट खोकर 25 रन बना लिए थे। पारी की हार से बचने के लिए बंगाल को अभी 228 रन की दरकार है।

अस्नोदकर ने गोवा को बढ़त के करीब पहुंचाया
पोरवोरिम। ओपनर स्वप्निल अस्नोदकर की शतकीय पारी से गोवा ग्रुप ‘सी’ मुकाबले में जम्मू एंड कश्मीर के खिलाफ पहली पारी में बढ़त लेने के करीब पहुंच गया है। जम्मू एंड कश्मीर ने पहली पारी में 338 रन बनाए थे। जवाब में गोवा ने मैच के तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक दो विकेट पर 288 रन बना लिए थे और अब वह सिर्फ 50 रन पीछे है। अस्नोदकर ने 279 गेंदों पर 10 चौकों के साथ 103 रन की पारी खेली। स्टंप तक मनविंदर बिस्ला 74 और शगुन कामंत 13 रन बनाकर क्रीज पर टिके थे।
विज्ञापन


दिल्ली-उड़ीसा मैच रोमांचक स्थिति में
नई दिल्ली। यहां के फिरोजशाह कोटला मैदान में चल रहा मेजबान दिल्ली और उड़ीसा के बीच रणजी ट्रॉफी ग्रुप ‘बी’ का मैच रोमांचक स्थिति में पहुंच गया है। उड़ीसा के पहली पारी में बनाए 143 रन के जवाब में दिल्ली ने अपनी पहली पारी में 331 रन बनाकर 188 रन की अहम बढ़त हासिल कर ली। मैच के तीसरे दिन उड़ीसा ने पहली पारी के मुकाबले दूसरी पारी में अच्छी बल्लेबाजी करते हुए स्टंप तक छह विकेट पर 229 रन बना लिए थे। इस तरह उड़ीसा ने 41 रन की बढ़त हासिल कर ली है। उड़ीसा के लिए गोविंद पोद्दार ने 171 गेंदों में 15 चौकों के साथ 85 जबकि बिपलव सामंट्रे ने 47 रन की पारी खेली। दिल्ली के लिए दूसरी पारी में सुमित नरवाल ने तीन जबकि पवन सुएल ने दो विकेट झटके।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें