ओपनर शुभम रोहिल्ला (142) की शानदार शतकीय पारी के दम पर हरियाणा ने ग्रुप सी मुकाबले में महाराष्ट्र पर शिकंजा कस दिया है। मेजबान ने पहली पारी 401 रन बनाने के बाद मात्र 88 रन पर महाराष्ट्र के चार बल्लेबाजों को पवेलिया भेज दिया। टीम पहली पारी के आधार पर हरियाणा से अभी 313 रन पीछे है। स्टंप्स के समय कप्तान नौशाद शेख 23 और सत्यजीत बाचव पांच रन बनाकर क्रीज पर थे। हरियाणा की ओर से टीनू कुंडू ने दो जबकि हर्षल और आशीर्ष हुड्डा ने एक-एक विकेट लिया। हरियाणा ने दिन की शुरुआत तीन विकेट पर 279 रन से की और 122 और रन जोड़े। हिमांशु राणा ने 40 और हर्षल पटेल ने 19 रन बनाए। रोहिल्ला ने अपनी पारी में 285 गेंदों का सामना कर 17 चौके जड़े। सोमवार को शिवम चौहान ने 117 रन बनाए थे। महाराष्ट्र के लिए अनुपम संकलेचा ने चार जबकि सत्यजीत बाचव ने तीन विकेट लिए।
हिमाचल प्रदेश और सौराष्ट्र के बीच ग्रुप बी का मुकाबला रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया है। हिमाचल को जहां जीत के लिए सात विकेट की जरूरत है तो मेहमान टीम को 66 रन की। पहले दिन यहां 17 विकेट गिरे तो दूसरे दिन 16 विकेट गिरे। सौराष्ट्र ने 162 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए दूसरे दिन तीन विकेट पर 96 रन बना लिए हैं। चिराग जानी 14 जबकि प्रेरक मांकड़ आठ रन बनाकर खेल रहे हैं। ओपनर हार्विक देसाई ने 46 रन की पारी खेली। हिमाचल के लिए वैभव अरोड़ा ने दो जबकि ऋषि धवन ने एक विकेट लिया। इससे पहले सुबह सौराष्ट्र ने पहली पारी में सात विकेट पर 93 रन से आगे खेलते हुए धर्मेंद्र सिंह 47 की मदद से 141 रन बनाकर 21 रन की बढ़त ली। अरोड़ा ने छह और पंकज जायसवाल ने तीन विकेट लिए। हिमाचल की पहली पारी 120 रन पर सिमट गई थी। दूसरी पारी में हिमाचल की टीम 38.3 ओवर में 182 रन पर ढेर हो गई। उसने मात्र 51 रन पर पांच विकेट गंवा दिए थे। धवन (53) और अंकुश बैंस (74) ने छठे विकेट के लिए 121 रन की साझेदारी कर टीम को इस स्कोर तक पहुंचाया। तेज गेंदबाज जयदेव उनादकट ने छह विकेट झटके।
रेलवे और उत्तर प्रदेश के बीच खेले जा रहे ग्रुप बी मैच के दूसरे दिन 17 विकेट गिरे। मेजबान टीम की पहली पारी मात्र 175 रन पर सिमट गई। पहली पारी में 253 रन बनाने वाली रेलवे को 78 रन की बढ़त मिली। दूसरी पारी में टीम ने 58 रन पर पांच विकेट गंवा दिए हैं। रेलवे की कुल बढ़त 136 रन हो गई जबकि उसके पांच विकेट शेष हैं। स्टंप्स के समय दिनेश मोर 16 रन पर खेल रहे हैं जबकि कप्तान कर्ण शर्मा को अभी खाता खोलना है। शिवम मावी ने तीन और यश दयाल ने दो विकेट झटके। इससे पहले रेलवे ने अपनी पहली पारी आठ विकेट पर 244 रन से आगे बढ़ाई और नौ और रन जोड़कर उसके बाकी दोनों विकेट भी गिर गए। मोर ने नाबाद 91 रन की पारी खेली। उत्तर प्रदेश के लिए यश ने पहली पारी में पांच विकेट लिए। उत्तर प्रदेश की शुरुआत खराब रही और टीम ने 47 रन तक पांच विकेट गंवा दिए। ओपनर अलमास शौकत ने एक छोर संभाले रखा और 92 रन पर नाबाद रहे। उन्होंने 11वें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए यश (19) के साथ अंतिम विकेट के लिए 74 रन जोड़कर टीम को संकट से उबारा। सौरव कुमार ने 21, अक्शदीप ने 17 और उपेंद्र यादव ने 13 रन बनाए। रेलवे के लिए एसीपी मिश्रा और एच सांगवान ने चार-चार विकेट लिए।
कप्तान मनदीप सिंह (122) के शतक से पंजाब ने ग्रुप ए मैच में राजस्थान के खिलाफ छह विकेट पर 290 रन बनाकर 33 रन की बढ़त बना ली है। राजस्थान ने पहली पारी में 257 रन बनाए थे। दिन का खेल खत्म होने पर अनमोल मल्होत्रा 68 और मयंक मारकडे सात रन बनाकर क्रीज पर थे। पंजाब की शुरुआत खराब रही और उसने 31 रन तक ही ओपनर सनवीर सिंह (00) और शुभमन गिल (12) के विकेट गंवा दिए थे। मनदीप ने इसके बाद गुरकीरत सिंह (68) के साथ तीसरे विकेट के लिए 86 और अनमोल के साथ छठे विकेट के लिए 143 रन की साझेदारी की। मनदीप ने अपनी पारी में 174 गेंदों का सामना कर 17 चौके और एक छक्का जड़ा। राजस्थान की ओर से शुभम शर्मा ने तीन जबकि तनवीर उल हक ने दो विकेट लिए।
पहली बार रणजी खेल रही चंडीगढ़ की टीम अपनी पहली ऐतिहासिक जीत से सिर्फ चार कदम दूर है। मेजबान टीम ने अरसलान खान (233*) के पहले दोहरे शतक से अपनी पहली पारी दो विकेट पर 503 बनाकर घोषित कर दी। खान शिवम भांबरी (105) के साथ पहले विकेट के लिए 220, मनन वोहरा (124) के साथ दूसरे विकेट के लिए 173 और उदय कौल (37*) के साथ तीसरे विकेट के लिए अटूट 109 रन की साझेदारी की। उन्होंने अपनी पारी में 236 गेंदों का सामना कर 33 चौके और चार छक्के जड़े। दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक अरुणाचल प्रदेश ने दूसरी पारी में छह विकेट पर 164 रन बनाए थे। वह अभी भी चंडीगढ़ से 192 रन पीछे हैं जबकि उसके चार विकेट शेष हैं। राहुल दलाल 75 और अखिलेश सहानी सात रन बनाकर क्रीज पर थे। गुरविंदर सिंह ने तीन और श्रेष्ठ निर्मोेही ने दो विकेट लिए। मेहमान टीम ने पहली पारी में 147 रन बनाए थे।