हरियाणा और उत्तराखंड के मुकाबले के पहले दिन 15 विकेट गिरे। उत्तराखंड की पहली पारी को 42 ओवर में 109 पर समेटने के बाद हरियाणा ने भी 50 रन पर पांच विकेट गंवा दिए थे। हरियाणा की शुरुआत बेहद खराब रही। दस रन से पहले ही उसके चार बल्लेबाज पवेलियन लौट गए थे जबकि पांचवां झटका 26 रन पर लगा। इसके बाद दिन का खेल खत्म होने तक रोहित शर्मा (21) और सुमित कुमार (14) ने टीम को कोई और नुकसान नहीं होने दिया। अग्रिम तिवारी ने उत्तराखंड के लिए चार जबकि प्रदीप चमोली ने एक विकेट लिया। सुबह टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरे उत्तराखंड ने पांच रन पर तीन विकेट गंवा दिए थे। उन्मुक्त चंद, हर्षित बिष्ट और सौरव रावत खाता भी नहीं खोल सके। विजय जेठी ने 20 और तन्मय श्रीवास्तव और हरमन सिंह ने 19-19 रन बनाए। हरियाणा की ओर से टीनू कुंडू ने तीन जबकि हर्षल पटेल, अजित चहल और सुमित ने दो-दो विकेट लिए।
जेएंडके के खिलाफ हरप्रीत का शतक
कप्तान हरप्रीत सिंह (116) की शतकीय पारी से छत्तीसगढ़ ने जम्मू एंड कश्मीर के खिलाफ चार विकेट पर 270 रन बनाए थे। अभिमन्यु चौहान ने 51 और जीवनजोत सिंह ने 42 रन का योगदान दिया। स्टंप के समय अमनदीप खरे 45 और सुमित रूइकर छह रन बनाकर क्रीज पर थे। हरप्रीत ने जीवनजोत के साथ तीसरे विकेट के लिए 86 और अमनदीप के साथ चौथे विकेट के लिए 110 रन की साझेदारी की। उन्होंने अपनी पारी में 196 गेंदों का सामना कर 16 चौके जड़े। जेएंड के लिए परवेज रसूल, अकिब नबी, अबिद मुश्ताक और अब्दुल समद ने एक-एक विकेट लिया।
मजूमदार ने बंगाल को संभाला
अनुस्तूप मजूमदार (94*) की नाबाद पारी से बंगाल ने दिल्ली के खिलाफ रणजी ट्रॉफी मुकाबले के पहले दिन पांच विकेट पर 285 रन बना लिए थे। दिल्ली से न्योता पाकर बल्लेबाजी करने उतरे बंगाल ने कप्तान मनोज तिवारी (7) समेत चार विकेट 100 रन पर गंवा दिए थे। इसके बाद मजूमदार ने श्रीवत्स गोस्वामी (59) के साथ पांचवें विकेट के लिए 117 और शाहबाज अहमद (39*) के साथ छठे विकेट के लिए अटूट 69 रन की साझेदारी की। मजूमदार अपनी पारी में 178 गेंदों का सामना कर 14 चौके जड़ चुके हैं। कौशिक घोष ने 46 रन बनाए। दिल्ली की ओर से विकास मिश्रा ने तीन विकेट चटकाए।
शानदार फॉर्म में चल रहे सरफराज खान (226*) की नाबाद दोहरी शतकीय पारी से मुंबई ने हिमाचल प्रदेश के खिलाफ पांच विकेट पर 372 रन बना लिए हैं। सरफराज ने अपने पिछले मैच में उत्तर प्रदेश के खिलाफ नाबाद 301 रन की पारी खेली थी। मुंबई ने जय बिस्टा (12) और भूपेन लालवानी (1) और हार्दिक तामोर (2) के विकेट मात्र 16 रन पर गंवा दिए थे। इसके बाद सरफराज ने सिद्धेश लाड (20) के साथ चौथे विकेट के लिए 55, आदित्य तारे (62) के साथ पांचवें विकेट के लिए 143 और शुभम रंजने (44*) के साथ छठे विकेट के लिए अटूट 158 रन की साझेदारी की। खराब रोशनी के कारण खेल 75 ओवर के बाद ही रोक दिया गया। सरफराज अपनी नाबाद पारी में 213 गेंदों का सामन कर 32 चौके और 4 छक्के लगा चुके हैं। हिमाचल की ओर से ऋषि धवन और वैभव वोहरा ने दो-दो विकेट लिए।
चंडीगढ़ 134 पर ढेर
मेजबान चंडीगढ़ की टीम पुडुचेेरी के खिलाफ 37.3 ओवर में 134 रन पर ढेर हो गई। जवाब में पहले दिन का खेल खत्म होने तक चंडीगढ़ ने 37 रन पर पुडुचेरी के चार विकेट झटकर वापसी की। श्रेष्ठ निर्मोही ने तीन और जगजीत सिंह ने एक विकेट लिया। सुबह पहले बल्लेबाजी करते हुए चंडीगढ़ के छह बल्लेबाज दोहरे अंक तक भी नहीं पहुंच सके। अर्सेलान खान ने 42, रमन बिश्नोई ने 41 और उदय कौल ने नाबाद 19 रन का योगदान दिया। पुडुचेरी की ओर से विनय कुमार ने छह और सागर ने तीन विकेट चटकाए।