फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रणजी ट्रॉफी राउंड अप: यूपी, राजस्थान-सौराष्ट्र-असम-केरल ने चखा जीत का स्वाद, इन्हें मिली हार

Thu, 15 Nov 2018 08:37 PM IST
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
विज्ञापन

सलामी बल्लेबाज अमित कुमार गौतम की अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ पारी की मदद से राजस्थान ने रणजी ट्राफी एलीट ग्रुप सी में आज यहां सेना के चुनौतीपूर्ण लक्ष्य को आसानी से हासिल करके पांच विकेट से जीत दर्ज की। 

विज्ञापन


गौतम ने 159 रन की पारी खेली तथा चेतन बिष्ट (78) के साथ पहले विकेट के लिए 170 रन जोड़कर मजबूत नींव रखी। इससे राजस्थान ने 357 रन का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य पांच विकेट खोकर हासिल कर दिया। इस जीत से राजस्थान को छह अंक मिले। यह उसकी लगातार दूसरी जीत है जिससे उसके 12 अंक हो गए हैं। 

राजस्थान ने सुबह बिना किसी नुकसान के 95 रन से आगे खेलना शुरू किया। गौतम और चेतन ने अपनी मजबूत साझेदारी आगे बढ़ाई। ऑफ स्पिनर नितिन तंवर (82 रन देकर तीन) ने चेतन और कप्तान महिपाल लोमरोर (चार) को आउट करके राजस्थान के खेमे में थोड़ी चिंता बढ़ाई। 
विज्ञापन


लेकिन गौतम ने एक छोर संभाले रखा। इस बीच उन्हें दूसरे छोर से रोबिन बिष्ट (30) और अशोक मनेरिया (36) का अच्छा साथ मिला। गौतम जब आउट हुए तब तक टीम लक्ष्य के करीब पहुंच गई थी। राजेश बिश्नोई (नाबाद 26) और ताजिंदर सिंह (नाबाद दस) ने टीम को लक्ष्य तक पहुंचाया। 

गौतम ने अपनी पारी में 344 गेंदें खेली तथा 13 चौके और छह छक्के लगाए।

हैदराबाद और तमिलनाडु का मैच ड्रा, दोनों टीमों को एक-एक अंक

तमिलनाडु और हैदराबाद के बीच रणजी ट्राफी एलीट ग्रुप बी मैच गुरुवार को यहां नीरस ड्रा पर समाप्त हुआ।

दोनों टीमों की पहली पारियां भी खत्म नहीं हो पाई जिससे दोनों को एक-एक अंक मिला।

हैदराबाद ने अपनी पहली पारी आठ विकेट पर 565 रन बनाकर घोषित की थी।

तमिलनाडु ने इसके बाद अभिनव मुकुंद (178) और एन जगदीशन (नाबाद 131) की पारियों की बदौलत चौथे और अंतिम दिन का खेल खत्म होने तक 154 ओवर में चार विकेट पर 409 रन बनाए जिसके बाद मैच ड्रॉ घोषित किया गया।

तमिलनाडु ने दिन की शुरुआत दो विकेट पर 163 रन से की। टीम ने 15 रन जोड़कर कप्तान बाबा इंद्रजीत (33) का विकेट गंवा दिया।

विकेटकीपर बल्लेबाज जगदीशन इसके बाद मुकुंद का साथ देने क्रीज पर उतरे और दोनों ने चौथे विकेट के लिए 171 रन जोड़कर बढ़त हासिल करने की हैदराबाद की उम्मीदों को तोड़ दिया।

बायें हाथ के सलामी बल्लेबाज मुकुंद को आकाश भंडारी ने आउट करके इस साझेदारी को तोड़ा।

जगदीशन ने इसके बाद बी अनिरुद्ध सीताराम के साथ 60 रन की अटूट साझेदारी की।  निर्धारित समय से एक घंटा पहले मैच ड्रा घोषित किया गया।

जीत से आगाज नहीं कर पाया दिल्ली, हिमाचल ने मैच ड्रा कराया

निखिल गंगटा और ऋषि धवन की अगुवाई में हिमाचल प्रदेश के बल्लेबाजों ने इशांत शर्मा के नेतृत्व वाले दिल्ली के आक्रमण का डटकर सामना करते हुए गुरुवार को यहां रणजी ट्राफी एलीट ग्रुप बी मैच ड्रॉ कराया।

हिमाचल प्रदेश के सामने 376 रन का मुश्किल लक्ष्य था लेकिन गंगटा (नाबाद 66) और धवन (नाबाद 52) ने आखिरी 29 ओवरों में क्रीज पर डटे रहकर दिल्ली का जीत से आगाज करने का सपना पूरा नहीं होने दिया।

जब दोनों टीमें मैच ड्रा कराने पर सहमत हुई तब हिमाचल ने छह विकेट पर 266 रन बनाये। दिल्ली को पहली पारी में बढ़त के कारण तीन अंक मिले। हिमाचल के बल्लेबाजों ने सुबह एक विकेट पर 44 रन से आगे खेलना शुरू किया। उसके बल्लेबाजों प्रियांशु खंडूड़ी (29) और अंकुश बैंस (36) ने पहले घंटे में पूरे धैर्य के साथ बल्लेबाजी।

बाएं हाथ के स्पिनर वरूण सूद (51 पर एक विकेट) ने बैंस को बोल्ड करके यह साझेदारी तोड़ी। बाएं हाथ के दूसरे स्पिनर विकास मिश्रा (59 रन देकर दो) ने अगले ओवर में खंडूड़ी की भी गिल्लियां बिखेर दी जिससे स्कोर तीन विकेट पर 74 रन हो गया। 

गंगटा ने यहीं से जिम्मेदारी संभाली। उन्होंने पहले सुमित वर्मा (43) के साथ मिलकर 29 ओवर तक विकेट नहीं गिरने दिया और इस बीच 71 रन जोड़े। विकास मिश्रा ने वर्मा को बोल्ड किया जिसके बाद इशांत (42 रन देकर दो) ने एकांत सेन (18) को ज्यादा देर तक नहीं टिकने दिया। 

लेकिन धवन के रूप में गंगटा का विश्वसनीय साथी मिला और इन दोनों ने दिल्ली को आगे सफलता नहीं मिलने दी। गंगटा ने 184 गेंदों का सामना करके छह चौके लगाए जबकि धवन ने 110 गेंदें खेली तथा आठ चौके लगाए। 

दिल्ली ने अपनी पहली पारी में 317 रन बनाकर हिमाचल को 223 रन पर आउट कर दिया था। इसके बाद दिल्ली ने अपनी दूसरी पारी चार विकेट पर 281 रन बनाकर समाप्त घोषित की थी। दिल्ली अपना अगला मैच हैदराबाद से खेलेगा।

उत्तर प्रदेश की ओडिशा पर बड़ी जीत

युवा शिवम मावी ने अपने प्रथम श्रेणी करियर के दूसरे मैच में ही पांच विकेट लेने का कारनामा किया जिससे उत्तर प्रदेश ने ओडिशा को आज यहां दस विकेट से करारी शिकस्त देकर रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप सी में लगातार दूसरे मैच में सात अंक हासिल किए। 

उन्नीस वर्षीय मावी ने 68 रन देकर पांच विकेट लिए उनके करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। अंकित राजपूत (64 रन देकर चार विकेट) ने उनका अच्छा साथ दिया। इससे उत्तर प्रदेश ने ओडिशा को दूसरी पारी में 221 रन पर आउट कर दिया।

पहली पारी में 181 रन की बढ़त लेने वाले उत्तर प्रदेश को 41 रन का लक्ष्य मिला और उसने 12.5 ओवर में बिना किसी नुकसान के 44 रन बनाकर बोनस अंक हासिल किया। माधव कौशिक 22 और मोहम्मद सैफ 16 रन बनाकर नाबाद रहे। 

उत्तर प्रदेश ने लगातार दूसरे मैच में बड़ी जीत दर्ज की। उसके अब दो मैचों में 14 अंक हैं और वह ग्रुप सी शीर्ष पर काबिज है।

बिड़ला और शुभम शर्मा के शतक से मप्र ने मैच ड्रा कराया

सलामी बल्लेबाज आर्यमन बिड़ला (नाबाद 103) और शुभम शर्मा (नाबाद 100) के शतकों की मदद से मध्य प्रदेश ने बंगाल के खिलाफ रणजी ट्राफी एलीट ग्रुप बी मैच गुरुवार को यहां ड्रॉ कराया।

बंगाल ने अपनी पहली पारी नौ विकेट पर 510 रन बनाकर समाप्त घोषित की थी। इसके जवाब में मध्य प्रदेश की टीम ने सुबह अपनी पहली पारी पांच विकेट पर 254 रन से आगे बढ़ाई और उसकी पूरी टीम 335 रन पर आउट हो गई। उसकी इस स्थिति के लिये अशोक डिंडा जिम्मेदार रहे जिन्होंने 78 रन देकर चार विकेट लिए। 

मध्य प्रदेश को फॉलोऑन करना पड़ा लेकिन उसकी शुरुआत अच्छी नहीं रही और एक समय उसका स्कोर तीन विकेट पर 69 रन था। बिड़ला और शुभम ने यहीं से जिम्मेदारी संभाली और बंगाल को आगे कोई सफलता नहीं मिलने दी। इन दोनों ने चौथे विकेट के लिए 171 रन की अटूट साझेदारी की। 

बिड़ला ने अपने करियर का पहला शतक लगाया। उन्होंने अपनी पारी में 189 गेंदें खेली तथा 12 चौके और एक छक्का लगाया। शुभम की 134 गेंद की पारी में 11 चौके और एक छक्का शामिल है। बंगाल को पहली पारी में बढ़त के आधार पर तीन अंक मिले।

गुजरात को पहली पारी में बढ़त से तीन अंक

बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्जन नागवसवाला के चार विकेट की मदद से गुजरात ने गुरुवार को यहां पहली पारी में बढ़त हासिल करके छत्तीसगढ़ के खिलाफ आज यहां ड्रॉ छूटे रणजी ट्राफी एलीट ग्रुप ए मैच में तीन अंक अपने नाम लिखवाए। 

गुजरात ने अपनी पहली पारी सात विकेट पर 538 रन बनाकर समाप्त घोषित की। इसके जवाब में छत्तीसगढ़ की टीम आज 420 रन बनाकर आउट हो गयी। उसकी तरफ से विशाल कुशवाह ने 159 रन बनाये जो उनके करियर का पहला शतक है। कप्तान हरप्रीत सिंह ने 110 रन बनाये। गुजरात की तरफ से नागवसवाला ने 66 रन देकर चार और सिद्धार्थ देसाई ने 86 रन देकर दो विकेट लिये। 

गुजरात ने अपनी दूसरी पारी में जब पांच विकेट पर 167 रन बनाये थे तब दोनों टीमें मैच ड्रा कराने पर सहमत हो गयी। गुजरात की दूसरी पारी में कप्तान प्रियांक पांचाल (50) और मनप्रीत जुनेजा (नाबाद 50) ने अर्धशतक जमाए। 

सौराष्ट्र तीन विकेट से जीता, छह अंक हासिल किए

सौराष्ट्र ने शेल्डन जैक्सन की अर्धशतकीय पारी और रवींद्र जडेजा की नाबाद पारी से यहां गुरूवार को रणजी ट्राफी एलीट गुप ए मैच के अंतिम दिन रेलवे को तीन विकेट से शिकस्त देकर अपनी झोली में छह अंक डाले। 

सौराष्ट्र को जीत के लिए 184 रन का लक्ष्य मिला, जिसे उसने जैक्सन की अर्धशतकीय पारी और रविंद्र जडेजा के नाबाद 44 रन (68 गेंद में छह चौके) की मदद से इसे 49 ओवर में सात विकेट पर 186 रन बनाकर हासिल कर लिया। शेल्डन ने 55 गेंद में आठ चौके और दो छक्के की मदद से 54 रन बनाये। 

उनके आउट होने के बाद ‘प्लेयर आफ द मैच’ रहे रविंद्र जडेजा ने कमलेश मकवाना (नाबाद 14) के साथ टीम को लक्ष्य तक पहुंचाया। 

रेलवे के अविनाश यादव ने 88 रन देकर पांच विकेट हासिल किए।

रेलवे ने सुबह दूसरी पारी आठ विकेट पर 278 रन से शुरू की। हर्ष त्यागी 73 और अनुरीत सिंह 12 रन बनाकर खेल रहे थे। हर्ष ने 93 रन और अनुरीत ने 44 रन बनाये, जिससे रेलवे की टीम 331 रन पर आउट हुई। सौराष्ट्र के धर्मेन्द्रसिंह जडेजा ने 95 रन देकर पांच विकेट चटकाए। 

महाराष्ट्र ने बड़ौदा से मैच ड्रा कराया

सलामी बल्लेबाज रूतुराज गायकवाड़ के नाबाद शतक की बदौलत महाराष्ट्र ने बड़ौदा के खिलाफ गुरुवार को यहां रणजी ट्राफी एलीट ग्रुप ए मैच ड्रॉ कराया। 

बड़ौदा ने अपनी पहली पारी में 322 रन बनाकर महाराष्ट्र को 268 रन पर आउट कर दिया था। इस तरह से पहली पारी की बढ़त के आधार पर उसे तीन अंक मिले। 

विष्णु सोलंकी (नाबाद 175) की बड़ी शतकीय पारी से बड़ौदा ने अपनी दूसरी पारी पांच विकेट पर 410 रन पर समाप्त घोषित करके महाराष्ट्र के सामने 465 रन का लक्ष्य रखा। 

महाराष्ट्र ने गायकवाड के नाबाद 118 रन की मदद से दो विकेट पर 217 रन बनाये। इसके बाद मैच ड्रा समाप्त घोषित कर दिया गया। 

असम ने बड़ी जीत से छह अंक हासिल किए

असम ने मुख्तार हुसैन की शानदार गेंदबाजी की मदद से रणजी ट्रॉफी ग्रुप सी एलीट मुकाबले के चौथे दिन त्रिपुरा पर 211 रन की विशाल जीत दर्ज की, जिससे उसे छह अंक मिले।

मुख्तार हुसैन ने पहली पारी में त्रिपुरा के चार बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा तो दूसरी पारी में पांच विकेट हासिल कर शानदार प्रदर्शन किया।

त्रिपुरा के बुधवार को 428 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए दूसरी पारी में 68 रन पर चार विकेट निकल गए थे। असम को जीत के लिए केवल छह विकेट की दरकार थी, उसने त्रिपुरा को दूसरी पारी में 216 रन पर समेटकर शानदार जीत हासिल की।

त्रिपुरा की टीम पहली पारी में 139 रन पर सिमट गई थी। पहली पारी में 327 रन बनाने वाली असम ने दूसरी पारी छह विकेट पर 239 रन पर घोषित की थी।

जलज सक्सेना की शानदार गेंदबाजी से केरल नौ विकेट से जीता

केरल ने ऑफ स्पिनर जलज सक्सेना की शानदार गेंदबाजी के बूते गुरूवार को यहां आंध्र को नौ विकेट से रौंदकर रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप बी के मुकाबले से पूरे छह अंक अपने खाते में डाले। 

पहली पारी में 254 रन बनाने वाले आंध्र ने आज दूसरी पारी में आठ विकेट पर 102 रन से खेलना शुरू किया और टीम ने 13 रन के अंदर दोनों बचे हुए विकेट गंवा दिये। जलज ने 45 रन देकर आठ विकेट झटके। पहली पारी में उन्होंने एक विकेट लिया था। 

इससे केरल को जीत के लिए महज 42 रन का लक्ष्य मिला जो उसने एक विकेट गंवाकर 13 ओवर में हासिल कर लिया। केरल ने पहली पारी में 328 रन बनाए थे। 
 
विज्ञापन

विदर्भ ने कर्नाटक को दिए झटके, मैच ड्रॉ

बाएं हाथ के स्पिनर आदित्य सरवटे की शानदार गेंदबाजी से विदर्भ ने गुरुवार को रणजी ट्राफी एलीट ग्रुप ए मैच के चौथे दिन कर्नाटक के खेमे में खलबली मचाई लेकिन आखिर में वह अप्रत्याशित जीत दर्ज करने में नाकाम रहा और मैच ड्रॉ समाप्त हुआ। 

कर्नाटक ने विदर्भ के 307 रन के जवाब में अपनी पहली पारी में 378 रन बनाए थे जिससे उसे मैच में तीन अंक मिले। कर्नाटक ने हालांकि आज जीत की कोशिश की लेकिन सरवटे ने उसे संकट में डाल दिया। कर्नाटक आखिर में तीन अंक मिलने से खुश होगा।

जगदीश सुचित (70 रन देकर पांच विकेट) की शानदार गेंदबाजी से कर्नाटक ने विदर्भ को दूसरी पारी में 228 रन पर आउट कर दिया। विदर्भ की तरफ से गणेश सतीश ने 79 और अपूर्व वानखेड़े ने 51 रन बनाए। 

कर्नाटक को 33 ओवर में 158 रन बनाने का लक्ष्य मिला, लेकिन सरवटे (24 रन देकर चार विकेट) और ललित यादव (12 रन देकर दो विकेट) के सामने उसकी बल्लेबाजी लड़खड़ा गयी। जब मैच ड्रा समाप्त हुआ तब कर्नाटक छह विकेट पर 76 रन बनाकर संघर्ष कर रहा था।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें