फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रणजी ट्रॉपी राउंडअपः पृथ्वी फिर आसमान पर, एक दिन में बने दो दोहरे शतक

Wed, 11 Dec 2019 10:01 PM IST
मुकेश कुमार झा स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला

सार

-रणजी का रण : प्रथम श्रेणी क्रिकेट में जड़ा अपना पहला दोहरा शतक
-174 गेंदों में मुंबई के बल्लेबाज ने पूरे किए 200 रन
-03 सबसे तेज दोहरा शतक है यह रणजी क्रिकेट के इतिहास का
-202 रन बनाए शॉ ने 179 गेंदों में 19 चौकों और सात छक्कों की मदद से
-112.84 का स्ट्राइकर रेट रहा इस दौरान इस युवा बल्लेबाज का
-मोहम्म्द अर्सलान खान ने 233 रन की नाबाद पारी
विज्ञापन
पृथ्वी शॉ - फोटो : Social media
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

युवा ओपनर पृथ्वी शॉ फिर रंग में लौट आए हैं। डोपिंग के चलते आठ माह का प्रतिबंध झेलने के बाद पिछले माह ही वापसी करने वाले मुंबई के इस 20 वर्षीय खिलाड़ी ने अपने करियर का पहला दोहरा शतक जड़कर इरादे जता दिए हैं। साथ ही अपने प्रतिद्वंद्वियों को भी चेतावनी दे डाली है। पृथ्वी ने बड़ौदा के खिलाफ रणजी मुकाबले में 174 गेंदों में 200 रन पूरे किए जोकि इस टूर्नामेंट के इतिहास का तीसरा सबसे तेज दोहरा शतक है। रिकॉर्ड टीम इंडिया के कोच रवि शास्त्री (126 गेंद) के नाम है। राजेश बोरा (156 गेंद) दूसरे नंबर पर है। वहीं, दूसरा दोहरा शतक चंडीगढ़ की तरफ से खेलते हुए मोहम्मद अर्सलान खान ने जड़ा। 20 साल के इस बल्लेबाज ने अपने पहले ही रणजी मैच में 33 चौके और चार छक्के की मदद से 233 रन की नाबाद पारी खेली।

विज्ञापन

 
बड़ौदा को 534 रन का लक्ष्य 
पृथ्वी ने 202 रन बनाए जिससे मुंबई ने अपनी दूसरी पारी चार विकेट पर 409 रन बनाकर घोषित कर दी। इससे बड़ौदा को जीत के लिए 534 रन का मुश्किल लक्ष्य मिला है। इसका पीछा करते हुए उसने 74 रन पर तीन विकेट गंवा दिए हैं। वह अभी 460 रन पीछे है जबकि उसके सात विकेट शेष हैं। इससे पहले शॉ ने जय बिस्टा (68) के साथ पहले विकेट के लिए 190 रन जोड़े। शुभम रंजने (दो) और अजिंक्य रहाणे (नौ) सस्ते में आउट हो गए। इसके शॉ ने सूर्यकुमार यादव (102*) के साथ चौथे विकेट के लिए 78 रन जोड़े । इस जोड़ी को भार्गव ने शॉ को सोलंकी के हाथों कैच करवा कर तोड़ा। शॉ ने अपनी पारी में 179 गेंदों का सामना कर 19 चौके और सात छक्के जड़े। मुंबई ने पहली पारी में 431 रन बनाने के बाद बड़ौदा को 307 रन पर आउट कर दिया।
 
सौराष्ट्र ने हिमाचल को पांच विकेट से धोया
प्रथम श्रेणी क्रिकेट में पदार्पण करने वाले वैभव अरोड़ा की शानदार गेंदबाजी के बावजूद हिमाचल प्रदेश को सौराष्ट्र के हाथों तीसरे ही दिन पांच विकेट से शिकस्त का सामना करना पड़ा। जीत के लिए मिले 162 रन के लक्ष्य को सौराष्ट्र ने पांच विकेट पर 165 रन बनाकर हासिल कर लिया। मेहमान टीम ने दूसरे दिन के स्कोर तीन विकेट पर 92 रन से अपनी पारी आगे बढ़ाई। प्रेरक मांकड़ ने नाबाद 47 रन बनाए। स्टार बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा 16 गेंदों पर 14 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। हिमाचल के लिए वैभव ने दूसरी पारी में तीन विकेट सहित कुल नौ विकेट चटकाए।
विज्ञापन

 

मोहम्मद अर्सलान खान ने जड़ा दोहरा शतक

चंडीगढ़ ने अरुणाचल प्रदेश को पारी और 173 रन से हराया
चंडीगढ़ के लिए खेलने वाले मोहम्मद अर्सलान खान ने अपने पहले ही रणजी मैच में 33 चौके और चार छक्के की मदद से 233 रन की नाबाद पारी खेली। उनकी दोहरा शतक की बदौलत चंडीगढ़ ने अरुणाचल प्रदेश को पारी और 173 रन से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए अरुणाचल की पहली पारी 147 रन पर ऑलआउट हो गई। जवाब में चंडीगढ़ ने पहली पारी में 503 रन बनाए। चंडीगढ़ ने अरुणाचल को फॉलोऑन खेलने पर मजबूर किया। अरुणाचल प्रदेश की दूसरी पारी 183 रन पर सिमट गई। चंडीगढ़ की तरफ से अर्सलान के अलावा मनन वोहरा 124 और शिवम भांबरी ने 105 रन की शतकीय पारी खेली।

पंजाब ने बढ़ाए जीत की ओर कदम
पंजाब ने पहली पारी में 101 रन की बढ़त लेने के बाद राजस्थान की दूसरी पारी में 157 रन पर आठ विकेट झटककर जीत की ओर कदम बढ़ा दिए हैं। राजस्थान को 56 रन की बढ़त मिली है जबकि उसके सिर्फ दो विकेट शेष हैं।तीसरे दिन का खेल खत्म होने पर सलमान खान 19 और खलील अहमद एक रन बनाकर क्रीज पर थे। पंजाब के लिए सनवीर सिंह ने तीन और गुरकीरत सिंह ने दो विकेट लिए। इससे पहले पंजाब ने छह विकेट पर 290 रन से आगे खेलते हुए पहली पारी में 358 रन बनाए। अनमोल मल्होत्रा ने 76, मयंक मारकंडे ने 34 और कप्तान मनदीप सिंह ने 122 रन बनाए। राजस्थान की ओर से शुभम शर्मा ने चार जबकि खलील ने दो विकेट लिए।

केरल ने दिल्ली को दिया फालोऑन
जलज सक्सेना (6/63) की उम्दा गेंदबाजी से केरल ने दिल्ली को पहली पारी में सस्ते में समेटने के बाद फालोऑन खिलाते हुए 142 रन पर एक विकेट लेकर तीसरे ही दिन उसे पारी से हार की ओर धकेल दिया है। केरल के पहली पारी के विशाल स्कोर (525/9 पर पारी घोषित) के जवाब में दिल्ली की पारी 142 रन पर सिमट गई। नीतीश राणा और नवदीप सैनी ने सर्वाधिक 25-25 रन बनाए। उनके अलावा कोई बल्लेबाज टिक नहीं सका। फालोऑन खेलते हुए ओपनर अनुज रावत (87) शतक की ओर बढ़ते दिख रहे थे लेकिन सचिन बेबी ने तीसरे दिन का खेल समाप्त होने से पहले उन्हें पवेलियन भेज दिया। रावत ने अपनी पारी में 103 गेंदों का सामना कर दस चौके और तीन छक्के जड़े। कुणाल चंदेला 51 और ध्रुव शौरी दो रन बनाकर क्रीज पर थे। दिल्ली को पारी से हार को टालने के लिए 241 रन और बनाने है जबकि उसके नौ विकेट बाकी हैं।
 
विज्ञापन

उत्तर प्रदेश को मिला 349 रन का लक्ष्य

पहली पारी में नौ रन से शतक से चूकने वाले दिनेश मोर (102) के शानदार शतक से रेलवे ने दूसरी पारी में विषम परिस्थितियों से उबरते हुए 270 रन बनाकर उत्तर प्रदेश को जीत के लिए 349 रन का लक्ष्य दिया है। इसका पीछे करते हुए उत्तर प्रदेश ने दिन का खेल खत्म होने तक बिना विकेट खोकर 23 रन बना लिए हैं। ओपनर आर्यन जुयाल 13 और अलमस शौकत 10 रन बनाकर क्रीज पर थे। टीम को जीत के लिए 326 रन की दरकार है। पहली पारी में 78 रन की बढ़त हासिल करने वाले रेलवे ने दूसरी पारी में 58 रन तक ही पांच विकेट गंवा दिए थे। दिनेश ने इसके बाद कप्तान कर्ण शर्मा (26) के साथ छठे विकेट के लिए 68 और अमित मिश्रा (नाबाद 43) के साथ नौवें विकेट के लिए 57 रन जोड़कर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। उत्तर प्रदेश की ओर से यश दयाल और शिवम मावी ने चार-चार जबकि अंकित राजपूत ने दो विकेट चटकाए।

हरियाणा जीत से पांच कदम दूर
हरियाणा जीत से पांच कदम दूर है। मेजबान ने महाराष्ट्र की पहली पारी 247 रन समेट दी। उसके बाद फालोऑन खेलते हुए मेहमान टीम ने मात्र 61 रन पर अपने पांच विकेट गंवा दिए हैं। उसे पारी की हार टालने के लिए अभी भी 93 रन की जरूरत है जबकि उसके पांच विकेट शेष है। स्टंप्स के समय आजिम काजी 16 और ए दांडेकर चार रन बनाकर क्रीज पर थे। हरियाणा के लिए हर्षल पटेल और आशीष हुड्डा ने दो-दो विकेट लिए हैं। इससे पहले महाराष्ट्र ने 88 रन पर चार विकेट से अपनी पहली पारी आगे बढ़ाई और 247 रन पर पूरी टीम आउट हो गई। हर्षल ने चार और आशीष व टीनू कुंडू ने तीन-तीन विकेट लिए। हरियाणा ने पहली पारी में 401 रन बनाए थे।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें