यश ढुल ने शानदार फॉर्म जारी रखते हुए सत्र का दूसरा शतक जड़ा, लेकिन बाएं हाथ के स्पिनर निशंक बिरला के छह विकेट की बदौलत चंडीगढ़ ने बुधवार को रणजी ट्रॉफी ग्रुप डी मैच के शुरुआती दिन दिल्ली को पहली पारी में 276 रन पर समेट दिया। स्टंप तक चंडीगढ़ ने एक विकेट गंवाकर 63 रन बना लिए। शिवम भांबरी 42 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे। तमिलनाडु के खिलाफ शतक जड़ने वाले ढुल ने 190 गेंद का सामना करते हुए 121 रन बनाए और आयुष बदोनी के साथ मिलकर 96 रन जोड़े। बदोनी ने 50 गेंद में तीन छक्के से 49 रन बनाए। निशंक ने टर्न लेने वाली पिच पर 72 रन देकर छह विकेट अपने नाम किए जबकि ऑफ स्पिनर वीशू कश्यप ने दो विकेट प्राप्त किए। लेकिन दिल्ली का मध्य क्रम फिर फ्लॉप रहा जिसमें कप्तान हिम्मत सिंह फिर खाता खोलने में विफल रहे। क्षितिज शर्मा (02) फिर कुछ कमाल नहीं कर सके। शिवांक वशिष्ठ (31 रन) और ऋतिक शौकीन (16) ने नौवें विकेट के लिए 35 रन जोड़े जिससे दिल्ली 275 रन तक पहुंची।
खंडूरी का शतक, उत्तराखंड ने एक विकेट पर 232 रन बनाए
विजयनगर (आंध्र)। सलामी बल्लेबाज प्रियांशु खंडूरी के प्रथम श्रेणी करियर के दूसरे शतक से उत्तराखंड ने रणजी ट्रॉफी ग्रुप बी मैच के पहले दिन बुधवार को आंध्र के खिलाफ एक विकेट पर 232 रन बनाए। दिन का खेल खत्म होने पर 29 साल के खंडूरी 107 रन बनाकर खेल रहे थे जबकि कप्तान रविकुमार समर्थ 30 रन बनाकर उनका साथ निभा रहे हैं। खंडूरी ने अवनीश सुधा (86 रन, 158 गेंद) के साथ पहले विकेट के लिए 157 रन जोड़कर टीम को शानदार शुरुआत दिलाई। बाएं हाथ के स्पिनर ललित मोहन ने अवनीश को आउट करके इस साझेदारी को तोड़ा। खंडूरी ने इसके बाद समर्थ के साथ दूसरे विकेट के लिए 75 रन की अटूट साझेदारी करके टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। वर्ष 2017 में पदार्पण करने वाले खंडूरी ने अब तक 272 गेंद का सामना करते हुए 11 चौके लगाए हैं।
जसइंदर-ईमानजोत ने हरियाणा को 114 रन पर समेटा
पहला रणजी ट्रॉफी मैच खेल रहे ऑफ स्पिनर जसइंदर सिंह और दूसरा मैच खेल रहे बाएं हाथ के स्पिनर ईमानजोत सिंह की घातक गेंदबाजी की बदौलत पंजाब ने ग्रुप सी के मुकाबले में शीर्ष पर चल रहे हरियाणा को महज 114 रन पर समेट दिया। हरियाणा के लिए धीरू सिंह ने 34 रन बनाए। जसइंदर ने 33 रन पर चार, ईमानजोत सिंह ने 43 रन पर तीन और लेग स्पिनर मयंक मार्कंडेय ने तीन रन पर दो विकेट लिए। हालांकि पंजाब ने भी पहली पारी में 90 रन पर पांच विकेट खो दिए हैं, लेकिन अनुभवी अनमोलप्रीत सिंह 69 गेंद में 45 रन पर बनाकर नाबाद खेल रहे हैं। हरियाणा के लिए स्पिनर जयंत यादव ने 33 रन पर दो और निशांत सिंधू ने 21 रन पर दो विकेट लिए हैं। पंजाब अभी भी हरियाणा से 24 रन पीछे है।