तरूवर कोहली इस रणजी सत्र में तिहरा शतक जड़ने वाले पहले बल्लेबाज बन गए। कोहली की 307 रन की पारी नाबाद पारी और कप्तान केबी पवन के 102 रन से मिजोरम ने अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ अपनी पहली नौ विकेट पर 620 रन बनाकर घोषित कर दी। इससे मिजोरम को पहली पारी में 277 रन की बढ़त मिली। पहली पारी में 343 रन बनाने वाले अरुणाचल ने खेल खत्म होने तक दूसरी पारी में तीन विकेट पर 143 रन बनाए हैं। वह अभी मिजोरम से 134 रन पीछे है।
उत्तर प्रदेश और कर्नाटक का मैच ड्रॉ की ओर
उत्तर प्रदेश और कर्नाटक का मैच ड्रॉ की ओर बढ़ रहा है। उत्तर प्रदेश के पहली पारी के 281 रन के जवाब में कर्नाटक ने 321 रन बनाकर 40 रन की बढ़त ली। जवाब में उत्तर प्रदेश ने तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक एक विकेट पर 21 रन बनाए थेे। अल्मास शौकत छह और माधव कौशिक 19 रन बनाकर क्रीज पर थे। पहली पारी के शतकवीर आर्यन जुयाल खाता भी नहीं खोल सके। यूपी अभी 11 रन पीछे है जबकि उसके नौ विकेट शेष हैं। इससे पहले कर्नाटक ने चार विकेट पर 168 रन से आगे खेलते हुए 321 रन बनाए। श्रेयस गोपाल ने 58, अभिषेक रेड्डी 32 और अभिमन्यु मिथुन ने नाबाद 34 रन की पारी खेली। उत्तर प्रदेश की ओर से सौरभ कुमार ने छह विकेट चटकाए।